देश

अमित शाह के खिलाफ जयराम रमेश ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, वायनाड भूस्खलन वार्निंग को लेकर लगाया आरोप

वायनाड भूस्खलन में शुक्रवार को मरने वालों की संख्या बढ़कर 297 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि 206 लोग अभी भी लापता हैं। केरल की अब तक की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा के चौथे दिन भी बचाव अभियान जारी रहा।

Image

कांग्रेस नेता जयराम रमेश

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • वायनाड सीट से राहुल गांधी रह चुके हैं सांसद
  • पिछले दो दिनों से राहुल-प्रियंका वायनाड में हैं मौजूद
  • वायनाड में भूस्खलन से बच्चे समेत लगभग 300 की मौत

वायनाड भूस्खलन को लेकर सरकार और कांग्रेस आमने सामने है। गृह मंत्री अमित शाह के अर्ली वार्निंग वाले बयान को लेकर अब कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दे दिया है। जयराम रमेश ने दावा किया है कि अमित शाह ने सदन को इस मामले पर गुमराह किया है।कांग्रेस नेता ने कहा कि यह स्थापित हो चुका है कि किसी मंत्री या सदस्य द्वारा सदन को गुमराह करना विशेषाधिकार का उल्लंघन और सदन की अवमानना है।

जयराम रमेश ने क्या कहा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव का नोटिस दिया और आरोप लगाया कि वायनाड में भूस्खलन की घटना के संदर्भ में शाह ने यह बोलकर सदन को गुमराह किया कि केंद्र की ओर से केरल सरकार को पहले सतर्क कर दिया गया था।

अमित शाह ने क्या कहा था

गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राज्यसभा में कहा था कि केरल में भूस्खलन की विनाशकारी घटना से सात दिन पहले ही राज्य सरकार को पूर्व चेतावनी दे दी गयी थी और 23 जुलाई को एनडीआरएफ की नौ टीमों को भी वहां रवाना कर दिया गया था, राज्य सरकार यदि इन टीमों को देखकर भी ‘अलर्ट’ हो गयी होती तो काफी कुछ बच सकता था।

जयराम रमेश का दावा

राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रमेश ने सभापति को सौंपे नोटिस में कहा कि 31 जुलाई, 2024 को राज्यसभा में वायनाड भूस्खलन पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जवाब में गृह मंत्री ने कई दावे किए और मीडिया में इन दावों की पड़ताल दी गई। रमेश ने कहा- ‘‘यह स्पष्ट है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा जारी प्रारंभिक चेतावनियों पर अपने बयानों से राज्यसभा को गुमराह किया। उनकी बात असत्य साबित हुई है। इन परिस्थितियों में, हम कहना चाहते हैं कि इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू की जा सकती है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article