Mann Ki Baat : 'मन की बात' में बोले पीएम मोदी- कोरोना की नई लहर से सफलता से लड़ रहे, कई अहम बातों का किया जिक्र
PM Modi Mann Ki Baat Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिये देशवासियों को संबोधित किया, जिस दौरान उन्होंने कोविड संक्रमण से लेकर आत्मनिर्भर भारत अभियान और युवाओं में फिटनेस से लेकर शिक्षा जैसे अहम मसले पर भी बात की।
PM Modi Mann Ki Baat Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जिस रेडियो कार्यक्रम के जरिये देशवासियों को संबोधित किया, वह इसका 85वां संस्करण रहा। पीएम मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को देशवासियों को इस रेडियो कार्यक्रम के जरिये संबोधित करते रहे हैं। इस बार 11 बजे की बजाय यह कार्यक्रम 11:30 बजे से शुरू हुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पीएम मोदी ने 'मन की बात' को संबोधित किया।
इस रेडियो कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कई मसलों पर बात की। उन्होंने उन लोगों का भी जिक्र किया, जो बिना किसी प्रचार के चुपचाप अपने काम पर लगे हैं तो उन्होंने शहीदों को भी नमन किया और देशवासियों से अपने बच्चों को दिल्ली स्थित नेशनल वार मेमोरियल पर ले जाने की अपील करते हुए उन्हें शहीदों के बारे में बताने को कहा। पीएम मोदी ने इस दौरान देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, शिक्षा, युवाओं में शारीरिक फिटनेस सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की।
कोविड से सफलतापूर्वक लड़ रहे : पीएम मोदी
अपने संबोधन का समापन पीएम मोदी ने कोरोना वायरस संक्रमण पर अपनी बात रखते हुए किया और कहा कि कोविड की इस लहर से भी देश सफलतापूर्वक निपट रहा है। उन्होंने संक्रमण की संख्या में आई कमी का हवाला दिया तो साथ ही वैक्सीनेशन की सफलता का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने इस दौरान भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर भी बल दिया।
युवाओं को शारीरिक फिटनेस के लिए किया प्रेरित
युवाओं को शारीरिक फिटनेस के लिए किया प्रेरित करते हुए पीएम मोदी ने मणिपुर में 24 साल के युवा थौनाओजम निरंजॉय सिंह का जिक्र किया और कहा कि उन्होंने एक मिनट में 109 पुश-अप्स के रिकॉर्ड बनाए हैं।
प्रकृति से प्रेम का जिक्र
पीएम मोदी ने इस दौरान प्रकृति से प्रेम और हर जीव के लिए करुणा की भारतीय संस्कृति का भी जिक्र किया और कहा कि यह हमारा सहज स्वभाव भी है। हमारे इन्ही संस्कारों की झलक अभी हाल ही में तब दिखी, जब मध्यप्रदेश के पेंच टाइगर रिजर्व में एक बाघिन ने दुनिया को अलविदा कर दिया।
शिक्षा पर जोर
पीएम मोदी ने कहा, हमारे देश में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े बहुत सारे लोग हैं, जो दूसरों की मदद कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह कर रहे हैं। मुझे बेहद खुशी है कि इस तरह के प्रयास उच्च शिक्षा के क्षेत्र में खासकर हमारी अलग-अलग IITs में निरंतर देखने को मिल रहे हैं।
1 करोड़ से अधिक बच्चों ने भेजे पोस्ट कार्ड
पीएम मोदी ने कहा, अमृत महोत्सव पर आप सब साथी मुझे ढेरों पत्र और मैसेज भेजते हैं, कई सुझाव भी देते हैं। इसी श्रृंखला में कुछ ऐसा हुआ है जो मेरे लिए अविस्मरणीय है। मुझे एक करोड़ से ज्यादा बच्चों ने अपने मन की बात पोस्ट कार्ड के जरिए लिखकर भेजी है। भारत की आजादी के अमृत महोत्सव का उत्साह केवल हमारे देश में ही नहीं है। मुझे भारत के मित्र देश क्रोएशिया से भी 75 पोस्टकार्ड मिले हैं।
