CM Vijay Breakfast With Students: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने एक बार फिर अपने सादे और जमीनी अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया है। तिरुवनमियूर के गांधी ग्रामम स्थित सरकारी मिडिल स्कूल पहुंचे मुख्यमंत्री विजय ने न सिर्फ स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त नाश्ता योजना के विस्तार की शुरुआत की, बल्कि खुद बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनके साथ नाश्ता भी किया। मुख्यमंत्री का यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनके इस जुड़ाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
नाम बदलकर किया योजना का विस्तार
मुख्यमंत्री विजय ने तिरुवनमियूर के सरकारी स्कूल में 'पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम' (Perunthalaivar Kamarajar Free Breakfast Scheme) के विस्तारित चरण का शुभारंभ किया। तमिलनाडु के महान नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में इस योजना का नाम रखा 'पेरुंथलैवर कामराजर मुफ्त नाश्ता योजना' रखा गया है। इस योजना के विस्तार के साथ ही अब राज्य के हजारों और सरकारी स्कूलों के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक छात्रों को सुबह का पौष्टिक और गरमा-गरम नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ खाया नाश्ता
योजना के आधिकारिक उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री विजय सीधे स्कूल की उस कतार में पहुंच गए जहां बच्चे नाश्ते के लिए बैठे थे। किसी विशेष VIP प्रोटोकॉल या कुर्सी-मेज की परवाह किए बिना, विजय चटाई पर बच्चों के साथ जमीन पर ही बैठ गए। मुख्यमंत्री ने बच्चों की थाली में खाना परोसे जाने के दौरान उनसे बातचीत की, उनकी पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा।
बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी
अपने राज्य के मुख्यमंत्री को खुद अपने साथ बैठकर नाश्ता करते देख स्कूली बच्चे बेहद उत्साहित और खुश नजर आए। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशंसक और आम लोग विजय के इस सादगी भरे रवैये की सराहना कर रहे हैं। तमिलनाडु में सत्ता संभालने के बाद से ही विजय सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कामराज के शिक्षा मॉडल से प्रेरणा लेते हुए, विजय सरकार का मानना है कि कोई भी बच्चा भूख के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे। सरकारी स्कूलों में मुफ्त नाश्ता योजना के इस विस्तार से छात्रों की उपस्थिति में सुधार होने और उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।
