Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी में स्थित हरमन स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने स्कूल की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर बिल्डिंग को आईईडी ब्लास्ट से उड़ाने की चेतावनी दी है। जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा मेल शनिवार सुबह 11 बजे आया। आज स्कूल की छुट्टी थी, लेकिन स्टाफ के कुछ सदस्य और कुछ छात्रों के परिजन मीटिंग के लिए मौजूद थे। धमकी मिलने के बाद तुरंत ही वे बाहर निकल गए और पुलिस को सूचना दी।
एंटी टेरर स्क्वायड ने भी ली स्कूल की तलाशी
जानकारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने स्कूल के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर बिल्डिंग को आईईडी ब्लास्ट से उड़ाने की चेतावनी दी। मौके पर पहंची पुलिस ने बीडी (बॉम्ब डिस्पोजल) और डीएस (डॉग स्क्वायड) की टीम के साथ स्कूल की सघन तलाशी ली। स्कूल के हर कोने की तलाशी की गई। इसके अलावा, एंटी टेरर स्क्वायड की टीम भी जांच के लिए पहुंची थी। थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि स्कूल के कोने-कोने की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। थाना प्रभारी अनुराग लाल ने यह भी बताया कि स्कूल ने जब तेलुगु में उस मेल का ट्रांसलेशन किया तो उसमें स्कूल को उड़ाने की धमकी दी गई थी। जैसे ही स्कूल के सदस्यों ने मेल पढ़कर पुलिस को जानकारी दी तो सभी जांच टीम में वहां पहुंच गई।
