LIVE

India coronavirus: महाराष्ट्र में नहीं थम रहा कोरोना का हाहाकार, लगीं लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

Covid 19 India cases: देश में गहराते कोरोना संकट से चिंता बढ़ती जा रही है। मरीजों की रोजाना बढ़ती संख्‍या नए रिकॉर्ड बना रही है। अस्‍पालों में मरीज बेड और ऑक्‍सीजन की कमी से जूझ रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Apr 23, 2021, 00:32 IST
Follow on Google News
India coronavirus: महाराष्ट्र में नहीं थम रहा कोरोना का हाहाकार, लगीं लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
Photo Credit: Representative Image

नई दिल्‍ली : कोरोना संकट देशभर में गहराता जा रहा है। संक्रमण के रोजाना मामले करीब 3 लाख हो गए हैं, जो चिंता बढ़ाने वाला है। इस बीच कई राज्‍यों में ऑक्‍सीजन की कमी से मरीजों के दम तोड़ने की रिपोर्ट भी सामने आ रही है तो अस्‍पतालों में मरीजों और उनके परिजनों को बेड की कमी से भी जूझना पड़ रहा है। पॉजिटिविटी रेट में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है तो रिकवरी रेट लगातार कम हो रहा है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट्स : 

APR 22, 2021 21:50 IST

महाराष्ट्र में संक्रमण के 67,013 नए मामले सामने आए 568 लोगों की मौत भी

आज तक राज्य में कुल 40,94,840 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है जबकि संक्रमण से कुल 62,479 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 18 अप्रैल को संक्रमण के 68,631 नए मामले आए थे जो एक दिन में सबसे ज्यादा संख्या है। 568 लोगों की मौत में से 309 लोगों की मौत पिछले 48 घंटों में हुई है जबकि 158 लोगों की मौत पिछले सप्ताह हुई है, बाकी बचे लोगों की मौत दो सप्ताह पहले की है। राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 6,99,858 हो गयी है। मुंबई में 7,367 नए मामले आए हैं और संक्रमण से और 75 लोगों की मौत हुई है। शहर में अभी तक कुल 6,09,080 लोगों के संक्रमित होने और संक्रमण से 12,583 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है।

APR 22, 2021 19:42 IST

गुजरात मे कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहली बार 13000 के पार केस

पिछले 24 घंटों में COVID 19 के 13,105 मामले सामने आए। 5,010 लोग डिस्चार्ज हुए और 137 लोगों की मौत हुई। 

कुल मामले: 4,53,836

कुल डिस्चार्ज: 3,55,875

सक्रिय मामले: 92,084

कुल मृत्यु: 5,877

कुल टीकाकरण: 1,08,59,073

APR 22, 2021 19:16 IST

दिल्ली: आकाश हेल्थकेयर द्वारका में ऑक्सीजन की कमी, 75% मरीज की जान खतरे में

दिल्ली: आकाश हेल्थकेयर द्वारका में ऑक्सीजन की कमी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉ कोशर शाह ग्रुप सीओओ आकाश हेल्थकेयर ने बताया कि हमारे पास 233 कोरोना मरीज हैं जिनमें से 75% मरीज केवल ऑक्सीजन के कारण सांस ले पा रहे हैं, हमारे पास सिर्फ 1 से 1.5 घंटों की ऑक्सीजन बची है"
 

APR 22, 2021 18:43 IST

नोएडा की एक सोसाइटी में स्थानीय लोगों ने बनाई कोविड वॉरियर्स टीम

नोएडा सेक्टर-76 में स्थानीय लोगों ने 15-20 लोगों की कोविड वॉरियर्स टीम बनाई है। संतोष भूषण ने बताया कि हमने अपनी सोसाइटी में एक इमरजेंसी कोरोना केयर सेंटर बनाया है। अगर किसी को अस्पताल में बेड नहीं मिले तो उनके लिए नर्सिंग स्टाफ, ऑक्सीजन सिलेंडर, कार्डियक मॉनिटर की व्यवस्था की है
APR 22, 2021 15:24 IST

