Coronavirus News Update: राजस्थान, मध्य प्रदेश में संकट गहराया, झारखंड में भी लगातार बढ़ रहे मामले
रूस की ओर से कोविड-19 का टीका विकसित किए जाने के दावे के बीच दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में कोरोना वायरस के टीके पर काम तेज हो गया है। रूस के इस टीके पर हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संदेह जताया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि रूस का टीका उन नौ वैक्सीन में शामिल नहीं है जिसे वह टेस्टिंग के एडवांस स्टेज में होने का विचार रखता है। गुरुवार को भारत में कोविड-19 के रिकॉर्ड 66,999 मामले सामने आए।
Corornavirus News Updates: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 23,96,637 हो गई है। जबकि इस महामारी से जान गंवाने लोगों की संख्या 47,033 हो गई है। राजधानी दिल्ली में पिछले दिनों कोरोना मरीजों की संख्या में कमी देखने को मिली लेकिन गुरुवार को राजधानी में 965 केस सामने आए। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 1.49 लाख के करीब हो गई है। दुनिया में दो करोड़ से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। कोविड-19 से दुनिया के करीब 195 देश संक्रमित हैं।
झारखंड में 1100 से अधिक नए केस
झारखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,175 नए मामले सामने आए, जबकि 15 लोगों की जान गई। राज्य में अब कुल मामलों की संख्या 22,125 है, जिनमें से 13,678 ठीक हो चुके हैं, जबकि 224 लोगों की जान गई है।
मध्यप्रदेश में अब तक 1,081 की मौत
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 796 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में राज्य में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 43,414 हो गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां इस घातक बीमारी से 16 लोगों की जान गई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,081 हो गई है। राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 341 मौत इन्दौर में हुई है। प्रदेश में कुल 43,414 संक्रमितों में से अब तक 32,405 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 9,928 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
राजस्थान में 1,278 नए मामले
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,278 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 58,692 है, जिनमें से 13,949 एक्टिव केस हैं, जबकि 41,963 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक यहां कोरोना वायरस से 846 लोगों की जान गई है।
दिल्ली में 'कोरोना योद्धाओं' को विशेष आमंत्रण
दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने एक अतिरिक्त जिलाधिकारी, एक डॉक्टर और एक एम्बुलेंस के चालक समेत सात 'कोरोना योद्धाओं' को अपने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया है। कोविड-19 महामारी से निपटने में दिए गए योगदान के लिए इन्हें विशेष निमंत्रण दिया गया है। एक बयान में कहा गया है कि प्रशासन, चिकित्सा, नर्सिंग, पुलिस, सिविल डिफेंस और स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत 'कोरोना योद्धा' अपनी जान जोखिम में डालकर संक्रमित लोगों की सेवा कर रहे हैं। ये 'कोरोना योद्धा' शनिवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान अपने क्षेत्रों के लोगों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लव अग्रवाल भी हुए कोरोना संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल भी हुए कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल सभी गाइडलाइंस का पालन करते हुए होम आइसोलेशन में जा रहे हैं। उन्होंने बीते कुछ दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों को अपने स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए कहा है।
महाराष्ट्र में कोरोना के 12,608 नए मामले
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12,608 नए मामले सामने आए, जबकि 364 लोगों की जान गई। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान इस घातक बीमारी से उबरने वालों की संख्या 10,484 रही। इसके साथ ही यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 5,72,734 हो गए हैं, जिनमें से 1,51,555 एक्टिव केस हैं, जबकि 4,01,444 इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक कुल 19,427 लोगों की जान कोरोना वायरस से गई है।
दिल्ली में संक्रमण के 1192 नए केस
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के शुक्रवार को 1,192 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 11 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 1,50,652 हो गया है, जिनमें से 11,366 एक्टिव केस हैं, जबकि 1,35,108 लोग इस घातक संक्रमण की चपेट में आने के बाद ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,178 हो गई है।
महाराष्ट्र: 147 पुलिसकर्मी पॉजिटिव
ओडिशा में संक्रमण के 1,977 नए मामले आए सामने
ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,977 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 54,630 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 10 और संक्रमित लोगों की मौत हो जाने के बाद राज्य में इस वायरस के कारण मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 324 हो गई है। संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से 1,241 लोग विभिन्न पृथक-वास केंद्रों में रह रहे थे। 736 अन्य मरीज संक्रमितों की संपर्कों की जांच के दौरान सामने आए। अधिकारी ने बताया कि खुर्दा में सर्वाधिक 322 नए मामले सामने आए हैं, इसके बाद गंजाम में 280, मयूरभंज में 120, भद्रक में 118 और कटक में 101 नए मामले सामने आए हैं।
कोरोना के टीके की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए काम करे सरकार: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि भारत कोरोना वायरस का टीका तैयार करने वाले देशों में शामिल होगा और ऐसे में सरकार को इस टीके की उपलब्धता, किफायती दाम और उचित वितरण सुनिश्चित करने के लिए अब काम करना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भारत कोविड-19 का टीका तैयार करने वाले देशों में से एक होगा। ऐसे में यह सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट रूप से परिभाषित, समावेशी रणनीति की जरूरत है कि टीके की उपलब्धता और उचित वितरण हो तथा यह किफायती भी हो।’ कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को ऐसा अभी करना चाहिए।
बीते 24 घंटे में 64,553 नए मामले सामने आए, 1007 लोगों की मौत
अब तक देश में कोविड-19 के 2,76,94,416 सैंपल्स की जांच
परिजन ने अंतिम संस्कार से किया इनकार
कुछ ही समय के अंतराल में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत होने के बाद तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले 35 वर्षीय एक व्यक्ति का शव घर के बाहर ही रखा रहा और परिजन ने वायरस के डर के चलते उनका अंतिम संस्कार करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया। बाद में पुलिस, निगम और अन्य विभाग के अधिकारियों ने मिलकर पहल की और दोनों को दफनाया। पुलिस ने कहा कि एक बड़े संयुक्त परिवार के सात सदस्य कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए थे, जिनसे से एक व्यक्ति की बुधवार रात को मौत हो गई जबकि 65 वर्षीय महिला की बृहस्पतिवार को मौत हो गई।
लखनऊ: कोविड मरीजों के इलाज के लिए रेट तय
कोविड-19 के चलते इस साल कैलाश कुंड यात्रा रद्द
जम्मू-कश्मीर में 14,700 फुट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र कैलाश कुंड झील की तीर्थयात्रा इस साल कोविड-19 के चलते रद्द कर दी गई है। एक अधिकारी ने बृहस्पितवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 10 दिन की इस तीर्थयात्रा को पहले ही कम करके तीन दिन कर दिया गया है। अब तीर्थयात्रियों को केवल पारंपरिक हिमालयी मार्ग से झील तक छड़ी मुबारक जुलूस निकालने की ही अनुमति होगी। कैलाश कुंड यात्रा आठ अगस्त को जम्मू के दो मार्गों छत्तरगला और हायान तथा कश्मीर के भदेरवाह से शुरू होने थी, लेकिन कोविड-19 के चलते इसमें देरी होती रही।
_1597417837__rend_4_3.jpeg)
