Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने एक बार फिर प. बंगाल की तुलना जम्मू-कश्मीर से की है। साथ ही कहा कि नई सरकार बनने के साथ ही हालात को ठीक करने की कोशिश की जा रही है। दिलीप घोष ने कहा, हम बार-बार कहते रहे हैं कि बंगाल की हालत जम्मू-कश्मीर से भी बदतर है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि सरकार और संस्कृति बदल गई है... हम कुछ भी नहीं भूले हैं। घुसपैठियों को बसने देना बंगाल की संस्कृति नहीं है। ममता बनर्जी ने हमारी संस्कृति को बिगाड़ दिया है, और हम इसे ठीक कर रहे हैं।
बंगाल का हर एक स्टेशन एक बाजार में बदल गया
उन्होंने कहा, न सिर्फ हावड़ा स्टेशन, बल्कि बंगाल का हर एक स्टेशन एक बाजार में बदल गया है। यह गंदगी से भरा हुआ है। महिलाओं, बच्चों या बड़ों के बैठने के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है। रेलवे अपनी संपत्ति वापस लेगी और उसका उपयोग जनता को सेवाएं प्रदान करने के लिए करेगी। इसे हासिल करने के लिए, चाहे वह रेलवे हो या बंगाल पुलिस, हर कोई अपना पूरा सहयोग देगा।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद प्रशासन लगातार सख्त कदम उठाता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में 16 मई की देर रात हावड़ा रेलवे स्टेशन (Howrah railway station) के बाहर बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था। इस कार्रवाई में रेलवे क्षेत्र के आसपास बने अवैध ढांचे और दुकानों को हटाया गया। गंगा घाट, बस स्टैंड और फुटपाथों पर कई वर्षों से कब्जा करके चल रहे ठेले, दुकानें और अस्थायी निर्माण बुलडोजर की मदद से तोड़े गए। प्रशासन का कहना है कि इन अवैध कब्जों की वजह से आम लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही थी।
मंत्री दिलीप घोष ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा, पूरे देश में बुलडोजर चलेंगे। जहां भी अवैध निर्माण होगा, वहां बुलडोजर तैनात किए जाएंगे। बंगाल में सत्ता में आई नई सरकार ने पहले दिन से ही यह प्रक्रिया शुरू कर दी है। मैं अवैध गतिविधियों में शामिल सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे कानून के दायरे में रहकर ही अपना काम करें, और सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी। हम सरकारी जमीन पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