लोगों की जान बचाना हो जाएगा मुश्किल : सिसोदिया

ऑक्‍सीजन को लेकर जारी मारामारी के बीच दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि कुछ राज्य राष्ट्रीय राजधानी के हिस्से की चिकित्सीय ऑक्सीजन पर नियंत्रण हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि दिल्ली के कुछ अस्पतालों में ऑक्सीजन पूरी तरह खत्म हो गई है, उनके पास कोई विकल्प नहीं है। हम अभी अंदरूनी व्यवस्था कर रहे हैं लेकिन कुछ समय बाद लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाएगा। उन्‍होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की पुलिस दिल्ली की ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित कर रही है। साथ ही केंद्र से अनुरोध किया कि जरूरत पड़ने पर अर्धसैनिक बलों की मदद लेकर भी आपूर्ति सुनिश्चित करे।
 

APR 22, 2021 14:49 IST

हरियाणा में कल से शाम 6 बजे बंद हो जाएंगी दुकानें

कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए हरियाणा में शुक्रवार से सभी दुकानें शाम 6 बजे के बाद बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी तरह की गैर आवश्‍यक सभाओं पर रोक लगा दी गई है। किसी भी तरह के सीमित आयोजन के लिए भी संबंधित SDM से मंजूरी लेनी होगी।

APR 22, 2021 13:56 IST

'देश में राष्ट्रीय आपदा जैसी स्थिति'

देश के अलग-अलग हाई कोर्टों में कोविड-19 की तैयारियों पर जारी सुनवाइयों को संज्ञान में लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने कोरोना राहत कार्य से जुड़ी सामग्रियों, दवाओं एवं ऑक्सीजन की आपूर्ति पर जवाब मांगा है। शीर्ष अदालत ने कहा कि देश 'आपातकाल जैसी स्थिति' का सामना कर रहा है।   कोर्ट ने सरकार से कोरोना से निपटने की 'प्लान' मांगा है।
 

APR 22, 2021 12:36 IST

कर्नाटक के सीएम को अस्‍पताल से मिली छुट्टी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को अस्‍पताल से छुट्टी मिल गई है। वह पिछले दिनों दोबारा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे, जिसके बाद उन्‍हें बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उन्‍हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्‍होंने शाम 4 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है।

APR 22, 2021 12:22 IST

दिल्‍ली में ऑक्‍सीजन, ICU बेड को लेकर गहराया संकट

दिल्‍ली में गहराते कोरोना संकट के बीच आईसीयू बेड और ऑक्‍सीजन की किल्‍लत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को कहा, 'ICU बेड की दिक्कत है, हमने केंद्र सरकार से 700-800 ICU बेड देने का अनुरोध किया है। दिल्ली में पिछले 3 दिन से ऑक्सीजन की गंभीर समस्या चल रही है। कल 378 मीट्रिक टन ऑक्सीजन भी नहीं आ पाया था, इसलिए कल बहुत गंभीर समस्या आई थी।' वहीं, दिल्ली में सरोज अस्पताल के मुख्य कार्यकारी निदेशक डॉ. पीके भारद्वाज के अनुसार, 'देश और दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन की बहुत कमी है, हमें ऑक्सीजन नहीं मिल रहा है। हमारे पास कोरोना के जो मरीज आ रहे हैं उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। अब हमारे पास सिर्फ एक घंटे का ऑक्सीजन बचा है।'

APR 22, 2021 12:07 IST

'लॉकडाउन की दिशा में बढ़ रहा महाराष्‍ट्र'

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच राज्‍य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, 'हम धीरे-धीरे कड़े लॉकडाउन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आज प्रतिबंध बहुत बढ़ाए गए हैं, दो-चार दिन में प्रतिबंधों को और बढ़ाया जाएगा।'

APR 22, 2021 10:59 IST

हरियाणा से वैक्‍सीन की 1710 डोज चोरी

हरियाणा के जींद में सिव‍िल अस्‍पताल के पीपीसी मेडिकल सेंटर से कोविशील्‍ड और कोवैक्‍सीन टीकों की 1710 डोज चुराने का मामला सामने आया है। यहां से कोविशील्‍ड की 1270 और कोवैक्‍सीन की 440 डोज चुराई गई है। सेंटर की ओर से इस संबंध पुलिस केस भी कराया गया है। पुलिस के मुताबिक एक वीडियो फुटेज बरामद किया गया है, जिसमें दो लोगों को कोविशील्‍ड की चोरी करते देखा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

