Jitan Ram Manjhi : केंद्रीय मंत्री एवं हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी ने लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से एनडीए के साथ रहने और इसे मजबूत बनाने की अपील की है। दरअसल, बिहार में 'खराब होती' कानून व्यवस्था को लेकर चिराग ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए मांझी ने कहा, 'हम लोग एनडीए में हैं। हमें एनडीए की मदद करनी है। मैं चिराग पासवान को शुभकामनाएं देता हूं। उन्हें एनडीए को मजबूत बनाना चाहिए।'
एनडीए में दिखी दरार!
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शनिवार को दरार नजर आई। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राज्य सरकार पर अपराधियों के सामने ‘नतमस्तक’ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें नीतीश कुमार सरकार का समर्थन करने पर दुख हो रहा है। इस टिप्पणी पर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई और उसने लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष चिराग पासवान से कहा कि ‘पहले वह ये सुनिश्चित करें कि उनकी पार्टी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को पार्टी में शामिल न करे।’
पुलिस अपराधियों के सामने नतमस्तक है-चिराग
भाजपा नीत राजग के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख के गयाजी जिले में एक रैली को संबोधित करने के लिए रवाना होने से पहले पटना में पत्रकारों ने गयाजी में सामूहिक बलात्कार की घटना से जुड़ा सवाल पूछा। पासवान ने कहा, ‘यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषियों को भले ही पकड़ लिया गया हो, लेकिन प्रशासन ऐसे अपराधों को रोकने में असमर्थ है। ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस अपराधियों के सामने नतमस्तक है। स्थिति भयावह है और अफसोस होता है कि मैं एक ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जो कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने में असमर्थ है। हमें ऐसी घटनाओं के पीड़ितों की पीड़ा के बारे में सोचना चाहिए।’
नई सरकार में अपराधी सलाखों के पीछे होंगे-चिराग
पासवान की पार्टी का राज्य की द्विसदनीय विधायिका में कोई प्रतिनिधि नहीं है। हाजीपुर से सांसद पासवान ने रैली में अपना तीखा हमला जारी रखते हुए कहा, ‘1990 के दशक में अपराध अस्वीकार्य था, जब राज्य में राजद का शासन था और यह अब भी अस्वीकार्य होना चाहिए।’उन्होंने कहा, ‘मैं आपसे वादा करता हूं कि विधानसभा चुनाव के बाद अपराध को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा और अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। नई सरकार बनेगी जो मेरे आदर्श वाक्य ‘बिहार पहले, बिहारी पहले’ पर काम करेगी।’
