PM Modi UP's Kushinagar visit: कुशीनगर में CM योगी की तारीफ, PM बोले-माफिया आज माफी मांग रहे
PM Narendra Modi UP's Kushinagar visit Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कुशीनगर जिले को आज विकास योजनाओं की सौगात मिली। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट एवं विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास से जिले को एक नई पहचान मिलेगी। पीएम मोदी ने यहां एक राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया। कुशीनगर एयरपोर्ट से जापान, चीन, कंबोडिया, श्रीलंका, म्यांमार जैसे देशों के लिए सीधी उड़ानें होंगी। एयरपोर्ट के शुरू हो जाने से कुशीनगर सीधे बौद्ध धर्म के अनुयायी देशों से जुड़ गया
PM Narendra Modi UP's Kushinagar visit : कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 589 एकड़ में फैला है और इसके निर्माण में 260 करोड़ रुपए की लागत आई है। इसे आधुनिक साज-सज्जा का रूप दिया गया है। एयरपोर्ट पर चार बड़े हवाई जहाज एक साथ खड़े किए जा सकते हैं। इसका रनवे 3200 मीटर लंबा है। पीएम ने बुधवार को यहां 281.45 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय मेडिकल कॉलेज का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2022-23 के सत्र से यहां एमबीबीएस की 100 सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी 180.66 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम आदित्यनाथ, कई केंद्रीय मंत्री, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे सहित जिले के विधायक मौजूद थे।
किसानों से खरीद के नए रिकॉर्ड बना रही डबल इंजन की सरकार-पीएम
पीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार यहां किसानों से खरीद के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। UP के किसानों के ही बैंक अकाउंट में अभी तक लगभग 80,000 करोड़ रुपए उपज की खरीद के पहुंच चुके हैं। पीएम किसान सम्मान निधि से UP के किसानों के बैंक खाते में 37,000 करोड़ रुपए से अधिक राशि जमा की जा चुकी है। हमारी गौरवशाली सिख गुरु परंपरा का भी उत्तर प्रदेश से गहरा जुड़ाव रहा है। आगरा में ‘गुरु का ताल’ गुरुद्वारा आज भी गुरु तेगबहादुर जी की महिमा का, उनके शौर्य का गवाह है जहां पर उन्होंने औरंगजेब को चुनौती दी थी। उत्तर प्रदेश एक ऐसा प्रदेश है जहां पग-पग पर तीर्थ हैं, और कण-कण में ऊर्जा है। वेदों और पुराणों को कलमबद्ध करने का काम यहाँ के नैमिषारण्य में हुआ था। अवध क्षेत्र में ही, यहां अयोध्या जैसा तीर्थ है।
माफिया अब माफी मांगता फिर रहा है-पीएम
पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक और योजना शुरू की है जो भविष्य में उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में समृद्धि का नया द्वार खोलने वाली है। इस योजना का नाम है- पीएम स्वामित्व योजना। इसके तहत गांव के घरों की घरौनी यानि घरों का मालिकाना दस्तावेज़ देने का काम शुरु किया है। 2017 से पहले जो सरकार यहां पर थी, उसकी नीति थी- माफिया को खुली छूट, खुली लूट। आज योगी जी के नेतृत्व में यहां माफिया माफी मांगता फिर रहा है और सबसे ज्यादा दर्द भी माफियावादियों को हो रहा है।
'यूपी की धरती का इतिहास कालातीत है'
पूर्व की सरकारों पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश की पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि पहले कि सरकारें नहीं चाहती थीं कि यूपी में केंद्र की योजनाएं पहुंचे। सरकार की योजनाएं समाजवाद की नहीं बल्कि परिवार का बन गईं। देश का इतना बड़ा राज्य एक समय हर अभियान के लिए चुनौती मान लिया जाता था लेकिन आज ये अग्रणी बन गया है। कोरोना के खिलाफ अभियान, स्वच्छता के अभियान में यूपी ने खुद को साबित कर दिया है। टीबी से लड़ाई में भी यूपी बेहतर करने का प्रयास कर रहा है। आज यूपी की भूमिका बहुत अहम है।
