देश

केरल CM की रेस में ये तीन दिग्गज, राहुल-खरगे किस पर जताएंगे भरोसा; मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अंतिम दौर पर चर्चा

Kerala Govt Formation: केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी में चर्चा अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।

Image

मुख्यमंत्री चयन को लेकर खरगे-राहुल ने की मंत्रणा (फाइल फोटो)

Kerala Congress CM Candidates: बंगाल में नई सरकार का गठन हो चुका है और तमिलनाडु में विजय ने सरकार गठन के लिए जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया और अब देशभर की निगाहें केरल पर टिकी हुई हैं, जहां पर चुनावी नतीजे सामने आए 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर अब तक आम सहमति नहीं बन पाई है।

राहुल-खरगे ने की मंत्रणा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ चर्चा की। खरगे के आवास '10 राजाजी मार्ग' पर हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और वी डी सतीशन शामिल हुए।

इस बैठक में कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक तथा प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी भी मौजूद रहे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दीपा दासमुंशी ने बताया कि मल्लिकार्जुर खरगे और राहुल गांधी मुख्यमंत्री के चयन पर अंतिम निर्णय लेंगे।

CM की रेस की कौन-कौन है शामिल

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री की दौड़ में वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल का नाम चल रहा है। हालांकि, रेस में सबसे आगे वेणुगोपाल नजर आ रहे हैं और उन्हें खरगे-राहुल का विश्वासपात्र भी माना जाता है।

सनद रहे कि यूडीएफ ने नौ अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 140 सीट में से 102 सीट हासिल कीं। गठबंधन की प्रमुख पार्टी कांग्रेस ने 63 सीट पर जीत दर्ज की है।

CM पद पर कब होगा फैसला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन ने शनिवार को बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अगले 24 घंटे के भीतर राज्य के नए मुख्यमंत्री के बारे में अंतिम फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने कहा, ''दिल्ली से जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर चर्चा अगले 24 घंटे में पूरी हो जाएगी।'' उन्होंने कहा कि जनता में उत्साह जरूर है, लेकिन केवल 'फ्लेक्स बोर्ड' और रैलियों के आधार पर नेतृत्व तय नहीं होगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article