देश

गुजरात में भारत-पाक सीमा पर भीषण गर्मी से बीएसएफ अधिकारी और जवान की मौत

सूत्रों के अनुसार, बीएसएफ के दोनों कर्मी जीरो लाइन, जो दोनों देशों की सीमा के ठीक बीच का स्थान होता है, वहां पर गश्त कर रहे थे, तभी वे अचानक बेसुध होकर गिर गए।

Image

गुजरात बॉर्डर

Photo : PTI

BSF Officer And Jawan Die: गुजरात में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ‘हरामी नाला’ क्षेत्र में गश्त के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी और एक जवान की अत्यधिक गर्मी से मौत हो गई। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को हुई और बताया जा रहा है कि सहायक कमांडेंट और हेड कांस्टेबल को लू लगी थी और उनके शरीर में पानी की कमी हो गई थी।

बेसुध होकर गिर पड़े

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को हुई और बताया जा रहा है कि सहायक कमांडेंट विश्वदेव और हेड कांस्टेबल दयालराम को तापघात हुआ था और उनके शरीर में पानी की कमी हो गई थी। विश्वदेव बीएसएफ की 59वीं बटालियन से थे। सूत्रों के अनुसार, बीएसएफ के दोनों कर्मी जीरो लाइन (दोनों देशों की सीमा के ठीक बीच का स्थान) पर गश्त कर रहे थे, तभी वे अचानक बेसुध होकर गिर गए। दोनों को भुज के एक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

लंबी दूरी की गश्त पर थे

इस साल मई में जैसलमेर (राजस्थान) में सुरक्षा में तैनात बीएसएफ के एक जवान की भीषण गर्मी और तापघात की ऐसी ही एक घटना में जान चली गई थी। बीएसएफ के गांधीनगर स्थित गुजरात फ्रंटियर के एक प्रवक्ता ने कहा, दोनों कर्मी बल के अन्य सदस्यों के साथ हरामी नाला के उत्तर में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुदूर और दुर्गम इलाके में लंबी दूरी की गश्त पर थे। ये स्थान जोखिम भरा है। ये लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे थे और इन्हें उपचार की तत्काल जरूरत पड़ी। प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें तुरंत निकटतम चिकित्सा केन्द्र ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।

कच्छ के रण और हरामी नाला क्षेत्रों में इस वक्त तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच है और आर्द्रता का स्तर 80-82 प्रतिशत तक है। बीएसएफ ने एक बयान में कहा कि दोनों बीएसएफ कर्मियों ने बहादुरी और समर्पण के उच्चतम मानकों का उदाहरण प्रस्तुत किया। अत्यधिक खतरे के बावजूद भी देश की संप्रभुता की रक्षा करने की उनकी प्रतिबद्धता को कभी नहीं भुलाया जाएगा। प्रवक्ता ने कहा, इस अविश्वसनीय कठिन वक्त में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवारों, दोस्तों और सहकर्मियों के साथ हैं। बीएसएफ का गुजरात फ्रंटियर राजस्थान के बाड़मेर से लेकर सर क्रीक क्षेत्र सहित कच्छ के रण तक 826 किलोमीटर लंबी भारत-पाक सीमा की रक्षा करता है। (PTI Bhasha Input)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article