Coronavirus News Update: महाराष्ट्र में कोरोना के 9251 नए केस, कुल मामले 3 लाख 66 हजार से ज्यादा
कोरोना वायरस महामारी तेजी से बढ़ रही है। देश में संक्रमण का आंकड़ा अब 13 लाख को पार कर चुका है, जबकि मृतकों की संख्या 31 हजार से अधिक है। पिछले दो दिनों से रोजाना यहां तकरीबन 50 हजार मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को जहां 49 हजार से अधिक मामले सामने आए, वहीं शनिवार को भी यह आंकड़ा लगभग इतना ही रहा।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जांच में तेजी आई है। पहली बार यहां एक दिन में चार लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई है, जबकि देश में अब तक 1.58 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है। आने वाले कुछ दिनों में जांच की इस रफ्तार को और बढ़ाने तथा इसे रोजाना 10 लाख तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संक्रमण के मामले जहां 13 लाख को पार कर चुके हैं, वहीं सरकार का कहना है कि यहां अब भी प्रति 10 लाख की आबादी पर संक्रमण की दर कम है और दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत बेहतर स्थिति में है। इस घातक संक्रमण से जहां अब तक देश में 31 हजार लोग दम तोड़ चुके हैं, वहीं इसकी रोकथाम के लिए भारत के पहले स्वदेश निर्मित टीके 'कोवेक्सिन' का ह्यूमन ट्रायल भी एम्स में शुरू हो चुका है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट्स :
मुंबई में 1090 केस
आज मुंबई में 1090 नए कोविड 19 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं और 52 मौतें हुई हैं। 617 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। कुल मामले बढ़कर 1,07,981 हो गए हैं, जिनमें 78,877 मरीज डिस्चार्ज हो गए हैं। मुंबई में कोरोना से अब तक 6033 मौतें हुई हैं।
महाराष्ट्र में 9251 नए केस
महाराष्ट्र में आज कोरोना के 9251 नए मामले सामने आए हैं और 257 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,66,368 हो गई है, जिनमें 1,45,481 सक्रिय मामले हैं। अभी तक 2,07,194 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो गए हैं।
तमिलनाडु में 6,988 नए केस
तमिलनाडु में आज 6,988 नए COVID 19 मामले और 89 मौतें दर्ज की गई। राज्य में कुल मामलों की संख्या 2,06,737 है, जिसमें 1,51,055 रिकवरी और 3,409 मौतें शामिल हैं। राज्य में 52,273 सक्रिय मामले हैं: राज्य स्वास्थ्य विभाग
दिल्ली में 1142 नए केस
दिल्ली में आज 1142 नए कोरोना केस सामने आए हैं। 24 घंटों में 2137 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं और 29 मौतें हुई हैं। अभी दिल्ली में 12,657 सक्रिय मामले हैं। कुल 1,13,068 मरीज ठीक हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या 3806 है। दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 1,29,531 है।
5,690 RTPCR/CBNAAT/TrueNat tests and 14,819 Rapid antigen tests conducted today. A total of 9,29,244 tests have been done so far: Government of Delhi https://t.co/kFHPlGvt8t
— ANI (@ANI) July 25, 2020
एक दिन में 4.2 लाख से अधिक COVID टेस्ट
भारत में दिन में सबसे ज्यादा 4.2 लाख से अधिक COVID टेस्ट किए गए हैं। अब तक लगभग 1.6 करोड़ सैंपल्स टेस्ट किए गए हैं। कोरोना से मृत्यु दर में भारी गिरावट आई है, जो अब 2.35% है :स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय
बिहार में 2803 नए केस
बिहार में 2803 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं, कुल मामलों की संख्या 36,314 हो गई है।
संक्रमण के लक्षणों पर नजर रखेगा ये बैंड
आईआईटी मद्रास ने कोरोना वायरस संक्रमण का पता लगाने के लिए हाथ में पहनने वाला एक ऐसा बैंड बनाया है, जो एकदम शरुआती स्तर पर ही किसी इंसान में संक्रमण के बारे में बता सकता है। आईआईआईटी मद्रास में स्टार्ट अप 'म्यूज वियरेबेल्स' की शुरुआत पूर्व छात्रों के एक समूह ने की है। उनका कहना है कि यह बैंड अगले माह तक बाजार में आ सकता है। इन ट्रैकर्स को 70 देशों में लांच करने की योजना है। इसमें शरीर के तापमान, हृदय गति तथा ब्लड ऑक्सीजन सघनता मापने के लिए सेंसर लगे हैं। यह ब्लूटूथ से चलेगा और इसे म्यूज हेल्थ ऐप के जरिए मोबाइल फोन से जोड़ा जा सकेगा। यूजर अगर किसी निरुद्ध क्षेत्र में जाता है तो आरोग्य सेतु ऐप के जरिये उसे संदेश मिल जाएगा।
दिल्ली में 450 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन
