देश

'छात्रों के कंधे पर बंदूक न चलाएं राहुल गांधी', फडणवीस का हमला; आंदोलन का समर्थन कर रहे सेलिब्रिटीज को भी दी नसीहत

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर राजनीति करने को लेकर विपक्ष और कुछ सेलिब्रिटीज पर जोरदार हमला बोला है। फडणवीस ने राहुल गांधी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह छात्रों का इस्तेमाल करने के बजाय संसद में चर्चा करें।

Image

सीएम देवेंद्र फडणवीस का तीखा हमला

Photo : Times Now Digital

छात्रों के आंदोलन और उस पर हो रही राजनीति को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान सामने आया है। फडणवीस ने इस पूरे मामले पर विपक्षी नेताओं और कुछ सेलिब्रिटीज को आड़े हाथों लेते हुए साफ शब्दों में अपनी बात रखी है। सीएम फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें वाकई हिम्मत है, तो वे इस मुद्दे पर संसद के पटल पर सीधी चर्चा करें।

छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना ठीक नहीं है। फडणवीस ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि UPA सरकार के दौरान कितनी बार पेपर लीक हुए थे, यह बात किसी से छिपी नहीं है। राहुल गांधी सिर्फ छात्रों के बहाने देश में हंगामा और माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

उद्धव और राज ठाकरे पर निशाना

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नेता सिर्फ अपना खोया हुआ राजनीतिक वजूद बचाने के लिए छात्रों के नाम का सहारा ले रहे हैं। इनके पास अब कोई काम नहीं बचा है। इन्हें पहले यह देखना चाहिए कि इन्होंने छात्रों के लिए क्या योगदान दिया है। NEET परीक्षा का जिक्र करते हुए फडणवीस ने भरोसा दिलाया कि पीएम मोदी के निर्देशानुसार यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। छात्रों का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है।

वीडियो विवाद और पुलिस की कार्रवाई

सुप्रिया सुले से जुड़े एक वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने बताया कि मुंबई पुलिस का एक वीडियो सामने आया था। जांच के बाद संबंधित अधिकारी को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। मुंबई पुलिस निष्पक्ष रूप से काम कर रही है और आगे ऐसी कोई घटना न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

सेलिब्रिटीज और रील्स कल्चर पर तंज

प्रोटेस्ट में शामिल हो रहे फिल्म जगत के लोगों पर तंज कसते हुए फडणवीस ने कहा कि समझदार और बड़े सेलिब्रिटीज सच्चाई जानते हैं। हालांकि, कुछ लोग सिर्फ अपनी सोशल मीडिया रील्स बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। ऐसे लोगों से कानूनी तरीके से निपटा जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article