PM बोले-पूर्वांचल को अभाव से निकालकर आकांक्षाओं की तरफ ले जाएंगे
कुशीनगर में भोजपुरी मे अपनी बात शुरू करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दीवाली और छठ पूजा बहुत दूर नहीं है। ये उत्सव और उत्साह का समय है। आज महर्षि वाल्मीकि की भी जयंती है। इस पावन अवसर पर कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और रोजगार की योजनाएं सौंपकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो जाने से गांव से शहर तक पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है। महराजगंज, कुशीनगर मार्ग को चौड़ीकरण के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। सिसवा बाजार और रामकोला की दिक्कतें दूर होंगी। बिहार के सीमावर्ती इलाकों का भी इससे लाभ मिलेगा। पूर्वांचल में दिमागी बुखार से अब हजारों मासूमों को बचाया जा सकेगा। इस क्षेत्र को अभाव से निकालकर आकांक्षाओं की तरफ ले जाएंगे।
'प्रदेश में 2014 के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव हुआ'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 2014 के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव हुआ। आज पीएम मोदी के हाथों 345 करोड़ की लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास और करीब 180 करोड़ की लागत वाली योजनाओं का लोकार्पण होने जा रहा है। मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखे जाने के साथ 30 मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। पहले की सरकारों ने यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को जर्जर अवस्था में छोड़ दिया था।
'बुद्ध का संदेश पूरे विश्व के लिए है'
पीएम ने कहा कि बुद्ध इसीलिए ही वैश्विक हैं क्योंकि बुद्ध अपने भीतर से शुरुआत करने के लिए कहते हैं। आज जब दुनिया पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, क्लाइमेट चेंज की चिंता जाहिर करती है, तो उसके साथ अनेक सवाल उठ खड़े होते हैं। लेकिन, अगर हम बुद्ध के सन्देश को अपना लेते हैं तो ‘किसको करना है’, इसकी जगह ‘क्या करना है’, इसका मार्ग अपने आप दिखने लगता है। बुद्ध आज भी भारत के संविधान की प्रेरणा हैं, बुद्ध का धम्म-चक्र भारत के तिरंगे पर विराजमान होकर हमें गति दे रहा है। आज भी भारत की संसद में कोई जाता है तो इस मंत्र पर नजर जरूर पड़ती है- ‘धर्म चक्र प्रवर्तनाय’।
आज मुझे भी संघ भिक्षुओं को ‘चीवर दान’ का सौभाग्य मिला -पीएम
'भारत और श्रीलंका के संबंधों को आज ऊर्जा देने का दिन है'
पीएम ने कहा कि एयरपोर्ट के बन जान से दुनिया भर के बौद्ध देशों से लाखों पर्यटक आसानी से यहां पहुंच सकेंगे। श्रीलंका से आज एक शिष्टमंडल आया है। भारत-श्रीलंका का संबंध सांस्कृतिक एवं आधात्यमिक है। आज के ही दिन भगवान बुद्ध को उनके पुत्र ने बताया कि श्रीलंका ने उनके संदेश को स्वीकार कर लिया है। भारत और श्रीलंका के संबंधों को आज ऊर्जा देने का दिन है।
उद्घाटन समारोह में शामिल हुए 12 देशों के राजनयिक
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन में 12 देशों के राजनयिक शामिल हुए। समारोह में मंगोलिया, म्यांमार, विएतनाम, कंबोडिया, थाइलैंड लाओ पीडीआर, श्रीलंका, भूटान, कोरिया, नेपा, जापान और सिंगापुर से राजनयिक शरीक हुए।
महापरिनिर्वाण मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन किए
'200 से अधिक हेलीपैड सर्विस शुरू करने की तैयारी'
एयरपोर्ट बनने से किसान, पशुपालक को होगा फायदा-पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के श्रद्धालुओं के श्रद्धा के निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है। भगवान बुद्ध के सारे स्थल लुम्बिनी, बोधगया, सारनाथ सब इसी क्षेत्र के आसपास हैं। यही कारण है कि ये श्रद्धा का केंद्र बनने जा रहा है। एयरपोर्ट बनने से किसान, पशुपालक, दुकानदार, श्रमिक सभी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। व्यापार के साथ टूरिज़्म को भी बढ़ावा मिलने जा रहा है, साथ ही युवाओं को रोजगार भी मिलने जा रहा है।
