LIVE

Congress Protest: कांग्रेस मुख्यालय पर अफरा-तफरी, हिरासत में लिए गए प्रियंका और राहुल गांधी

Congress Protest : महंगाई के खिलाफ कांग्रेस आज देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने सबसे बड़ा प्रदर्शन राजधानी दिल्ली में करने की तैयारी की है। वह संसद से राष्ट्रपतिभवन तक मार्च निकालेगी। हालांकि, कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देखते हुए एनडीएमसी इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस इलाके में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की सलाह दी है। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 5, 2022, 15:49 IST
Follow on Google News
Congress Protest: कांग्रेस मुख्यालय पर अफरा-तफरी, हिरासत में लिए गए प्रियंका और राहुल गांधी

कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन यंग इडियन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के दो दिनों बाद हो रहा है। राहुल गांधी शुक्रवार सुबह पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। गुरुवार को राहुल गांधी ने सीधे पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह नरेंद्र मोदी से नहीं डरते, वह चाहे जो कर लें। हम डरेंगे नहीं। हमारी कोशिश लोकतंत्र को बचाने की है। ईडी ने बुधवार शाम को दिल्ली में नेशनल हेराल्ड की इमारत में स्थित यंग इंडियन का दफ्तर सील कर दिया, इसके बाद कांग्रेस के नेता सरकार पर हमलावर हैं। 

दिल्ली पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस के व्यापक विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को यातायात प्रभावित रहने की आशंका है। पुलिस ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है और प्रमुख सड़कों पर भीड़भाड़ वाले संभावित स्थानों के आधार पर मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया जाएगा। परामर्श के अनुसार, नयी दिल्ली जिले में यातायात की सुगम आवाजाही की सुविधा के लिए बसें धौला कुआं, रिज रोड, शंकर रोड, पंचकुइयां रोड, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, मथुरा रोड, डब्ल्यू-पॉइंट, लोधी रोड, अरबिंदो मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, मोती बाग लाल बत्ती (शांति पथ) से आगे प्रतिबंधित रहेंगी।

AUG 05, 2022 13:56 IST

पीएम आवास की तरफ मार्च कर रहे कांग्रेस के 20 कार्यकर्ता हिरासत में

दिल्ली में चल रहे कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पीएम आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पीएम आवास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेड लगा रखा है। कांग्रेस के करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ता काले कपड़ों में पीएम आवास की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अकबर रोड से इंदिरा गांधी मेमोरियल होते हुए पीएम आवास की तरफ जाने वाली सड़क पर ये कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। यहां पहले से ही पुलिस बल मौजूद था और उन्होंने जैसे ही देखा कि कुछ कार्यकर्ता पीएम आवास रूट की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
 

AUG 05, 2022 13:08 IST

हिरासत में लिए गए प्रियंका और राहुल गांधी 

महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। राहुल के अलावा सचिन पायलट, दीपेंद्र हुड्डा सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लिया है। प्रियंका गांधी को भी हिरासत में लिया गया है। एसीपी रैंक की महिला अधिकारी प्रियंका को अपने साथ इनोवा गाड़ी में लेकर निकली है। 

AUG 05, 2022 12:46 IST

सड़क पर धरने पर बैठीं प्रियंका

मार्च निकालने से रोक रही पुलिस की कांग्रेस कार्यकर्ताओं से झड़प हो रही है। माहाल काफी उग्र और अफरा-तफरी वाला है। विजय चौक पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया है। कांग्रेस मुख्यालय से मार्च निकालने से रोके जाने पर प्रियंका गांधी अकबर रोड पर धरने पर बैठ गईं।  

AUG 05, 2022 12:39 IST

कांग्रेस मुख्यालय पर भारी बवाल, अफरा-तफरी का माहौल

कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी प्रदर्शन हो रहा है। यहां महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। प्रियंका गांधी यहां से मार्च निकालने वाली है। कांग्रेस कार्यकर्ता बेरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस यहां से प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकालने की तैयारी में है।
AUG 05, 2022 12:19 IST

