LIVE

Bangalore Bandh, 26 September 2023: हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी, भाजपा ने किया विरोध; बेंगलुरु बंद का दिखा मिला-जुला असर

बेंगलुरू बंद Live

Bangalore Bandh, 26 September 2023: हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी, भाजपा ने किया विरोध; बेंगलुरु बंद का दिखा मिला-जुला असर

Bangalore Bandh Today 26 September 2023 News Updates, Karnataka Bangaluru Bandh 2023 Date, Timings: तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का जल छोड़े जाने को लेकर कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसी सिलसिले में बेंगलुरु में मंगलवार को विभिन्न संगठनों की ओर से बंद का आह्वान किया गया। फेडरेशन ऑफ फार्मर्स एसोसिएशन्स, दि फेडरेशन ऑफ प्रो-कन्नड ऑर्गनाइजेशन्स, कावेरी जल संरक्षण समिति और ऑर्गनाइजेशन फॉर दि बेंगलुरू रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पूर्ण बंद बुलाया गया। बेंगलुरु में धारा 144 लागू की गई। पुलिस कमिश्नर की ओर से आदेश जारी किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर एक साथ पांच लोगों के इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि इस बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। काफी जगहों पर दुकानें बंद थीं और सड़कों पर भी लोगों की तादाद कम नजर आई। नीचे पढ़ें पल-पल के अपडेट्स...

SEPT 26, 2023 17:42 IST

कुमारस्वामी ने कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग की

जिन कार्यकर्ताओं और किसानों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। बिना और समय बर्बाद किए तमिलनाडु को पानी छोड़ना बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक के लोग स्पष्ट रूप से समझ गए हैं कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार के साथ कांग्रेस पार्टी के बीच मौन सहमति के कारण ही राज्य कावेरी संकट से गुजर रहा है। कुमारस्वामी ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस नेता सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए कोविड महामारी के चरम पर मेकेदातु परियोजना की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाल सकते हैं, तो क्या कर्नाटक के लोग कावेरी नदी के लिए विरोध प्रदर्शन नहीं कर सकते, जो उनकी जीवन रेखा है? देर रात बंद का आह्वान करने वाले प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी कांग्रेस सरकार की नीचता की पराकाष्ठा है। कुमारस्वामी ने यह भी घोषणा की कि वह कावेरी बंद को पूरा समर्थन दे रहे हैं। विरोध शांतिपूर्ण हो और बंद सफल हो। जद (एस) कार्यकर्ता भी बंद में सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
SEPT 26, 2023 17:41 IST

कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़के कुमारस्वामी

कावेरी विवाद पर आंदोलन कर रहे लोगों की गिरफ्तारी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने मंगलवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्हें तमिलनाडु में द्रमुक सरकार की बी-टीम बताया। एचडी कुमारस्वामी ने पत्रकारों से बात करते हुए तमिलनाडु को कावेरी का पानी छोड़े जाने की निंदा करते हुए राज्य में विरोध प्रदर्शन कर रहे संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए कांग्रेस सरकार की आलोचना की। कुमारस्वामी ने पूछा, "क्या यह कर्नाटक के लोगों की सरकार है, या तमिलनाडु द्रमुक सरकार और मुख्यमंत्री एमके. स्टालिन के लिए काम कर रही है? कर्नाटक के लोगों ने किसे वोट दिया?"
SEPT 26, 2023 15:45 IST

कर्नाटक बंद का दोपहर तक मिला-जुला असर

तमिलनाडु के साथ कावेरी नदी जल विवाद को लेकर 26 सितंबर को कन्नड़ समर्थक संगठनों और किसानों द्वारा बुलाए गए बंद पर बेंगलुरु में दोपहर तक मिली-जुली प्रतिक्रिया देखी गई। सड़कों पर भीड़ थोड़ी कम नजर आई और कई दुकानें भी बंद रहीं।
SEPT 26, 2023 14:33 IST

किसानों का 'रेल रोको' विरोध प्रदर्शन

कारोवी जल बंटवारे के मुद्दे को लेकर तमिलनाडु के तंजावुर में किसानों ने 'रेल रोको' विरोध प्रदर्शन किया।
SEPT 26, 2023 14:23 IST

कर्नाटक ने पानी देने से किया इंकार

आज कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) की 87वीं बैठक में, कर्नाटक ने कहा कि वह अपने जलाशयों से कोई भी पानी छोड़ने या अंतरराज्यीय सीमा बिलिगुंडलू पर बनाए रखने के लिए अपने जलाशयों से किसी भी प्रवाह में योगदान करने की स्थिति में नहीं है। जबकि तमिलनाडु ने बैठक में अपनी प्रारंभिक टिप्पणी में सीडब्ल्यूआरएस से 12,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का आग्रह किया है।
SEPT 26, 2023 13:25 IST

