Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। ऑपरेशन अशदर के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष आतंकी कमांडर को मार गिराया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान यासिर के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान का नागरिक और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। सुरक्षा बलों ने इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान आतंकी को निष्क्रिय किया।
पुलिस के अनुसार, यासिर इलाके में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क का अहम हिस्सा था। ऑपरेशन के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया, ताकि किसी अन्य आतंकी या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने संदेश दिया—“You Can Run But You Can't Hide!” यानी आतंकी कितना भी छिपने की कोशिश करें, सुरक्षा एजेंसियां उन तक पहुंचेंगी।
बडगाम जिले के यूसमर्ग में पिछले दो दिनों से आतंकियों के खिलाफ जारी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। अशदर गली के दुर्गम पहाड़ी इलाके में चल रहे ऑपरेशन के दूसरे दिन सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक आतंकी को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से एके-47 राइफल और अन्य युद्ध सामग्री भी बरामद की गई है। सुरक्षाबलों को अब भी इलाके में चार से पांच आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। घने जंगल और पहाड़ी इलाके में उनकी तलाश के लिए बड़े पैमाने पर घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों की टीमें इलाके के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं।
सटीक खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
सेना की चिनार कोर के मुताबिक, अशदर गली इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सटीक खुफिया सूचना मिलने के बाद संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। यह इलाका यूसमर्ग के दूधपथरी से करीब आठ घंटे की कठिन पैदल चढ़ाई के बाद पहुंचा जा सकता है, जिसके चलते यहां ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स, 10 पैरा कमांडो, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीमें बुधवार से ही इलाके में आतंकियों की तलाश कर रही थीं। गुरुवार को जंगल में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
घने जंगल में छिप गए आतंकी
गोलीबारी शुरू होते ही सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक भीषण गोलीबारी हुई, जिसके बाद आतंकी घने जंगल की ओर भागकर छिप गए। शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों ने अभियान को फिर तेज किया और मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को मार गिराया।