हमारा विरोध मंहगाई और अग्निपथ योजना पर -चिदंबरम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि यह प्रदर्शन मंहगाई और अग्निपथ योजना पर है। महंगाई से हर आदमी परेशान है। एक राजनीतिक पार्टी एवं सांसद होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम लोगों के मुद्दों को उठाएं। हम वही करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि आज लोग महंगाई से हलकान हैं। देश में सबकुछ ठीकठाक नहीं चल रहा है। लेकिन सरकार की कानों पर जू नहीं रेंग रहा है। 

AUG 05, 2022 12:19 IST

राष्ट्रपति भवन की ओर कांग्रेस सांसदों का मार्च

काले कपड़ों में कांग्रेस सांसदों ने महंगाई के खिलाफ संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाला है। कांग्रेस सांसदों के इस मार्च में शामिल होने के लिए राहुल गांधी भी पहुंचे। संसद में सोनिया गांधी भी मार्च का हिस्सा बनीं। उन्होंने महंगाई के खिलाफ अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि हम राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन पुलिस ने हमें रोक दिया। वे हमें प्रदर्शन करने नहीं दे रहे हैं। हम सभी अपनी गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस लोगों के मुद्दो पर प्रदर्शन कर रही है।
AUG 05, 2022 11:48 IST

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, काले पोशाक में नेता

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस दिल्ली में बड़े स्तर पर प्रदर्शन कर रही है। उसकी यह मोर्चाबंदी संसद भवन से लेकर सड़क तक दिख रही है। कांग्रेस अलग-अलग टुकड़ियों में मार्च निकाल रही है। खास बात यह है इस विरोध प्रदर्शन एवं मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस के सभी बड़े नेता काले पोशाक में नजर आए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और पी चिदंबरम काले कपड़े पहने हुए हैं। कांग्रेस सांसदों का एक दल संसद से राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करेगा। एक दल का नेतृत्व कांग्रेस मुख्यालय से महासचिव प्रियंका गांधी नेतृत्व करेंगी।   

AUG 05, 2022 11:26 IST

कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं प्रियंका गांधी

महंगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस दिल्ली में बड़े प्रदर्शन की तैयारी में है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि यहां से प्रदर्शन का वह नेतृत्व करेंगी। जबकि राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च करेंगे। कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता में मौजूद हैं। इस पूरे इलाके में धारा 144 लागू है। यहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर बस में बैठा रही है।    

AUG 05, 2022 10:56 IST

'पांच लाख लगाकर 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति बनाई'

भाजपा नेता ने कहा कि केवल पांच लाख रुपए लगाकर कांग्रेस को 5000 करोड़ रुपए की नेशनल हेराल्ड की संपत्ति दिल्ली, लखनऊ, पटना अन्य जगहों पर मिल गई। आपको बेल नहीं मिलेगी तो आप संस्थाओं पर आरोप लगाएंगे। आप देश की न्यायपालिका, चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं। आप संसद को चलने नहीं देते हैं और संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं। मैं राहुल गांधी से कहना चाहूंगा कि आप बीजेपी, मोदी जी की आलोचना कर सकते हैं लेकिन आप अब देश और देश की संस्थानों की आलोचना कर रहे हैं। अपने भ्रष्टाचार को बचाने के लिए संस्थाओं पर दोष मढ़ रहे हैं। 
 

AUG 05, 2022 10:55 IST

राहुल के आरोपों का BJP ने दिया जवाब

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों एवं दावों का भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने जवाब दिया है। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी दावा करते हैं कि वह सत्य बोलते हैं तो वह बताएं कि वह जमानत पर क्यों हैं? वह किस अपराध में बेल पर हैं? नेशनल हेराल्ड का पूरा केस भाजपा सरकार के आने से पहले का है। कांग्रेस के इन नेताओं पर साजिश एवं षडयंत्र करने के आरोप लगे हैं। 
 