दिल्ली में कोरोना वायरस के मरीजों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बुराड़ी में एक अस्पताल का उद्घाटन किया। यहां 450 बिस्तरों की सुविधा है। अस्पताल का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर कम हुई है, लेकिन यह लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक माह में दिल्ली में संक्रमण के मामले कम हुए हैं, मरने वालों की संख्या घटी है, ठीक होने की दर बढ़ी है और संक्रमण अनुपात घटा है। इस अस्पताल के उद्घाटन के साथ ही शहर में कोरोना वायरस से संक्रमितों के लिए बिस्तरों की संख्या और भी बढ़ जाएगी।
Delhi: Chief Minister Arvind Kejriwal inaugurates via video-conference, a 450-bedded government hospital in Burari pic.twitter.com/lFEWqWoc5X
— ANI (@ANI) July 25, 2020
कोरोना की जांच के लिए नया किट बनाने का दावा
आईआईटी खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए उन्होंने एक ऐसी टेक्नोलॉजी का विकास किया है, जो एक घंटे के अंदर परिणाम दे देगा। इस अल्ट्रा-पोर्टेबल डिवाइस की कीमत 400 रुपये होगी।
IIT Kharagpur researchers claim to have developed a novel technology for #COVID19 rapid test. Ultra-portable device to cost Rs 400.
— ANI (@ANI) July 25, 2020
Customized smartphone application to disseminate test results within 1 hour, without requiring manual interpretation. pic.twitter.com/rkZDvNpXTh
पश्चिम बंगाल में ड्रोन से निगरानी
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच यहां 25 और 29 जुलाई को लॉकडाउन घोषित किया गया है। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। आवश्यक सेवा को इससे छूट दी गई है। लोगों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जगह-जगह पुलिसकर्मी उनके पहचान-पत्र चेक कर रहे हैं। वहीं मिदनापुर में पुलिस ड्रोन के जरिये निगरानी कर रही है।
मध्य प्रदेश में सीएम शिवराज सिंह चौहान को कोरोना संक्रमण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बीते कुछ दिनों में उनके संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना टेस्ट कराने और क्वारंटीन में जाने की अपील की। सीएम ने बताया कि वह 25 मार्च से हर शाम कोरोना संक्रमण स्थिति की समीक्षा बैठक करते रहे हैं। लेकिन अब वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा की कोशिश करेंगे।
मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझे #COVID19 के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाएँ।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 25, 2020
दिल्ली में घट रहे हैं कोरोना केस, पर स्वास्थ्य मंत्री ने चेताया
दिल्ली में रोजाना सामने आ रहे रोना वायरस संक्रमण के मामले में बीते कुछ दिनों में कमी देखी गई है, जिससे लोग राहत की सांस ले रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के मुताबिक, दिल्ली में आज संक्रमण की दर 5 प्रतिशत है। हालात संतोषजनक हैं, लेकिन हम सबको तैयार रहना होगा। दिल्ली में शुक्रवार को संक्रमण के 1,025 नए मामले सामने आए थे। यहां अब तक एक दिन में सर्वाधिक 3,947 नए मामले 23 जून को सामने आए थे। यहां अब तक संक्रमण के कुल केस 1,28,389 हो चुके हैं, जबकि 3,777 लोगों की जान गई है। यहां 1,10,931 लोग अब तक संक्रमण से उबर चुके हैं, जबकि 13,681 एक्टिव केस हैं।
ओडिशा में आंकड़ा 24 हजार के पार
ओडिशा में भी कोविड केस तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को यहां 1,320 नए मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 24,013 हो गए हैं। इनमें से 15,200 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,650 एक्टिव केस हैं। राज्य में इस घातक संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 130 हो गया है।
महाराष्ट्र पुलिस में आंकड़ा 8 हजार के पार
महाराष्ट्र पुलिस में कोविड-19 से संक्रमित कर्मियों की संख्या 8 हजार से अधिक है। यहां पुलिसकर्मियों में संक्रमण के कुल मामले 8,232 हो गए हैं, जिनमें 1,825 एक्टिव केस हैं, जबकि 6,314 पुलिसकर्मी ठीक हुए हैं। महाराष्ट्र में 93 पुलिसकर्मियों की जान इस घातक संक्रमण से गई है।
झारखंउ में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण
झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को यहां 377 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 7,627 हो गए हैं। राज्य में संक्रमण के कुल केस में 4,197 एक्टिव मामले हैं, जबकि 3,354 ठीक हो चुके हैं। राज्य में 76 लोगों की इस घातक बीमारी से अब तक जान गई है।
राजस्थान में 557 नए केस
