National Herald Case Updates: सोनिया गांधी से आज की पूछताछ खत्म, सोमवार को फिर आएंगी ED के दफ्तर
Sonia Gandhi's Questioning by Enforcement Directorate Today News Updates: नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से गुरुवार की पूछताछ खत्म हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें पूछताछ के लिए दोबारा सोमवार को बुलाया है। मामले में गुरुवार को करीब दो घंटे तक कांग्रेस अध्यक्ष से पूछताछ हुई। जांच एजेंसी इस मामले में जांच एजेंसी राहुल गांधी से करीब 50 घंटे की पूछताछ कर चुकी है। कांग्रेस इस पूछताछ का विरोध कर रही है।
Sonia Gandhi's Questioning by Enforcement Directorate Today News Updates: राहुल गांधी से पूछताछ के समय भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेता कांग्रेस मुख्यालय, ईडी दफ्तर के बाहर भारी संख्या में जमा होकर 'सत्याग्रह' और प्रदर्शन किया था। सोनिया गांधी से पूछताछ के समय भी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता इन जगहों पर जमा हुए। कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय के बाहर इस पूछताछ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। ईडी दफ्तर के पास प्रदर्शन कर रहे सेवा दल एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
यह पहली बार है जब केंद्र की कोई एजेंसी कांग्रेस अध्यक्ष से पूछताछ कर रही है। ईडी की इस पूछताछ पर कांग्रेस ने विरोध की अपनी एक रणनीति बनाई है। रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस नेताओं की एक बैठक हुई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी सोनिया गांधी के साथ मजबूती के साथ खड़ी रहेगी। जवाहर लाल नेहरू ने साल 1938 में अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मिलकर नेशनल हेराल्ड पेपर की स्थापना की थी। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी का कहना है कि यंग इंडियन लिमिटेड ने गलत तरीके से नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों को अपने पास हस्तांतरित किया है।
जिसने दो बार पीएम पद लेने से इनकार किया, उस पर 90 करोड़ रुपए के घोटाले में का आरोप लगाया गया- भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सोनिया गांधी को ईडी दफ्तर तलब किया गया है। ये वही महिला है जिसकी शादी पीएम राजीव गांधी से हुई थी। सोनिया गांधी की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं है। और फिर भी, बीजेपी उसके पीछे है। बीजेपी बदला लेने के लिए अंधी हो चुकी है। एक ही व्यक्ति जिसने एक बार नहीं बल्कि दो बार प्रधानमंत्री पद से इनकार किया, उस पर 90 करोड़ रुपए के घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
सोनिया गांधी से आज की पूछताछ खत्म
नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से आज की पूछताछ खत्म हो गई है। ईडी के अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे पूछताछ की है। सोनिया गांधी ने अनुरोध किया कि वह कोविड से उबर रही हैं ऐसे में उनसे ज्यादा देर तक पूछताछ नहीं की जानी चाहिए। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष से दोबारा पूछताछ होगी।
जयपुर में ईडी कार्यालय के समक्ष कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में बृहस्पतिवार को जयपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ राज्य सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, महेश जोशी व परसादी लाल मीणा सहित बड़ी संख्या में विधायक, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को समन जारी किए जाने के विरोध में पार्टी ने प्रदर्शन की घोषणा की थी। नेशनल हेराल्ड से संबंधित धनशोधन मामले में सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं।
सोनिया गांधी से पूछताछ के खिलाफ बेंगलुरू में हिंसक प्रदर्शन
ED questioning Sonia Gandhi : सोनिया गांधी से पूछताछ शुरू
ईडी दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ शुरू हो गई हैं। ईडी के तीन अफसर उनसे पूछताछ कर रहे हैं। इस तीन सदस्यीय टीम का नेतृत्व असि. डायरेक्टर मोनिका शर्मा कर रही हैं।
अधीर के बयान पर रीजीजू की प्रतिक्रिया
ईडी के बारे में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के बयान पर केंद्रीय कानून मंत्री किरन रीजीजू ने प्रतिक्रिया दी है। रीजीजू ने कहा कि एजेंसियां संविधान के हिसाब से काम करती हीं। गांधी परिवार मानता है कि वे ही पूरा देश हैं। अधीर रंजन का बयान कांग्रेस की सोच को दर्शाता है। चौधरी ने प्रवर्तन निदेशालय के बारे में विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यह 'ईडी नहीं इडियट है'।
ईडी से प्रियंका गांधी ने मांगी मंजूरी
नेशनल हेराल्ड मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी। इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीमारी का हवाला देते हुए ईडी से पूछताछ के दौरान अपनी मां सोनिया गांधी के साथ मौजूद रहने की अनुमति मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका ने ईडी अधिकारियों को बताया कि चूंकि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह उनकी दवाओं का ध्यान रखती हैं। ऐसे में वहां उनकी मौजूदगी बेहद जरूरी है।
ईडी दफ्तर पहुंचीं सोनिया गांधी
नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी प्रवर्तन निदेशालय की दफ्तर पहुंच गई हैं। वह अपने आवास से कार में सवार होकर ईडी कार्यालय पुहंचीं। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी थे। बताया जा रहा है कि ईडी की पूछताछ के दौरान प्रियंका गांधी वहीं पर रहेंगी। जबकि राहुल गांधी ईडी दफ्तर से निकल गए हैं।