बेंगलुरु के बाद अब 29 सितंबर को कर्नाटक बंद

तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के खिलाफ किसानों और कन्नड़ संगठनों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच इस सप्ताह में दो बंद का आह्वान किया गया है। पहला मंगलवार को बेंगलुरु बंद है, जिसके चलते लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम नजर आई। वहीं दूसरे बंद की घोषणा 29 सितंबर को की गई है। कन्नड़ समर्थक समूहों ने 29 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल की योजना बनाई है। कन्नड़ कार्यकर्ता वतल नागराज के नेतृत्व वाले ‘कन्नड़ ओक्कुटा’ के बैनर तले 29 सितंबर को कर्नाटक बंद की घोषणा की गई। इस बंद का कई समूहों ने समर्थन किया है।
SEPT 26, 2023 12:25 IST

बंद को भाजपा व जेडीएस का समर्थन

तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के खिलाफ किसानों और कन्नड़ संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत ‘बेंगलुरु बंद’ को आंशिक प्रतिक्रिया मिली और अधिकतर सार्वजनिक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं, लेकिन लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम नजर आई। इस बंद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) ने समर्थन दिया है।
SEPT 26, 2023 12:08 IST

शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगा बंद

बंद शाम 6 बजे तक रहेगा। निजी परिवहन के कुल 37 संगठनों और नागरिक एजेंसियों, सरकारी निगमों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों सहित 95 अन्य संगठनों ने बंद को अपना समर्थन दिया है।
SEPT 26, 2023 11:37 IST

20 प्रदर्शनकारी हिरासत में

तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के खिलाफ विरोध मार्च निकालने का प्रयास करने पर कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार सुबह यहां 20 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। उन पर धारा 144 के आदेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
SEPT 26, 2023 11:23 IST

आम आदमी पार्टी ने बोला हमला

आम आदमी पार्टी की कर्नाटक इकाई ने सोमवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर किसान समूहों और कई समर्थक कन्नड़ संगठनों द्वारा 26 सितंबर को बुलाए गए बेंगलुरु बंद की अनुमति नहीं देकर राज्य के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। आप राज्य मीडिया के जगदीश वी सदाम ने कहा, राज्य सरकार ने अंतिम समय में बेंगलुरु बंद की अनुमति देने से इनकार करके राज्य के लोगों को धोखा दिया है। यह दुखद है कि सरकार ने हमारे लोगों के पीने के पानी और जीवन के लिए लड़ने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
SEPT 26, 2023 11:20 IST

बेंगलुरू बंद का दिखा आंशिक असर

किसानों और कन्नड़ संगठनों द्वारा बुलाए गए बेंगलुरू बंद का आंशिक असर दिख रहा है। अधिकतर सेवाएं सामान्य रूप से काम कर ही हैं। हालांकि, बंद के चलते कम लोग ही घर से बाहर निकले हैं।
SEPT 26, 2023 11:07 IST

Bangalore Bandh LIVE: बेंगलुरू में पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्रभावित

बेंगलुरू बंद के आह्वान के चलते पब्लिक ट्रांसपोर्ट प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी समस्या हो रही है। ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों ने इस बंद को अपना समर्थन दिया है। ऐसे में लोग बस सेवा पर ही निर्भर हैं।
SEPT 26, 2023 10:03 IST

Bangalore Bandh LIVE: किसानों का प्रदर्शन जारी

कर्नाटक के बेंगलुरु में किसानों ने तमिलनाडु को कावेरी जल छोड़े जाने को लेकर अपना विरोध जारी रखा है। किसान सड़क पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
SEPT 26, 2023 10:02 IST

कई जगहों पर बस सेवा भी प्रभावित

कावेरी जल मुद्दे को लेकर बेंगलुरु में बुलाए गए 'बंद' के बीच तमिलनाडु से कर्नाटक की ओर जाने वाली बस सेवाएं बाधित हैं। तमिलनाडु की कई बसों को राज्य के कृष्णागिरी जिले के ज़ुज़ुवाडी में रोका जा रहा है।
SEPT 26, 2023 10:01 IST

Bangalore Bandh LIVE: एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

बेंगलुरू में बंद के आह्वान पर एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए एडवाजरी जारी की है। यात्रियों को ढाई घंटे पहले बेंगलुरू एयरपोर्ट पर पहुंचने को लिए कहा गया है।
SEPT 26, 2023 10:00 IST

Bangalore Bandh LIVE: स्कूल-कॉलेजों में की गई छुट्टी

कावेरी जल विवाद को लेकर बेंगलुरू बंद के आह्वान पर पूरे बेंगलुरू के स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। यह आदेश बेंगलुरू के डीएम की ओर से जारी किया गया है।
SEPT 26, 2023 09:59 IST

Bangalore Bandh LIVE: बेंगलुरू में धारा 144 लागू

विभिन्न संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद के चलते बेंगलुरू में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि एक स्थान पर पांच लोगों के खड़े होने की अनुमति नहीं है।