Coronavirus India Updates: महाराष्ट्र में कोरोना के 21907 नए मामले, 425 मौतें, दिल्ली में 4071 नए केस, 38 मौते
कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और पिछले चौबीस घंटे के दौरान 1247 लोगों की मौत इस जानलेवा वायरस की वजह से हुई है। कोरोना के करीब 60 फीसदी नए मामले केवल 5 राज्यों से आ रहे हैं जिनमें महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्य शामिल हैं।
Coronavirus India Updates: भारत में कोरोना संकट लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते हुए इस संकट के बीच राहत भरी खबर ये है कि यहां लोग बड़ी संख्या में इस संक्रमण को मात भी दे रहे हैं जिसकी बदौलत रिकवरी की दर करीब 79 फीसदी तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक भारत में इस समय 10,13,964 कोविड-19 रोगियों का उपचार चल रहा है, वहीं 42,08,431 लोग अब तक संक्रमण से उबर चुके हैं। यहां जानिए कोरोना से जुड़ा आज का हर ताजा अपडेट-
दिल्ली में कोरोना के 4071 नए केस
दिल्ली में कोविड-19 के 4,071 नए मामले आने से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 2.42 लाख से ज्यादा हो गई है। मृतकों की संख्या 4,945 हुई।
महाराष्ट्र में कोरोना के 21907 नए मामले
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 21,907 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11,88,015 हुई। महामारी से 425 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 32,216 हुई।
लंदन में फिर से लॉकडाउन की संभावना
ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर वृद्धि की आशंका के बीच लंदन में दोबारा लॉकडाउन लगाया जा सकता है। स्थानीय परिषद के नेताओं और सरकारी अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद लंदन के महापौर सादिक खान ने शुक्रवार को कहा कि इस बात को लेकर चिंता जतायी गई कि ब्रिटेन की राजधानी में संक्रमण के प्रसार में तेजी के चलते सख्त उपाय करना आवश्यक हो जाएगा। खान ने कहा, '' यह लंदन में बढ़ रहा है, ऐसे में वायरस के प्रसार को काबू करने के लिए जल्द ही अतिरिक्त उपाय करने की आवश्यकता होगी।''
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री अश्वत नारायण शनिवार को कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए गए। वह अब होम आइसोलेशन में हैं। नारायण ने कहा, "सोमवार से मानसून सत्र शुरू होने से पहले, मैंने कोविड-19 टेस्ट करवाया और रिजल्ट पॉजिटिव आया। मैं एसिम्पटोमिक हूं और होम आइसोलेशन में रहूंगा।" नारायण(51) सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के तीन उप मुख्यिमंत्रियों में से एक हैं और मालोश्वरम विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। अन्य दो उप मुख्यमंत्री गोविंद करजोल और लक्ष्मण सावदी हैं। नारायण ने कहा, " मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से एहतियात बरतने की अपील करता हूं।"
सशस्त्र सेनाओं में कोविड-19 से कुल 41 कर्मियों की मौत
रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि सशस्त्र सेनाओं के 22,353 सेवारत कर्मियों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है और इससे अब तक कुल 41 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में रक्षा राज्यमंत्री श्रीपाद नाइक ने बताया, ‘सशस्त्र सेनाओं के सेवारत कर्मियों में कोविड-19 के पुष्ट मामलों की कुल संख्या 22,353 है। आज की तारीख तक, सशस्त्र सेनाओं में कुल 41 मौतें हुई हैं जो प्रत्यक्ष रूप से कोविड-19 के कारण हो सकती हैं।’ उन्होंने बताया कि सशस्त्र सेनाओं के सभी अस्पताल कोविड-19 मरीजों के उपचार के लिए उपयुक्त रूप से सुसज्जित हैं। उन्होंने कहा, ‘कोविड-19 के लिए अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय उपचार प्रोटोकॉल की तर्ज पर, सशस्त्र सेना के अस्पतालों में एंटी वाइरल औषधियों (फेविपिराविर और रेमडेसीविर) और ‘इम्यूनो-माडुलेटरी एजेंट’ (टोसिलिजुमाब प्रीडनिसोलोन आदि) की काफी व्यवस्था है।’
दिल्ली में बीते कुछ दिन में कोविड-19 संक्रमण की दर में कमी