कुशीनगर का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में है-पीएम
पीएम ने कहा कि एयरपोर्ट के शुरू हो जाने पर इस क्षेत्र का तेजी से विकास होगा। एयरपोर्ट युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा। इससे किसान, उद्ममी सभी लाभान्वित होंगे। भगवान बुद्ध से जुड़े स्थानों को विकसित करने के लिए, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के निर्माण पर भारत द्वारा आज विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुशीनगर का विकास, यूपी सरकार और केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में है।
दशकों की आशाओं-आकांक्षाओं का परिणाम है यह एयरपोर्ट-पीएम
भगवान बुद्ध का यह क्षेत्र अब सीधे दुनिया से जुड़ गया है। श्रीलंका से आए महानुभावों का आज कुशीनगर गर्व के साथ स्वागत करता है। आज महर्षि वाल्मीकि की भी जयंती है। आज देश सबको साथ लेकर सबका विकास कर रहा है। दशकों की आशाओं एवं आकांक्षाओं का परिणाम है यह एयरपोर्ट। कुशीनगर के लोगों को, यूपी के लोगों को, पूर्वांचल के लोगों को, भगवान बुद्ध के अनुयायियों को इस एयरपोर्ट के लिए बहुत-बहुत बधाई।
यूपी का यह तीसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा-सीएम
सीएम ने कहा कि बौद्ध सर्किट अब हवाई मार्ग से भी जुड़ गया है। पहले सिर्फ दो एयरपोर्ट फंक्शनल था लेकिन आज इस कुशीनगर एयरपोर्ट के लोकार्पण होते समय नवां एयरपोर्ट होगा। आज हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई यात्रा का सपना साकार हो रहा है। कुशीनगर उत्तर प्रदेश का तीसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है, उत्तर प्रदेश एयर कनेक्टिविटी के लिए एक बेहतर स्थिति में आ गया है। साथ ही रोजगार सृजन के भी अवसर पैदा कर रहा है,ये एयरपोर्ट बिहार तक के लिए एक उपहार साबित होगा। मैं उत्तर प्रदेश नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री जी का अभिनन्दन करता हूं।
दुनिया ने युद्ध दिया लेकिन भारत ने बुद्ध दिया है- सीएम योगी
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता से जुड़ेगा कुशीनगर
सिंधिया ने कहा कि कुशीनगर से दिल्ली की हफ्ते में 4 फ्लाइट की सेवा 26 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इसके बाद आर्थिक राजधानी मुंबई से भी सीधी उड़ान की व्यवस्था करवाई जाएगी।
कुशीनगर पहुंचे पीएम मोदी, यूपी के तीसरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे
कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुशीनगर पहुंच गए हैं। इस मौके पर केंद्रीय उड्डन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंघिया ने भगवान बुद्ध की महिमा का जिक्र किया। सिंधिया ने कहा कि यह हवाईअड्डा भगवान बुद्ध से जुड़े आठ महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ने जा रहा है।
कोलंबो से कुशीनगर एयरपोर्ट पहुंचा शिष्टमंडल
कुशीनगर एयरपोर्ट पर श्रीलंका से 155 सदस्यीय बौद्ध भिक्षुओं और श्रीलंका के मंत्रियों को लेकर विमान पहुंच गया है। मेहमानों का स्वागत सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजूजू, अर्जुन राम मेघवाल सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने किया।
