देश

बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज, चप्पे-चप्पे पर होगी सुरक्षा; झालमुड़ी और रसगुल्ले से मेहमानों का स्वागत

Bengal Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है, जहां मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल शपथ लेंगे।

Image

ब्रिगेड मैदान में बन रहे तीन बड़े हैंगर, भव्य होगा समारोह

Photo : ANI

Bengal Oath Ceremony: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री (Bengal New CM) के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके बाद शनिवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की संभावना है। शपथ समारोह की तैयारियां कोलकाता के प्रसिद्ध ब्रिगेड मैदान में तेजी से चल रही हैं। यहां तीन बड़े हैंगर बनाए जा रहे हैं।

10 हजार वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना

बीच वाले हिस्से में मुख्य मंच तैयार किया गया है, जिसे तीन भागों में बांटा गया है। मंच के मध्य भाग में राज्यपाल नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मंच के एक हिस्से में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बैठेंगे। वहीं दूसरे हिस्से में पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट के मंत्री मौजूद रहेंगे। समारोह में करीब 10 हजार वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। मेहमानों की एंट्री के लिए 20 अलग-अलग गेट बनाए जा रहे हैं।

रामकृष्ण परमहंस और मां शारदा की देखने को मिलेगी झलक

हर गेट को बंगाल की संस्कृति और परंपरा के अनुसार सजाया जाएगा। टेराकोटा घोड़े खास आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा रामकृष्ण परमहंस और मां शारदा की झलक भी हर गेट पर देखने को मिलेगी। ब्रिगेड मैदान को बंगाल के महान व्यक्तित्वों की तस्वीरों से सजाया जाएगा। पूरे समारोह में बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को खास महत्व दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान रवींद्र संगीत से पूरा मैदान गूंजेगा। शपथ ग्रहण समारोह में बंगाल के स्वाद का भी खास इंतजाम किया गया है।

झालमुड़ी, रसगुल्ला और संदेश जैसे पारंपरिक व्यंजन रहेंगे उपलब्ध

मेहमानों के लिए झालमुड़ी, रसगुल्ला और संदेश जैसे पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध होंगे। अलग-अलग स्टॉल्स पर बंगाल के प्रसिद्ध स्वाद का आनंद लिया जा सकेगा। इसके अलावा समारोह में छऊ नृत्य और बाउल गान जैसे लोक कला कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इस तरह यह आयोजन सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति, कला और परंपरा का बड़ा उत्सव भी बनने जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article