Indian-Flagged Ship Attacked: देवभूमि द्वारका जिले के सलाया बंदर से जुड़े भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज ‘MSV हाजी अली’ के ओमान के समुद्री क्षेत्र में डूबने की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज पर ड्रोन या रॉकेट जैसी किसी विस्फोटक वस्तु के टकराने से आग लग गई, जिसके बाद जहाज समुद्र में डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय खलासियों को ओमान कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ‘MSV हाजी अली’ (रजिस्ट्रेशन नंबर BDI-1492) 5 मई 2026 को सोमालिया के बरबेरा पोर्ट से पशुधन लेकर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह पोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर कुल 14 लोग सवार थे, जिनमें एक टंडेल और 13 क्रू सदस्य शामिल थे। जहाज के टंडेल की पहचान हमीद हाजीअब्दुल संघार के रूप में हुई है।
रॉकेट या ड्रोन से हमला
घटना 13 मई की तड़के करीब 3:30 बजे ओमान के लिमाह क्षेत्र के पास हुई। बताया गया है कि जहाज के स्टारबोर्ड यानी दाहिनी ओर किसी रॉकेट या ड्रोन जैसी वस्तु ने टक्कर मारी, जिससे जहाज में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण जहाज को बचाया नहीं जा सका और वह समुद्र में डूब गया। स्थिति गंभीर होते देख सभी क्रू सदस्यों ने लाइफबोट की मदद से जहाज खाली किया और समुद्र में सुरक्षित दूरी बनाई। बाद में सुबह करीब 11 बजे ओमान कोस्ट गार्ड ने सभी 14 खलासियों को समुद्र से रेस्क्यू किया। इसके बाद उन्हें दोपहर करीब 12:30 बजे डिब्बा पोर्ट पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार रॉयल पुलिस ऑफ ओमान द्वारा सभी खलासियों के बयान और पूछताछ की प्रक्रिया पूरी की गई है। घटना में किसी भी खलासी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। जहाज के दस्तावेज, पासपोर्ट और पहचान पत्र भी सुरक्षित बताए गए हैं। इंडियन सेलिंग वेसल्स एसोसिएशन के महासचिव आदम भाया ने बताया कि भारत सरकार से सभी खलासियों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अधिकांश खलासी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और फिलहाल मानसिक रूप से तनाव की स्थिति में हैं।
MEA ने क्या कहा?
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारतीय जहाज पर हमला हुआ है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हुए हमले में सवार सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य है। MEA ने कहा, ओमान तट के पास कल भारतीय झंडे वाले जहाज पर हुआ हमला अस्वीकार्य है। हम इस बात की निंदा करते हैं कि कमर्शियल जहाजों और नागरिक नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। जहाज पर मौजूद सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें बचाने के लिए हम ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं। भारत दोहराता है कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में डालना या नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालने जैसी गतिविधियों से बचा जाना चाहिए।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना
प्रारंभिक स्तर पर इस घटना को अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में बढ़ते तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि हमले की प्रकृति और जिम्मेदार पक्ष को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। एक सप्ताह के भीतर सलाया से जुड़े दूसरे जहाज के साथ ऐसी घटना सामने आने से समुद्री व्यापार और नाविक समुदाय में चिंता बढ़ गई है। हाली अली वेसल के मालिक सुल्तान अहमद संधार ने कहा कि मेरा जहाज बरबरा, सोमालिया से पशुधन लेकर दुबई और शारजाह के लिए निकला था। आज तड़के सुबह करीब 3:30 बजे, किसी विस्फोटक पदार्थ के जहाज पर गिरने के कारण उसमें भीषण आग लग गई। जहाज पर कुल 14 लोग सवार थे, जो सभी अब पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन सभी को ओमान के दीबा पोर्ट पर सुरक्षित रेस्क्यू (बचाव) कर लिया गया है।