मंगलवार को सीएम योगी ने कुशीनगर का दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर मंगलवार को कुशीनगर का दौरा कर सम्पूर्ण तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में योगी ने कहा, ''यह उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश को कल तीसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सौंपा जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमोत्तर बिहार के विकास में इस नये हवाई अड्डे का बहुत बड़ा योगदान होगा। इससे न केवल पर्यटन की असीम संभावनाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम सब जानते हैं कि भगवान बुद्ध से जुड़े सर्वाधिक पावन स्थल उत्तर प्रदेश में हैं और उनसे जुड़ी जितनी संभावनाएं थी, उसका बेहतर उपयोग नहीं हो पाया, लेकिन हम प्रधानमंत्री के आभारी हैं कि उन्होंने बौद्ध सर्किट में पर्यटन की सभी संभावनाओं को आगे बढ़ाने और बौद्ध धर्म से जुड़े देशों को जोड़ने का कार्य किया है।''
पीएम ने कहा-कल अहम दिन
कुशीनगर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बारे में पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि 20 अक्टूबर को वह पवित्र स्थली कुशीनगर में होंगे। इस दौरान वह विकास की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि 20 अक्टूबर का दिन नागरिक उड्डन सेक्टर एवं हमारी बुनियादी संरचना के लिए एक अहम दिन होने जा रहा है। इस एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश एवं बिहार के लोग लाभान्वित होंगे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने किया ट्वीट
कुशीनगर में पीएम मोदी का कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक कुशीनगर में पीएम मोदी का कार्यक्रम कुछ इस तरह है। पीएम मोदी का सुबह 9.55 बजे कुशीनगर एयरपोर्ट पर आगमन होगा। 10.00 बजे से 10.40 तक वह कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वह 11.20 बजे कुशीनगर स्थित महानिर्वाण मंदिर जाएंगे। यह 12.35 बजे तक पीएम कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री 1.10 बजे बरवा जांगर पहुंचेंगे जहां वह विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। 2.45 बजे पीएम कुशीनगर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
कोलंबो से कुशीनगर के लिए रवाना हुआ शिष्टमंडल
एयरपोर्ट पर पहला विमान श्रीलंका का उतरेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बौद्ध धर्म के अनुयायियों के एक प्रमुख 'तीर्थस्थल' कुशीनगर में 260 करोड़ रुपये की लागत से 589 एकड़ में बने अंतरराष्ट्रीय विमानतल का बुधवार सुबह उद्घाटन करेंगे। इस हवाई अड्डे पर उतरने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय विमान श्रीलंका सरकार का होगा, जिसमें उच्च-स्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल होगा। कुशीनगर भगवान गौतम बुद्ध की निर्वाण स्थली है और प्रतिवर्ष यहां पर चीन, श्रीलंका, कम्बोडिया, थाईलैंड, जापान, मलेशिया, म्यांमार, कोरिया, लाओस, सिंगापुर, वियतनाम, ताइवान, नेपाल और भूटान के नागरिक आते हैं और पूजा अर्चना करते हैं। बिहार की सीमा पर बसे कुशीनगर की दूरी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से करीब 325 किलोमीटर की है।
बुद्ध प्रसाद से किया जाएगा मेहमानों का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी 20 अक्टूबर को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति समेत तमाम मेहमानों का स्वागत पूर्वांचल के मशहूर 'काला नमक' चावल से बने 'बुद्ध प्रसाद' से किया जाएगा। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कुशीनगर हवाई अड्डे के उद्घाटन कार्यक्रम में 25 प्रतिनिधियों तथा 100 बौद्ध भिक्षुओं समेत तमाम विशिष्ट अतिथियों को पार्टिसिपेटरी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन (पीडीआरएफ) की तरफ से काला नमक चावल से बना बुद्ध प्रसाद वितरित किया जाएगा। पीडीआरएफ के अध्यक्ष राम चेत चौधरी ने कहा ‘सिद्धार्थनगर जिला भगवान बुद्ध की जन्मस्थली से जुड़ा है और इस जिले का काला नमक चावल अपने जायके, खुशबू और पोषक तत्वों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। राज्य सरकार ने काला नमक चावल को सिद्धार्थनगर में 'एक जिला, एक उत्पाद' योजना से जोड़ा है जिससे इसे वैश्विक पहचान मिली है।’

