Hathras Case: हाथरस कांड के खिलाफ दिल्ली में कैंडल मार्च, दोषियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
हाथरस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गए है। योगी सरकार ने जहां इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है वहीं पीड़ित परिवार लगातार न्यायिक जांच की मांग कर रहा है। पीड़ित परिवार से राजनेताओं का मिलने का सिलसिला जारी है। आज भी यहां कई नेताओं के आने की उम्मीद है।
नई दिल्ली/हाथरस: हाथरस मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और इसे लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। आज भी कुछ राजनेताओं के हाथरस जाने की योजना है जिसमें राष्ट्रीय लोक दल के जयंत चौधरी और भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर शामिल हैं। वहीं कांग्रेस इस मामले को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है। पीड़िता का परिवार इस मामले में जहां न्यायिक जांच की मांग रहा है वहीं यूपी सरकार ने इसे सीबीआई के हैंडओवर कर दिया है।
हाथरस कांड के खिलाफ दिल्ली में कैंडल मार्च
हाथरस घटना के खिलाफ और पीड़ित परिवार के समर्थन में दिल्ली के नरेला में स्थानीय लोगों मे कैंडल मार्च किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से पीड़ित परिवार के साथ शासन और प्रशासन दबाव बना रहा है वो निंदनीय है।
पीड़ित परिवार को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिले
भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर ऊर्फ रावण ने कहा कि वो पीड़िता को अपने घर ले जाना चाहते हैं, यही नहीं पीड़ित परिवार को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी जाए। सरकार बेटी बेटी में फर्क कैसे कर सकती है। सरकार और सीबीआई पर परिवार को भरोसा नहीं। हाथरस में जगह जगह पंचायतें चल रही हैं और पीड़ित परिवार सुरक्षित नहीं है। उनकी सरकार से मांग है कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश के कराई जाए
हाथरस पहुंचे भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर
हाथरस में पीड़ित परिवार से आरएलडी और एसपी के नेताओं की मुलाकात के बाद भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर भी पहुंच चुके हैं। एसपी और आरएलडी कार्यकर्ताओं के उग्र व्यवहार की वजह से पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा
सपा कार्यकर्ताओं ने किया पथराव- पुलिस
हाथरस लाठीचार्ज को लेकर बोले डिप्टी एसपी- धारा 144 लागू है और हर पॉलिटिकल पार्टी से सिर्फ 5 लोग अंदर जा रहे थे। (RLD और सपा से) 5 लोगों का डेलीगेशन जा चुका था। हम कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग के पास खड़े थे। तभी किसी ने एक महिला कांस्टेबल को धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की।हमने जब रोकना चाहा तो पथराव किया गया जिसमें हमारे कुछ साथी चोटिल हुए। इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार से मिले सपा नेता
प्रशासन का रवैया शुरू से ही अविश्वसनीय रहा है। जिस तरह अंतिम संस्कार किया वो शक पैदा करता है कि कहीं न कहीं नियत में खोट है, तथ्यों को छुपाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि उच्चतम न्यायालय के वर्तमान न्यायधीश से जांच कराई जाए: रामजी लाल सुमन,राष्ट्रीय महासचिव,सपा
हाथरस मामले के आरोपियों पर इनाम की घोषणा करने वाले कांग्रेस नेता हुए गिरफ्तार
हाथरस की घटना के आरोपियों का सिर लाने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा करने वाले बुलंदशहर के कांग्रेसी नेता निजाम मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हाथरस में सपा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज
समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज हाथरस जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सपा नेता धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव, सपा विधायक संजय लठार, जयवीर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे। हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
हाथरस के जिलाधिकारी बर्खास्त हों : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने हाथरस मामले में जिलाधिकारी (डीएम) को बर्खास्त कर उनकी भूमिका की जांच की मांग की है। प्रियंका ने ट्वीट किया,'हाथरस के पीड़ित परिवार के अनुसार सबसे बुरा बर्ताव डीएम का था। उन्हें कौन बचा रहा है? उन्हें अविलंब बर्खास्त कर पूरे मामले में उनकी भूमिका की जाँच हो।'
हाथरस में पहुंची मेडिकल टीम
SP ने कथित गैंगरेप स्थल का किया निरीक्षण
हाथरस मामले और पश्चिम बंगाल में दुष्कर्म की घटनाओं पर 6 अक्टबूर को कांग्रेस
उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले तथा पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के विरोध में वाम मोर्चा और कांग्रेस छह अक्टूबर को राज्यव्यापी प्रदर्शन करने जा रहे हैं। वाम मोर्चे के अध्यक्ष बिमान बोस और विधानसभा में विपक्ष के कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि इस संबंध में कोलकाता में एक बड़ी रैली का आयोजन होगा और इसी तरह के कार्यक्रमों का आयोजन अन्य जिलों में किया जाएगा।
हाथरस: पीड़िता के घर विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम पहुंची
आरएलडी नेता जयंत चौधरी भी जाएंगे हाथरस
राष्ट्रीय लोक दल नेता जयंत चौधरी भी आज हाथरस जाएंगे। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इससे पहले शनिवार को दिवंगत पीड़िता के घर राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने पहुंचकर उसके परिवार से मुलाकात की। राहुल ने कहा कि पीड़िता का परिवार न्यायिक जांच के साथ सुरक्षा और डीएम पर कार्रवाई चाहता है।
सपा नेता और चन्द्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए राजनीतिक पार्टियों का तांता लग गया है। शनिवार रात कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड़ा पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे, वहीं रविवार को समाजवादी पार्टी का 11 लोगों का डेलिगेशन मुलाकात करने के लिए पीड़ित परिवार के घर आ रहा है। 11 बजे भीम आर्मी नेता चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार के घर मुलाकात करने पहुंच रहे हैं।
न्याय और अन्याय के बीच उलझा हाथरस का बुलगड़ी गांव
हाथरस के बुलगड़ी गांव में हुई 19 साल की लड़की से सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के बाद एक अजीब सा माहौल है। यहां के लोग न्याय और अन्याय के बीच उलझ कर रह गए हैं। हर किसी की जुबान पर न्याय की बात है और हर किसी ने अपने हिसाब से तय कर लिया है कि कहां किसकी गलती रही होगी।

