CBI Director Extension Order: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के डायरेक्टर प्रवीण सूद को एक साल का सेवा विस्तार मिला। केंद्र सरकार ने इस संबंध में बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।
फिर मिला सेवा विस्तार
1986 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद ने 25 मई 2023 को दो साल के कार्यकाल के लिए सीबीआई डायरेक्टर (निदेशक) का पद संभाला था। इसके बाद पिछले साल मई में सरकार ने एक साल का सेवा विस्तार दिए और अब एक बार फिर से उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है, जो उनका दूसरा सेवा विस्तार है।
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर प्रवीण सूद का कार्यकाल 24 मई, 2026 के बाद एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। प्रवीण सूद ने 25 मई, 2023 को दो साल के कार्यकाल के लिए सीबीआई के निदेशक का पदभार संभाला था।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की मंगलवार को हुई बैठक के बाद प्रवीण सूद के कार्यकाल को बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस समिति में भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे।
कौन हैं प्रवीण सूद ?
सीबीआई प्रमुख बनने से पहले प्रवीण सूद कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने आईआईएम बेंगलुरू और मैक्सवेल स्कूल ऑफ सिटीजन एंड पब्लिक अफेयर्स से पब्लिक पॉलिसी और मैनेटमेंट में उच्च शिक्षा हासिल की है।
कई पुरस्कारों से हैं सम्मानित
प्रवीण सूद को अपने लंबे पुलिस करियर में कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें साल 2011 में राष्ट्रपति पुलिस पदक (Distinguished Service) और 2002 में पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से नवाजा गया था। इसके अलावा उन्हें 1996 में मुख्यमंत्री गोल्ड मेडल, 2011 में ट्रैफिक मैनेजमेंट में तकनीक के अभिनव उपयोग के लिए नेशनल ई-गवर्नेंस गोल्ड अवॉर्ड और 2006 में रोड सेफ्टी एवं ट्रैफिक मैनेजमेंट में योगदान के लिए प्रिंस माइकल इंटरनेशनल रोड सेफ्टी अवॉर्ड भी मिल चुका है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
