देश

पंजाब: उत्पीड़न, सुसाइड...सीएम भगवंत मान ने लिया मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा, जानें- पूरा मामला

Laljit Bhullar Resignation: सीएम मान ने विवादित वीडियो के बाद मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया। साथ ही मुख्य सचिव को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Image

सीएम भगवंत मान ने लिया मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा

Punjab Gagandeep Singh Randhawa Suicide Case: पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया है। यह सारा मामला अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा द्वारा लगाए गए भुल्लर पर आरोप का है, जिसके बाद उन्होंने सुसाइड कर ली। आरोप लगाने वाले अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा ने भुल्लर पर आरोपों की वीडियो बनाने के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है।

सीएम मान ने विवादित वीडियो के बाद मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा ले लिया। साथ ही मुख्य सचिव को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने रंधावा के वीडियो को जारी कर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आरोपों से सियासत गरमाई

अमृतसर में वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के अधिकारी की आत्महत्या से सियासत गरमा गई है। मंत्री के इस्तीफे के बाद भी जांच की मांग तेज हो गई है। रंधावा के जहरीली गोली निगलकर आत्महत्या करने का मामला सामने आने के बाद पंजाब की सियासत में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। रंधावा अमृतसर के रंजीत एवेन्यू के रहने वाले थे और अमृतसर में अपनी ड्यूटी के साथ-साथ पट्टी का एडिशनल चार्ज भी संभाल रहे थे। इस मामले को लेकर अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मृतक अधिकारी ने मरने से पहले पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का नाम लिया था। औजला के मुताबिक, रंधावा पर 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के लिए दबाव डाला जा रहा था। औजला ने दावा किया कि रंधावा ने बताया था कि मंत्री के एक करीबी व्यक्ति पर टेंडर देने का दबाव बनाया गया था, लेकिन उसने नियमों के मुताबिक सही बोली लगाने वाले को टेंडर दिया। इसके बाद आरोप है कि उसे मंत्री के घर बुलाया गया जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका वीडियो बनाने की कोशिश की गई।

यह मामला सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया है। जानकारी के मुताबिक, इस विवाद के बीच मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने भी अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। इस बारे में औजला ने कहा कि सिर्फ इस्तीफा देने से मामला हल नहीं होगा, सच सामने लाने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतक का मोबाइल फोन तुरंत सुरक्षित किया जाना चाहिए क्योंकि उसमें अहम सबूत हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरी हो तो मामले की CBI से जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

सीएम मान ने क्या कहा?

अमृतसर में वेयरहाउसिंग मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के इस्तीफे के मामले को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा है कि ये पूरा मामला उनकी जानकारी में आया था और निष्पक्ष जांच करने के लिए उन्होंने अपने मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को इस्तीफा देने के लिए कहा है।

सीएम ने कहा कि मामले की सच्चाई क्या है ये तो जांच से पता चलेगा लेकिन किसी भी तरह से जांच प्रभावित ना हो इसके चलते उन्होंने अपने मंत्री से इस्तीफा ले लिया है। सीएम ने कहा कि किसी की भी जान जाना बेहद दुखद है और इस पूरे मामले के क्या कोई और कारण थे तो जांच से ही पता लगेगा लेकिन फिलहाल हमारी पार्टी इस तरह की राजनीति नहीं करती कि किसी पर इतने गंभीर आरोप लगे और वो सरकार में बना रहे और अगर किसी पर गंभीर आरोप लगे हैं तो उसकी जांच होगी और जांच होने तक मंत्री को इस्तीफा देने के लिए कहा गया है ताकि जांच किसी भी तरह से प्रभावित ना हो और मामले की निष्पक्ष जांच होकर सच्चाई सबके सामने आ सके।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article