देश

दिल्ली-NCR में शीतलहर, कई इलाकों में घना कोहरा, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित

  • Written by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 27, 2022, 10:51 AM IST

Weather in Delhi : दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में शीतलहर जारी है। मंगलवार को भी घना कोहरा छाया हुआ है। तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। जिससे हवाई सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

Image

दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर जारी

Photo : ANI

Weather in Delhi : दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली के बड़े हिस्से में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार को भी शीतलहर जारी थी। घने कोहरे के कारण शहर के कुछ इलाकों में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई थी, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। ट्रेनें भी देर से चल रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड अभी बनी रहेगी।

शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और यह उस समय के सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री कम हो। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से कम रहने पर भीषण शीतलहर की घोषणा की जाती है। आईएमडी के मुताबिक, शून्य से 50 मीटर तक की विजिबिलिटी बहुत घने, 51 मीटर से 200 मीटर तक घने, 201 मीटर से 500 मीटर तक मध्यम और 501 मीटर से 1000 मीटर तक की विजिबिलिटी हल्के कोहरे की श्रेणी में आती है।

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में सोमवार को कड़ाके की ठंड और घना कोहरा दर्ज किया गया, जिसमें 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नारनौल सबसे ठंडा इलाका रहा। हरियाणा के हिसार में कड़ाके की ठंड दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, लुधियाना में तापमान छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ ही राजस्थान के कुछ हिस्सों में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article