Bharat Bandh Impact on Indian Railway, Train Routes: न्यूतनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग को लेकर किसानों ने आज भारत बंद का आह्ववान किया है। किसानों के इस बंद को ट्रक एवं ट्रेड यूनियनों की तरफ से भी समर्थन दिया गया है। किसानों ने पंजाब-हरियाणा समेत कई राजमार्गों के साथ ही रेल यातायात बाधित करने का भी ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 6 बजे ही किसान कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और उसे बाधित कर दिया।
पंजाब में किसानों ने चार घंटे के लिए रेल रोको का भी आह्वान किया है। रेलवे के अनुसार, किसान आंदोलन के चलते शताब्दी और शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ही निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा किसान पंजाब के लुधियाना में कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए हैं और रेल यातायात को बाधित कर दिया है।
लोगों को हो सकती है परेशानी
रेल यातायात बाधित करने के कारण कई ट्रेनों के देरी से चलने और कैंसिल होने की संभावना है। ऐसे में कई यात्रियों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, किसानों की ओर से कहा गया है कि रेल रोको आंदोलन तीन से चार घंटे तक ही रहेगा और इमरजेंसी सेवाओं को बाधित करने की कोशिश नहीं की जाएगी।
सरकार और किसानों के बीच बातचीत फिर से बेनतीजा
किसानों और सरकार के बीच गुरुवार को एक बार फिर से बातचीत हुई। हालांकि, इस बातचीत में भी किसानों की समस्या का हल नहीं निकल पाया, लिहाजा वार्ता फेल हो गई। इसके बाद किसानों ने कहा है कि उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसान संगठनों की ओर से बताया गया है कि रविवार को एक बार फिर से किसान और सरकार के बीच वार्ता होगी।