श्रीलंकाई नागरिक पर भी बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, पद्म सम्मान पाने वाले एक और व्यक्ति हैं, श्रीमान अमाई महालिंगा नाइक। ये एक किसान है और कर्नाटक के रहने वाले हैं। उन्हें कुछ लोग Tunnel Man भी कहते हैं। इन्होंने खेती में ऐसे-ऐसे innovation किए हैं, जिन्हें देखकर कोई भी हैरान रह जाए।
मणिपुर की 77 साल की लौरेम्बम बीनो देवी का जिक्र
पीएम मोदी ने इस दौरान मणिपुर की 77 साल की लौरेम्बम बीनो देवी का भी जिक्र किया और कहा कि वह दशकों से मणिपुर की Liba textile art का संरक्षण कर रही हैं। उन्हें भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।
उत्तराखंड की बसंती देवी का जिक्र
पीएम मोदी ने इस दौरान उन लोगों का भी जिक्र किया, जो किसी तरह के प्रचार के बगैर चुपचाप अपना काम करते रहे। उन्होंने इसक क्रम में उत्तराखंड की बसंती देवी का जिक्र किया, जिन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा, बसंती देवी ने अपना पूरा जीवन संघर्षों के बीच जिया। कम उम्र में ही उनके पति का निधन हो गया था और वो आश्रम में रहने लगीं। यहां रहकर उन्होंने नदी को बचाने के लिए संघर्ष किया और पर्यावरण के लिए असाधारण योगदान दिया। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी काफी काम किया है।
शहीदों को नमन
पीएम मोदी ने कहा, आजादी के अमृत महोत्सवक में देश इन प्रतीकों को पुन: प्रतिष्ठित कर रहा है। हमने देखा कि इंडिया गेट के समीप 'अमर जवान ज्योति' और पास में ही नेशनल वार मेमोरियल पर प्रज्जवलित ज्योति को एक किया। इस भावुक अवसर पर कितने ही देशवासियों और शहीद परिवारों की आंखों में आंसू थे।
अब 23 जनवरी से 30 जनवरी तक चलेगा गणतंत्र दिवस समारोह : पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, कुछ दिन पहले ही हमने गणतंत्र दिवस भी मनाया। दिल्ली में राजपथ पर हमने देश के शौर्य और सामर्थ्य की जो झांकी देखी, उसने सबको गर्व और उत्साह से भर दिया है। एक और परिवर्तन जो आपने देखा, अब गणतंत्र दिवस समारोह 23 जनवरी, यानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से शुरू होगा और 30 जनवरी तक यानी गांधी जी की पुण्यतिथि तक चलेगा।
साल का पहला रेडियो कार्यक्रम
यह साल 2022 में पीएम मोदी का पहला रेडियो कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम ऐसे दिन होने जा रहा है, जब देशभर में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाई जा रही है। संसद का बजट सत्र भी सोमवार (31 जनवरी, 2022) से शुरू हो रहा है, जिसके हंगामेदार रहने के आसार हैं। वहीं कोविड की समस्या भी बनी हुई है।
महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 74वीं पुण्यतिथि पर रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनके आदर्श विचारों को और अधिक लोकप्रिय बनाने का हमारा सामूहिक प्रयास है। महात्मा गांधी की 1948 में आज ही के दिन नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के तौर पर मनाया जाता है।
यहां सुनें मन की बात
पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को आकाशवाणी और दूरदर्शन के अलावा विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकेगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को हमारे टीवी चैनल 'टाइम्स नाउ नवभारत', डिजिटल प्लेटफॉर्म timesnowhindi.com और हमारे यूट्यूब चैनल पर भी लाइव सुन सकते हैं।

