देश

India Weather : पहाड़ी राज्यों से ज्यादा कांप रहे भारत के ये शहर, कहीं पारा शून्य तो कहीं 1 से भी नीचे

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jan 6, 2023, 01:23 PM IST

India Weather Update: राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को दिल्ली के रिज एवं आयानगर केंद्र पर 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यही नहीं, गुरुवार को कई जगहों पर पारा लुढ़कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बीते दो सालों में यह दिल्ली का सबसे न्यूनतम तापमान है।

Image

इन दिनों उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

India Weather : सर्दी के मौसम में आम तौर पर उत्तर भारत के शहर ठंड एवं कोहरे की चपेट में रहते हैं लेकिन इस साल कुछ शहरों का न्यूनतम तापमान पहाड़ी राज्यों को पीछे छोड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार सुबह राजस्थान के बीकानेर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पहुंच गया। जबकि चुरू में यह एक डिग्री सेल्सियस और मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत इस समय कड़ाके की सर्दी और कोहरे की चपेट में है। विभाग का कहना है कि सात जनवरी के बाद उत्तर भारत के तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है।

दिल्ली में गुरुवार को पारा पहुंचा 2.2

राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को दिल्ली के रिज एवं आयानगर केंद्र पर 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यही नहीं, गुरुवार को कई जगहों पर पारा लुढ़कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बताया गया कि बीते दो सालों में यह दिल्ली का सबसे न्यूनतम तापमान है। कोहरे की वजह से दृश्यता गुरुवार को घटकर 50 मीटर रह गई। दिल्ली में सर्दी पहाड़ी राज्यों को भी मात दे रही है। इस समय पहाड़ी हिल स्टेशनों शिमला एवं मसूरी से ज्यादा ठंडी दिल्ली में है।

दिल्ली में देहरादून, मसूरी से ज्यादा सर्दी

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला 5.2, कांगड़ा 3.2, शिमला 3.7, देहरादून 4.6, मसूरी 4.4, नैनीताल 6.2 रहा। इन सभी शहरों से दिल्ली का तापमान कम दर्ज किया गया। पहाड़ी राज्यों के इन सभी हिल स्टेशनों की तुलना में उत्तर भारत में ज्यादा ठंडक पड़ रही है। आईएमडी का कहना है कि सात जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत में सर्दी से राहत मिल सकती है। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर का प्रकोप और सड़कों पर घने कोहरे का असर दिखा। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4°c के आसपास दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने जारी किया ‘ऑरेंज अलर्ट’

मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) के लिए बृहस्पतिवार और शुक्रवार के वास्ते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार रंग के अलर्ट का इस्तेमाल करता है, जिनमें हरा (कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), पीला (ध्यान दें और नवीनतम जानकारी रखें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) शामिल हैं।

श्रीनगर में डल झील जमने लगी है

जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर सहित कई जगहों पर भीषण ठंड पड़ रही है। श्रीनगर स्थित डल झील जम गई है। घाटी में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया। श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था। अधिकारियों ने बताया कि यह इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी। इसके अलावा श्रीनगर में दर्ज यह तापमान, पिछले पांच साल में जनवरी के महीने में दूसरी बार सबसे कम तापमान था। इससे पहले 2021 में 31 जनवरी को शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article