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने शनिवार को कहा कि बीते कुछ दिन से राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण की दर में कमी देखी गई है और अगले सप्ताह तक इसके अच्छे नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने कहा, ''शुक्रवार को संक्रमण की दर 6.76 प्रतिशत रही। बीते दो-तीन दिन में यह सात प्रतिशत से नीचे रही है। पिछले सप्ताह यह लगभग 8 प्रतिशत थी।
रिकवरी में 60 फीसदी मामले पांच राज्यों से
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि स्वस्थ हुए रोगियों के नये मामलों में करीब 60 फीसद मामले पांच राज्यों- महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश से आये हैं। इन्हीं पांच राज्यों में संक्रमण के सर्वाधिक मामले भी आये हैं। महाराष्ट्र में एक दिन में 22 हजार से अधिक लोग (23 प्रतिशत) स्वस्थ हुए हैं, वहीं संक्रमणमुक्त होने के नये मामलों में आंध्र प्रदेश में 11,000 (12.3 प्रतिशत) लोग हैं।
दुनियाभर में सबसे ज्यादा रिकवरी रेट
महामारी से निपटने में भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है और दुनियाभर में भारत की रिकवरी रेट सबसे ज्यादा हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत का रिकवरी रेट अब करीब 80 फीसदी के पास पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में इस संक्रमण से 95 हजार 885 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,209 नए मामले सामने आए
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,209 नए मामले सामने आए जिससे शनिवार को राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,75,550 हो गई। वहीं, संक्रमण से नौ और मरीजों की मौत हुई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 691 हो गई। पृथक-वास केंद्रों में संक्रमण के 2,441 नए मामले सामने आए जबकि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश के दौरान 1,768 मरीज मिले।
पुणे में कोविड-19 के 4,093 नए मामले, 85 मरीजों की मौत
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दिन में कोविड-19 के 4,093 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 2,44,516 हो गए। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। ये नए मामले शुक्रवार को सामने आए।उन्होंने बताया कि 85 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,536 हो गई।अधिकारियों ने कहा, “संक्रमण के 4,093 नए मामलों में से 1,893 मरीज पुणे नगर निगम(पीएमसी) क्षेत्र में मिले। पुणे नगर निगम क्षेत्र में अब तक कुल 1,27,423 मामले सामने आए हैं।”
दिल्ली के निजी अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों के लिए 500 अतिरिक्त बैड
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 मरीजों के लिए अब 500 से अधिक अतिरिक्त आईसीयू बिस्तर उपलब्ध हैं। जैन ने कहा कि ऐसा हाल में वह आदेश देने के बाद हुआ है जिसमें कई निजी अस्पतालों को ऐसे बिस्तरों में से निर्दिष्ट प्रतिशत इस उद्देश्य के लिए आरक्षित करने को कहा गया था। जैन ने पहले कहा था कि गत सप्ताह एक आदेश दिया गया था कि यहां 33 निजी अस्पतालों में 80 प्रतिशत आईसीयू बिस्तर कोविड-19 मरीजों के लिए आरक्षित किये जाएं।
राजस्थान में 813 नए मामले
राजस्थान के स्वास्थ्य औऱ परिवार कल्याण विभाग के मतुाबिक, 'राजस्थान में आज 1030 बजे तक 7 मौतों और 813 नए कोरोना पॉजिटिव मामलों की सूचना मिली है। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,12,103 हो गई, जिनमें 92, 303 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं जबकि 18, 485 मामले अभी एक्टिव हैं। वहीं अभी तक वायरस की वजह से 1315 लोगों की मौत हो चुकी है।'
चौबीस घंटे के दौरान 93 हजार से अधिक केस
भारत में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। : स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 'भारत में कोविड-19 के एक दिन में 93,337 मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की संख्या 53,08,014 हो गई, वहीं और 1,247 लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या 85,619 पर पहुंची। भारत में इस समय 10,13,964 कोविड-19 रोगियों का उपचार चल रहा है, वहीं 42,08,431 लोग अब तक संक्रमण से उबर चुके हैं।'

