देश

जिस समीर वानखेड़े ने किया था शाहरूख खान के बेटे को अरेस्ट, उन्हीं के घर पर CBI ने मारा छापा; भ्रष्टाचार का केस किया दर्ज

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 12, 2023, 06:55 PM IST

एनसीबी के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े सहित तीन लोक सेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और 29 स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। एक सतर्कता रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी वानखेड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है।

Image

समीर वानखेड़े के खिलाफ CBI ने दर्ज किया मामला

Photo : BCCL

NCB वाले समीर वानखेड़े याद हैं, शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान को जिन्होंने ड्रग्स केस में अरेस्ट किया था, अब उसी केस में समीर वानखेड़े खुद फंसते दिख रहे हैं। एनसीबी के इस पूर्व अधिकारी के खिलाफ अब सीबीआई ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। समीर वानखेड़े के ठिकानों पर छापे मारे गए हैं।

समीर सहित तीन के खिलाफ मामला

समीर वानखेड़े सहित तीन लोक सेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और 29 स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। एक सतर्कता रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी वानखेड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। विजिलेंस जांच के दौरान यह पाया गया कि समीर वानखेड़े ने भ्रष्टाचार के जरिए संपत्ति अर्जित की।

क्या है आरोप

सीबीआई ने समीर वानखेड़े के खिलाफ कोर्डेलिया जहाज के मालिकों से 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। इसी जहाज से शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था। इसी ड्रग्स मामले में आर्यन खान को "नहीं फंसाने" के लिए 25 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में इनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आर्यन खान गिरफ्तारी मामला

अक्टूबर 2021 में वानखेड़े के नेतृत्व में एक टीम ने मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल पर कॉर्डेलिया क्रूज पर छापा मारा था। जहां से आर्यन खान और अन्य को गिरफ्तार किया था। प्रारंभ में, मामले में नशीली दवाओं के कब्जे, खपत और तस्करी के आरोप लगाए गए थे। इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था। बाद में आर्यन खान को बेल मिली और मई 2022 में "पर्याप्त साक्ष्य की कमी" के कारण NCB द्वारा क्लीन चिट दे दी गई थी।

समीर वानखेड़े का ट्रांसफर

एनसीबी टीम और वानखेड़े के खिलाफ मनमानी के आरोपों के बाद एक अलग सतर्कता जांच की गई थी। वानखेड़े को बाद में चेन्नई में डीजी करदाता सेवा निदेशालय में स्थानांतरित कर दिया गया था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article