इंडिगो का झटका हमेशा याद रहेगा! अपने ही रिसेप्शन में नहीं पहुंचे दूल्हा-दुल्हन, फिर हुआ कुछ ऐसा कि वायरल हो गया मामला
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 5, 2025, 08:51 PM IST
मेघा क्षीरसागर और संगम दास बेंगलुरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी शादी 23 नवंबर को हुई थी। जिसके बाद दोनों की भव्य रिसेप्शन पार्टी तीन दिसंबर को दुल्हन के पैतृक शहर हुबली में आयोजित की गई थी। लेकिन, इंडिगो की उड़ान रद्द होने के कारण दोनों अपने ही रिसेप्शन समारोह में नहीं पहुंच सके।
अपने ही रिसेप्शन में नहीं पहुंचे दूल्हा-दुल्हन। फोटो- वीडियो ग्रैब
देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ानें रद्द और उनमें देरी होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच एक अनोखा मामला सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फ्लाइट कैंसिल होने के कारण बेंगलुरू के एक कपल को अपने ही वेडिंग रिसेप्शन में वर्चुअली शामिल होना पड़ा। इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने के कारण मेघा क्षीरसागर और संगम दास भुवनेश्वर में फंसे रह गए और वे हुबली में आयोजित समारोह में नहीं पहुंचे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। शुरू में तो सभी मेहमान इससे चौंकें, लेकिन फिर थोड़ी ही देर में सभी ने इसका खूब मजा लिया और जमकर दावत उड़ाई।
बिना दूल्हा-दुल्हन हुआ रिसेप्शन
मेघा क्षीरसागर और संगम दास बेंगलुरू में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी शादी 23 नवंबर को हुई थी। जिसके बाद दोनों की भव्य रिसेप्शन पार्टी तीन दिसंबर को दुल्हन के पैतृक शहर हुबली में आयोजित की गई थी। इसके लिए पूरी तरह से तैयारियां कर ली गई थीं। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह सजाया गया था, स्वादिष्ट व्यंजन तैयार थे और सभी मेहमान उत्साह में थे। लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ जो चर्चा का विषय बन गया। दरअसल, मेघा और संगम इंडिगो की उड़ान रद्द होने के कारण अपने ही रिसेप्शन समारोह में नहीं पहुंच सके।
केवल दूल्हा-दुल्हन ही नहीं कई रिश्तेदार भी नहीं पहुंचे
मेघा और संगम ने बेंगलुरू से हुबली जाने के लिए भुवनेश्वर-बेंगलुरु-हुबली मार्ग पर टिकट बुक की थी। हालांकि, इंडिगो की उड़ानें दो दिसंबर की सुबह से लगातार देरी का शिकार रही और अंततः तीन दिसंबर की सुबह तक रद्द कर दी गईं। इससे न केवल वे दोनों बल्कि कई रिश्तेदार भी शादी में नहीं पहुंच सके।
दुल्हा-दुल्हन की जगह पर बैठे माता-पिता
जब मेघा और संगम अपने रिसेप्शन में नहीं पहुंचे तो दुल्हन के पिता ने इसका एक हैरान करने वाला तोड़ निकाला। दुल्हन के पिता अनिल कुमार क्षीरसागर ने बताया कि इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से रिसेप्शन आयोजित करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, 'इसके बाद मैंने तुरंत एक स्क्रीन की व्यवस्था की और अपनी बेटी और दामाद को ऑनलाइन जुड़ने के लिए कहा।' जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन भुवनेश्वर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए रिसेप्शन में जुड़े। इस दौरान दुल्हन के माता-पिता नवविवाहित जोड़े के स्थान पर बैठे और रस्में निभाईं। जबकि दूल्हा और दुल्हन भुवनेश्वर में तैयार होकर ऑनलाइन अपने भव्य रिसेप्शन में शामिल हुए।उन्होंने मेहमानों का अभिवादन किया और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने के लिए माफी भी मांगी।
दुल्हन के पिता ने उठाए सवाल
दुल्हन के पिता अनिल कुमार क्षीरसागर ने कहा कि यह आम लोगों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। जब पीएम की उड़ान रद्द होती है, उन्हें हेलीकॉप्टर से पहुंचाया जाता है। आम लोगों के लिए ऐसा क्यों नहीं? उन्होंने सरकार से सुधारात्मक कदम उठाने की भी अपील की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।