Congress on Bihar Elections: बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इस बार महिला वोटरों को खास तौर पर लुभाने की तैयारी कर रही है। पार्टी प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारने जा रही है, ताकि उनकी रैलियों और कार्यक्रमों से महिलाओं को आकर्षित किया जा सके। कांग्रेस का मानना है कि बिहार की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है और वे नतीजों को तय करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
महिला मतदाता क्यों हैं अहम?
•2020 चुनाव में 167 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया।
•पुरुषों का मतदान प्रतिशत 54% था, जबकि महिलाओं का 60%।
•2015 में 202 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा था।
•यह रुझान 2010 से लगातार मजबूत हो रहा है।
प्रियंका गांधी की भूमिका
राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के बाद अब कांग्रेस प्रियंका गांधी पर दांव लगाने जा रही है। पार्टी उनकी बड़ी-बड़ी रैलियां करने की योजना बना रही है। माना जा रहा है कि प्रियंका की सक्रिय मौजूदगी महिलाओं और युवाओं को कांग्रेस से जोड़ सकती है। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बताया, 'बिहार के लिए प्रियंका गांधी के कार्यक्रमों पर काम चल रहा है। इस बार वह अहम भूमिका निभा सकती हैं।'
कांग्रेस की रणनीति
अतीत में बिहार में कमजोर प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस कोई चूक नहीं करना चाहती। महिला मतदाताओं का बढ़ता प्रभाव देखते हुए पार्टी मानती है कि प्रियंका गांधी की लोकप्रियता से उसे चुनावी फायदा मिल सकता है।