ED Questioning Sonia Gandhi : सत्य को पराजित नहीं किया जा सकता-रणदीप सुरजेवाला
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि यह सत्य की जंग है। सत्य को पराजित नहीं किया जा सकता है। मोदी सरकार ईडी के पीछे छिपकर कायराना वार कर रही है। वे कभी कामयाब नहीं होंगे। नेशनल हेराल्ड अखबार स्वतंत्रता संग्राम का चिह्न है। सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय में बुलाना भाजपा की कायराना मानसिकता दर्शाता है। मुकुल वासनिक ने कहा कि भाजपा प्रतिशोध की राजनीति कर रही है और विपक्ष की आवाज दबा रही है। मोदी सरकार संविधान के खिलाफ कदम उठा रही है।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस, सेवा दल के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। ईडी दफ्तर के आसपास धारा 144 लागू है। यहां प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं है। पुलिस नेताओं को पकड़कर बस में बिठाकर ले जा रही है। कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बस में बैठने के लिए तैयार नहीं हैं, पुलिस की उनके साथ झड़प भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता ने सोनिया गांधी के समर्थन में नारेबाजी की।
राहुल-प्रियंका के साथ घर से निकलीं सोनिया गांधी, ED आज करेगा पूछताछ
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की पूछताछ में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी अपने जनपथ स्थित आवास से निकल गई हैं। वह थोड़ी देर में ईडी दफ्तर पहुंचेंगी। वह कार से ईडी दफ्तर के लिए निकली हैं। गाड़ी की अगली सीट पर राहुल और पीछे की सीट पर सोनिया गांधी के साथ प्रियंका बैठी हैं।
ED Questioning Sonia Gandhi : संसद से सड़क तक कांगेस का विरोध
राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है सरकार-विपक्ष
नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ शुरू होने से ठीक पहले विपक्ष के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि विपक्षी दलों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने कहा है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकार राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है। इसके लिए जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्वामी की शिकायत पर शुरू हुई जांच
सोनिया, राहुल से पूछताछ की कार्रवाई पिछले साल के अंत में ईडी द्वारा धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद शुरू की गई। इससे पहले, एक निचली अदालत ने 2013 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा दायर एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर यंग इंडियन के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था।
ED Questioning Sonia Gandhi : कांग्रेस का BJP पर हमला
सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ से पहले कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीसी किया। पवन खेड़ा ने कहा कि विपक्ष को चुप कराने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस जिन मुद्दों को उठा रही है उससे सरकार डर गई है। विपक्ष के नेताओं को डराने के लिए जांच एजेंसियों को गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। कांग्रेस और उसके नेताओं को समझने के लिए भाजपा के नेताओं को कई जन्म लेना पड़ेगा।
कई बार समन जारी कर चुका था ED
ईडी ने सोनिया गांधी (75) को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया था, लेकिन वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि कोविड-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष को पहले भी आठ जून को पेशी के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण उन्हें 23 जून के लिए समन जारी किया गया था।
सोनिया गांधी के आवास पहुंचीं प्रियंका
Sonia Gandhi ED Questioning : सोनिया गांधी से 3 चरणों में होगी पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से तीन चरणों में पूछताछ करेगी। उनसे यह पूछताछ महिला अफसर मोनिका शर्मा करेंगी। ईडी की अतिरिक्त निदेशक हैं मोनिका शर्मा है। सूत्रों का यह भी कहना है कि दस्तावेज दिखाकर सोनिया से पूछताछ होगी।
दिल्ली यातायात पुलिस की एडवाइजरी
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इस वाइडजरी में लोगों को बताया गया है कि वह यात्रा के लिए किन मार्गों का इस्तेमाल न करें। यातायाता पुलिस ने गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लैरिज जंक्शन, क्यू प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन, मान सिंह रोड जंक्शन की तरफ जाने से बचने की सलाह दी है। लोगों से सुबह नौ बजे से दो बजे तक इन रास्तों पर न जाने की सलाह दी गई है। खास प्रबंध के चलते गोल डाकखाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड पर बसें नहीं चलेंगी।
शाह की पुलिस ने पार्टी मुख्यालय बंद किया-टैगोर
सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस नेता मणिकम टौगौर ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय को शाह की पुलिस ने बंद कर दिया है। वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ताकत एवं उनके हौसलों को जानते हैं।
दिल्ली में कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद
दिल्ली में कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद हैं। इन नेताओं की बैठक बुधवार शाम मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई। कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि गुरुवार को संसद के दोनों सदन स्थगित होंगे। इसके बाद कांग्रेस के सभी सांसद गुरुद्वारा रकाबगंज के पास जुटेंगे और यहां से कांग्रेस मुख्यालय की तरफ मार्च करेंगे।