AUG 05, 2022 10:26 IST

PM आवास की तरफ मार्च निकालेगी कांग्रेस

देश की सारी संस्थाएं आज भाजपा और आरएसएस के नियंत्रण में आ चुकी हैं। कोई भी संस्था बची नहीं है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय से आज प्रधानमंत्री आवास तक हम मार्च निकालेंगे। आज साढ़े ग्यारह बजे संसद से कांग्रेस सांसदों का एक दल राष्ट्रपति भवन की तरफ मार्च करेगा। 

AUG 05, 2022 10:19 IST

'कांग्रेस पार्टी नहीं विचारधारा है'

भाजपा इसलिए कांग्रेस पर हमला करती है क्योंकि कांग्रेस पार्टी नहीं विचारधारा है। देश में जब हिंदू-मुसलमान को लड़ाया जाता है, किसी को मारा पीटा जाता है तो हमें दर्द होता है। सामाज को बांटने की कोशिश की जाती है तो हमें दर्द होता है। जर्मनी का हिटलर भी चुनाव जीत जाता था लेकिन उसके पास सारी संस्थाएं होती थीं। 

AUG 05, 2022 10:18 IST

आरएसएस की विचारधारा का मैं हमेशा विरोध करूंगा-राहुल

मैं जितना महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाता हूं, सामाजिक सद्भाव की बात करता हूं उतना ही मुझ पर हमले होते हैं।  मैं उनके आक्रमण से सीखता हूं। हिंदुस्तान में कोई भी व्यक्ति अगर सरकार के खिलाफ बोलता है तो उसे चुप करा दिया जाता है। मैं फिर कहूंगा कि देश में लोकतंत्र नहीं है, इसके दुष्परिणाम होंगे, लोग बोलेंगे। आरएसएस की विचारधारा का मैं हमेशा विरोध करूंगा। कांग्रेस का आज का प्रदर्शन महंगाई और बेरोजगारी को लेकर है, ईडी की कार्रवाई से इस प्रदर्शन का कोई लेना-देना नहीं है।  सरकार संसद में महंगाई, बेरोजगारी, चीन की घुसपैठ और अग्निपथ योजना पर चर्चा नहीं कर रही। 

AUG 05, 2022 10:09 IST

हम देश के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से लड़ रहे हैं-राहुल गांधी

विपक्ष संस्थाओं के बल पर लड़ता है। देश के कानूनी ढांचे, मीडिया के बल पर विपक्ष के लोग लड़ाई लड़ते हैं लेकिन ये संस्थाएं आज सरकार का समर्थन कर रही हैं। आज हिंदुस्तान के हर संस्था में सरकार के लोग बैठे हैं। हम एक पार्टी से नहीं लड़ रहे बल्कि देश के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से लड़ रहे हैं। कांग्रेस की सरकार में इंफ्रस्ट्रक्चर में दखल नहीं दिया जाता था। उसे तटस्थ रखती थी। आज आरएसएस के लोग हर संस्था में घुस चुके हैं। वित्तीय, कानूनी, जांच एजेंसी की सभी संस्थाएं सरकार के साथ हैं। राहुल ने पूछा कि सरकार दिखाए कि स्टार्टअप इंडिया कहां है। कंपनियां लोगों को निकाल रही हैं। सरकार कहती है कि कोविड से मौत नहीं हुई। यूएन कहता है कि कोरोना से भारत में पांच लाख लोग मरे। बेरोजगारी, महंगाई बढ़ती जा रही है लेकिन सरकार कह रही है कि ऐसा कुछ नहीं है।हम हिंदुस्तान की आज की हालत से डरते हैं। भाजपा के लोग 24 घंटे झूठ बोलते हैं।   

AUG 05, 2022 09:59 IST

देश में ईडी का आतंक-गहलोत

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि देश में महंगाई से हाहाकार मचा हुआ है। युवा बेरोजगार हैं। देश में ईडी का आतंक है। देश में जो हो रहा है वह खतरनाक है। 