राजस्थान में शनिवार सुबह 10.30 बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के 557 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 6 अन्य मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 34,735 हो गए हैं, जिनमें से 9,470 एक्टिव केस हैं। राज्य में अब तक 608 लोगों की जान इस घातक संक्रमण से गई है।
एक दिन में चार लाख से अधिक नमूनों की जांच
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जांच में भी तेजी आई है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां पहली बार 4 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई। भारतीय चिकित्सा अनुसंधन परिषद के मुताबिक, शुक्रवार को यहां 4,20,898 नमूनों की जांच की गई, जबकि 24 जुलाई तक देशभर में 1,58,49,068 नमूनों की जांच हो चुकी है।
24 घंटों में फिर बढ़े करीब 49 हजार मरीज
बीते 24 घंटों के दौरान देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक बार फिर करीब 49 हजार मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 13 लाख से अधिक हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 48,916 नए मामले आए, जबकि 757 लोगों की जान गई। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले अब 13,36,861 हो गए हैं, जिनमें से 4,56,071 एक्टिव केस हैं, जबकि 8,49,431 ठीक हो चुके हैं। इस घातक संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर अब 31,358 हो गई है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन बाधित
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोलकाता एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही दो दिनों के लिए बंद कर दी गई है। कोविड-19 लॉकडाउन के कारण यहां आज (शनिवार, 25 जुलाई) और 29 जुलाई के लिए विमानों का संचालन रोक दिया गय है। यहां लॉकडाउन को देखते हुए पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी रेलवे ने हावड़ा से परिचालित होने वाली और यहां 25 जुलाई को पहुंचने वाली कुछ विशेष ट्रेनों को भी रद्द कर दिया है। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 02023 हावड़ा-पटना और 02024 पटना-हावड़ा विशेष ट्रेनें शनिवार को रद्द रहेंगी। दक्षिण पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 02074 भुवनेश्वर-हावड़ा और 02073 हावड़ा-भुवनेश्वर विशेष ट्रेन 25 जुलाई को रद्द की गई है। एसईआर के मुताबिक, 02021 हावड़ा-बारबिल सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन और 02022 बारबिल-हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन भी 25 जुलाई और 29 जुलाई को रद्द की गई है। कोरोना वायरस संक्रमण को नियंत्रण में करने के लिए राज्य सरकार ने इस सप्ताह 23 जुलाई और 25 जुलाई को और अगले सप्ताह 29 जुलाई को पूर्ण बंद की घोषणा की है।
संक्रमण के डर से अधिकारी ने की खुदकुशी
तेलंगाना में एक सरकारी अधिकारी ने कोरोना वायरस से संक्रमित होने के डर से कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। उनकी पहचान एम राजा वेंकट रमन (54) के रूप में की गई है, जो करीमनगर से करीब 80 किलोमीटर दूर मनचेरियल में शिक्षा विभाग में अधीक्षक थे। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले उन्हें खांसी और सर्दी हुई थी, जिसके बाद उन्हें लग रहा था कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इसी डिप्रेशन में उन्होंने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। पुलिस को घटनास्थल से वेंकट द्वारा लिखा कथित नोट बरामद हुआ है, जिसमें कहा गया है कि वह कोविड-19 बीमारी से डरे हुए थे और इसलिए यह कदम उठा रहे हैं।
झारखंड में डराने वाले हालात : हाईकोर्ट
झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच हाईकोर्ट ने यहां हालात से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं किए जाने पर गहरी चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश डा. रविरंजन और न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की पीठ ने कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि अब तक सरकार यह दावा कर रही थी कि राज्य में पर्याप्त डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी हैं। जांच के लिए पर्याप्त सुविधा है, लेकिन हालात डराने वाले हैं। राज्य में स्थिति यह है कि हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों के कोविड-19 जांच के नमूने 15 जुलाई को ट्रूनेट मशीन से लिए गए थे, लेकिन आज तक उनकी रिपोर्ट नहीं मिली। वर्तमान हालात वास्तव में भारी अव्यवस्था की तरफ इशारा कर रहे हैं।

