देश

ऑपरेशन शीशमहल के खुलासे के बाद टाइम्स नाउ नवभारत को मिल रही धमकी, उत्पीड़न का करना पड़ रहा सामना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 6, 2023, 10:13 PM IST

भावना किशोर के मामले में टाइम्स नाउ नवभारत का मानना ​​है कि यह साफ-साफ उत्पीड़न का मामला है। पंजाब की सत्ताधारी पार्टी द्वारा AAP के सर्वोच्च नेता को असहज करने वाली एक स्टोरी को बंद कराने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत को डराने की कोशिश है। यह न केवल प्रतिशोध के लिए राज्य तंत्र का खुल्लम-खुल्ला दुरुपयोग है, बल्कि एससी/एसटी अधिनियम का दुरुपयोग और अनादर भी है

Image

भावना किशोर की गिरफ्तारी पर टाइम्स नाउ नवभारत का बयान

Operation Sheeshmahal में हुए खुलासे के बाद टाइम्स नाउ नवभारत को लगातार डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उसे प्रताड़ित करने की कोशिश हो रही है। चैनल ने ऑपरेशन शीशमहल में दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के रिनोवेशन पर होने वाले बेहिसाब खर्च का खुलासा किया था। इस स्टोरी को कवर करने के दौरान पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में आप के नेता और निजी सुरक्षा कर्मियों के द्वारा चैनल के कर्मियों के साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है। इसके बावजूद जनता के हित में टाइम्स नाउ नवभारत लगातार ऑपरेशन शीशमहल के जरिए सच्ची तस्वीर दिखाता रहा है, नेताओं का इंटरव्यू करता रहा है।

भावना की गिरफ्तारी चौंकाने वाली

इसी बाच अचानक से 5 मई 2023 को लुधियाना में टाइम्स नाउ नवभारत की पत्रकार भावना किशोर को कैमरामैन मृत्युंजय और उनके ड्राइवर के साथ गिरफ्तार कर लिया जाता है। निमंत्रण मिलने के बाद भावना किशोर अपनी टीम के साथ अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भागवत मान के एक कार्यक्रम को कवर करने के लिए लुधियाना गईं थीं। जहां उन्हें लुधियाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लुधियाना पुलिस द्वारा "तेज़ गाड़ी चलाने और दलितों का अपमान करने" के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया।

सुनियोजित थी गिरफ्तारी

ऐसा प्रतीत होता है कि 05 मई की घटना सुनियोजित थी। सबसे पहले केजरीवाल के मोहल्ला क्लिनिक के कार्यक्रम को कवर करने के लिए टीम को रोका जाता है। उन्हें कार्यक्रम को कवर करने नहीं दिया जाता है। शाम करीब 4 बजे वहां से लौटते समय, उन्हें एक ई-रिक्शा में सवार महिलाओं के एक समूह द्वारा रोका जाता है, जो उस कार से जा टकराई थी, जिसमें भावना और उनकी टीम यात्रा कर रही थी। इसके बाद भावना की टीम को जबरन रोक लिया जाता है। आपस में कहा-सुनी होती है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को बुला लिया जाता है। हमारे पास यह मानने के कारण हैं कि ये महिलाएं आप कार्यकर्ताओं से प्रेरित थीं। उन्होंने कथित तौर पर दावा किया कि भावना की टीम ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, दुर्व्यवहार किया। अब यहां सवाल ये उठता है कि दिल्ली से आए लोग, जो लुधियाना के लिए अंजान है, सड़क पर अजनबियों की जाति का अनुमान कैसे लगा पाएंगे?

पुलिस का व्यवहार संदेहास्पद

इसके बाद जब पुलिस आती है तो वो कई नियमों का उल्लंघन करती है। पुलिस एक महिला रिपोर्टर को, बिना महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति के अवैध रूप से हिरासत में लेती है। जो पुलिसकर्मी भावना को हिरासत में लेता है, उसकी वर्दी पर नेमप्लेट तक नहीं होता है। जो ड्यूटी पर जरूरी चीजों में बेहद अहम है। हिरासत के तुरंत बाद परिवार के सदस्यों को सूचित करना होता है, लेकिन इसका भी उल्लघंन होता है। भावना के परिवार को रात 10:41 बजे सूचित किया जाता है। सूर्यास्त के बाद किसी भी महिला को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है। इसके बावजूद भावना को न केवल रात 8:55 बजे गिरफ्तार किया गया था, बल्कि उसे रात भर और शनिवार को दोपहर तक पुलिस स्टेशन में भी रखा जाता है। उन्हें किसी भी कानूनी या फोन की पहुंच से भी वंचित कर दिया जाता है। इसके साथ ही भावना किशोर को गुरुमुखी में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया जाता है।

टाइम्स नाउ नवभारत को डराने की कोशिश

हमारा मानना है कि यह साफ-साफ उत्पीड़न का मामला है। पंजाब की सत्ताधारी पार्टी द्वारा AAP के सर्वोच्च नेता को असहज करने वाली एक स्टोरी को बंद कराने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत को डराने की कोशिश है। यह न केवल प्रतिशोध के लिए राज्य तंत्र का खुल्लम-खुल्ला दुरुपयोग है, बल्कि एससी/एसटी अधिनियम का दुरुपयोग और अनादर भी है, जिसे गलत तरीके से और बिना किसी आधार के डराने के लिए लागू किया जा रहा है। टाइम्स नेटवर्क कानूनी सहयोग ले रहा है और जांच अधिकारियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रहा है।

टाइम्स नेटवर्क के बारे में

टाइम्स नेटवर्क, एक प्रीमियम प्रसारण नेटवर्क है, भारत के सबसे बड़े मीडिया समूह, टाइम्स ग्रुप का हिस्सा है। टाइम्स नेटवर्क अपने मूलमंत्र नाउ या नथिंग के साथ भारत में 100 मिलियन से ज्यादा शहरी दर्शकों तक अपनी पहुंच रखता है। साथ ही यह दुनिया भर के 100 से अधिक देशों में उपलब्ध है। इसमें सर्वश्रेष्ठ समाचार चैनल से लेकर हॉलीवुड और बॉलीवुड तक के ब्रांड शामिल हैं। जिसमें टाइम्स नाउ- भारत का प्रमुख अंग्रेजी समाचार चैनल, ईटी नाउ - भारत का प्रमुख अंग्रेजी बिजनेस न्यूज चैनल, मिरर नाउ -लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने वाला चैनल, टाइम्स नाउ नवभारत - एसडी और एचडी में नेटवर्क का हिंदी समाचार चैनल, ईटी नाउ स्वदेश - नेटवर्क का हिंदी बिजनेस न्यूज चैनल, मूवीज़ नाउ और मूवीज़ नाउ एचडी, MN+-, रोमेडी नाउ, MNX and MNX HD, जूम और जूम स्टूडियोज, टाइम्स क्रॉनिकल्स, Timesnownews.com, नेटवर्क की डिजिटल इकाई शामिल है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article