AUG 05, 2022 09:55 IST

आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं, तानाशाही है-राहुल

पीसी को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में बीते 70 सालों में बनाया गया उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया है। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। आज हिंदुस्तान में चार लोगों की तानाशाही है। हम महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे उठाना चाहते हैं। समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है, हम इस पर चर्चा करना चाहते हैं लेकिन संसद में हमें बोलने नहीं दिया जा रहा है। राहुल काली पट्टी बांधकर पीसी करने पहुंचे हैं। 

AUG 05, 2022 09:50 IST

राज्यों में ब्लॉक स्तर तक प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस नेताओं को जिले और ब्लॉक स्तर तक प्रदर्शन करने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस चाहती है कि लोगों तक यह बात पहुंचे कि आम लोगों से जुड़े मुद्दों को वह जोर-शोर से उठा रही है। कांग्रेस राजनीतिक रूप से यह दिखाना भी चाहती है कि वह देश की सबसे बड़ी पार्टी है और महंगा-बेरोजगारी को लेकर विपक्षी दलों में सबसे ज्यादा मुखर है।  

AUG 05, 2022 09:46 IST

कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना हुए राहुल गांधी

कांग्रेस मुख्यालय में सुबह साढ़े नौ बजे राहुल गांधी को पीसी करनी थी लेकिन वह अपने आवास से नौ बजकर 33 मिनट पर निकले। वह लंबे काफिला के साथ कांग्रेस मुख्यालय की ओर रवाना हुए। कांग्रेस मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता मौजूद हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी दिल्ली पहुंचे हैं। वह भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस मुख्यालय में सेवादल के कार्यकर्ता पहले से मौजूद हैं। सेवादल का कहना है कि महंगाई-बेरोजगारी बड़ा मुद्दा है। इसे लेकर वे प्रदर्शन कर रहे हैं।
AUG 05, 2022 09:41 IST

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी 

लुटियंस जोन्स में शुक्रवार को यातायात को लेकर दिल्ली पुलिस ने परामर्श जारी किया है। इसमें कहा गया है कि विशेष यातायात व्यवस्था के कारण कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, राजाजी मार्ग, अकबर रोड, सफदरजंग रोड और रायसीना रोड पर आवाजाही नहीं के बराबर रहेगी। परामर्श में कहा गया है कि विशेष यातायात व्यवस्था के कारण सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, पंचशील मार्ग, तुगलक रोड, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, पृथ्वी राज रोड, शाहजहां रोड, जाकिर हुसैन मार्ग, मौलाना आजाद रोड, रफी मार्ग, जनपथ रोड, अशोका रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, मदर टेरेसा क्रीसेंट मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और मथुरा रोड पर भारी जाम की आशंका है।

AUG 05, 2022 09:41 IST

राष्ट्रपति भवन की ओर एक मार्च निकालेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने आवश्यक वस्तुओं पर मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और जीएसटी दर में वृद्धि के खिलाफ पांच अगस्त को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की योजना बनाई है। वह राष्ट्रपति भवन की ओर एक मार्च निकालेगी और प्रदर्शन के तहत प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेगी। 

AUG 05, 2022 09:41 IST

खड़गे से करीब 7 घंटे पूछताछ

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को यंग इंडियन के कार्यालय में छापेमारी की और नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्यसभा में विपक्ष के नेता 80 वर्षीय खड़गे अपराह्न करीब 12 बजकर 40 मिनट पर आईटीओ के पास बहादुर शाह जफर मार्ग पर हेराल्ड हाउस भवन पहुंचे और ईडी के अधिकारियों से मिले। ईडी ने उनके खिलाफ समन जारी किया था, क्योंकि जांच एजेंसी चाहती थी कि यंग इंडियन के कार्यालय पर छापेमारी के दौरान कंपनी के प्रमुख अधिकारी के तौर पर खड़गे मौजूद रहें।