APR 22, 2021 10:08 IST

24 घंटों में 3 लाख से अधिक कोविड केस

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों ने एक बार फिर पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां 3 लाख से अधिक संक्रमण केस दर्ज किए गए हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यह न केवल भारत, बल्कि दुनिया के किसी भी देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण की सबसे बड़ी संख्‍या है। इससे पहले अमेरिका में एक दिन में 3 लाख से अधिक कोविड केस दर्ज किए गए थे, लेकिन अब भारत ने बीते 24 घंटों के दौरान उससे भी अधिक आंकड़े दर्ज किए गए हैं, जो चिंता बढ़ाने वाला है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 3 लाख 14 हजार 835 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इसी अवधि में कोविड-19 से जान गंवाने वालों की संख्‍या 2,104 रही। इसके साथ ही देश में कुल कोविड केस बढ़कर 1 करोड़ 59 लाख 30 हजार 965 हो गए हैं, जबकि मृतकों की कुल संख्‍या 1 लाख 84 हजार 657 हो गई है।स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में इस वक्‍त कोविड-19 के कुल एक्टिव केस 22 लाख 91 हजार 428 हैं, जबकि 1 करोड़ 34 लाख 54 हजार 880 लोग अब तक संक्रमण से उबरने में कामयाब रहे। देशभर में अब तक कुल 13 करोड़ 23 लाख 30 हजार 644 वैक्‍सीनेशन हुआ है।

APR 22, 2021 09:31 IST

अब तक 27.27 करोड़ से अधिक सैंपल्‍स की जांच

देश में अब तक कोरोना वायररस संक्रमण के लिए 27.27 करोड़ से अधिक सैंपल्‍स की जांच की जा चुकी है। बीते 24 घंटों के दौरान 16.51 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के आंकड़ों के अनुसार, भारत में बुधवार तक कोरोना वायरस के लिए कुल 27,27,05,103 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 16,51,711 सैंपल कल टेस्ट किए गए।

APR 22, 2021 08:34 IST

CPM नेता के बेटे का निधन

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी (CPM) के वरिष्‍ठ नेता सीताराम येचुरी के बड़े बेटे आशीष येचुरी का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया। वरिष्‍ठ नेता ने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्‍होंने संकट की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने वालों के प्रति आभार जताया। बेटे का इलाज करने वाले डॉक्‍टर्स, नर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और सैनिटाइजेशन वर्कर्स को भी धन्‍यवाद दिया।

APR 22, 2021 08:33 IST

वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता का निधन

दिल्‍ली सरकार में मंत्री रहे वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता डॉ. ए के वालिया का निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। वह दिल्‍ली में शीला दीक्षित की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री थे।

APR 22, 2021 07:24 IST

सुप्रीम कोर्ट के 4 जज पॉजिटिव

सुप्रीम कोर्ट के चार जज कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं, जिनमें से एक का इलाज अस्‍पताल में चल रहा है। शीर्ष अदालत के 15 अन्‍य जजों का RTPCR टेस्‍ट होना है। ये जज देश के नए सीजेआई एनवी रमना के शपथ-ग्रहण समारोह में जाने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट के करीब 20 जजों के स्‍टाफ भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

APR 22, 2021 07:24 IST

'बेडलेस' भोपाल

मध्‍य प्रदेश में भी कोरोना वायरस संक्रमण से स्थिति भयावह होती जा रही है। यहां सभी 103 कोविड अस्‍पतालों में एक ही ऑक्‍सीजन या आईसीयू बेड नहीं है। Bhopalcovidbeds.in पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कोविड अस्‍पतालों में न तो वेंटिलेटर हैं, न ऑक्‍सीजन हैं। यहां सिर्फ 30 आइसोलेशन बेड उपलब्‍ध हैं।

APR 22, 2021 07:24 IST

राज्‍यों को होगी रेम‍डेसिविर की आपूर्ति

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रेमडेसिविर दवा की मांग देशभर में बढ़ गई है। केंद सरकार ने उन राज्‍यों व केंद्र शासित प्रदेशों में इस दवा की आपूर्ति का आवंटन किया है, जहां कोविड केस बड़ी संख्‍या में हैं। NPPA और नेशनल रेग्‍यूलेटर राज्‍यों व केंद्र शासित प्रदेशों में इस दवा की मांग और इसकी आपूर्ति पर नजर रखेंगे।