देश

NDA से अलग होंगे जीतन राम मांझी? पूर्व CM को राज्यसभा सीट की चाहत; बोले- अगर हमें हमारा हक नहीं मिला तो...

Bihar Politics: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार गठन के एक माह बीतने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बगावती तेवर दिखने लगे हैं। उन्होंने एनडीए के भीतर उनके साथ अनुचित व्यवहार होने के आरोप लगाए हैं और अपनी पार्टी के लिए राज्यसभा सीट की मांग की।

Image

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (फाइल फोटो)

Bihar Politics: बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार गठन के एक माह बीतने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बगावती तेवर दिखने लगे हैं। उन्होंने एनडीए के भीतर उनके साथ अनुचित व्यवहार होने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने गठबंधन में अपने साथ हुए कथित "विश्वासघात" के बारे में बात की।

मांझी ने की राज्यसभा सीट की मांग

जीतन राम मांझी ने रविवार को संकेत दिया कि यदि उनकी पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) को राज्यसभा सीट नहीं दी गई तो उन्हें अपने विकल्पों पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने ये टिप्पणी अपने गयाजी संसदीय क्षेत्र में कीं, जहां उन्होंने अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित किया और बाद में पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। मांझी के साथ उनके बेटे संतोष कुमार सुमन (हम से राज्य के मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष) भी थे।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, स्थानीय मगही बोली में मांझी ने कहा, "अगर हमें हमारा हक नहीं मिला, तो हमें अपना रास्ता खुद बनाना होगा। मंत्री पद मेरे लिये कोई बड़ी बात नहीं है। यदि मैं केंद्रीय मंत्रिमंडल में नहीं भी रहा, तो भी मेरा राजनीतिक अस्तित्व कायम रहेगा।’’

जीतन राम मांझी ने क्या कुछ कहा?

मांझी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी, जिसके वह एकमात्र सांसद हैं, अब उच्च सदन (राज्यसभा) में भी एक सीट चाहती है। हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे और सवाल किए, तो मांझी अपने चिर-परिचित अंदाज में पलट गए और कहा, “कृपया मेरी बातों को संदर्भ से बाहर लेकर तोड़ें मरोड़ें नहीं। मैं अपनी पार्टी का कोई फैसला भी नहीं ले सकता, क्योंकि मैं उसका पदाधिकारी नहीं, बल्कि केवल संरक्षक हूं।”

वर्ष 2015 में ‘हम’ का गठन करने वाले 80 वर्षीय नेता मांझी ने कहा कि उनकी टिप्पणी मीडिया की खबरों से प्रेरित थीं, जिनमें संकेत दिया गया था कि आगामी अप्रैल में होने वाले राज्यसभा चुनाव में भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद(यू) को दो-दो सीट मिलेंगी, जबकि एक सीट चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को जाएगी।

'अभी तक पूरा नहीं हुआ वादा'

उन्होंने कहा, “वर्ष 2024 के आम चुनाव से पहले हमें दो लोकसभा सीट और एक राज्यसभा सीट का वादा किया गया था। हमें केवल एक लोकसभा सीट मिली, जिसे हमने राजग के लिए जीता। राज्यसभा सीट को लेकर किया गया वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है और यही बात मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने रखना चाहता था।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article