Assembly Elections 2024 : चुनाव आयोग ने हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसाभा चुनावों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा चुनाव की बारी है। जम्मू एवं कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर, 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान एक अक्टूबर को होगा। दोनों राज्यों के चुनाव नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।
जम्मू-कश्मीर में विस की कुल 90 सीटें
जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव के बारे में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं। इनमें 74 सीटें सामान्य, अनुसूचित जाति के लिए 7 और अनुसूचित जनजाति के लिए 9 सीटें हैं। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 87.09 है। इनमें 44.46 लाख पुरुष मतदाता और 42.62 लाख महिला मतदाता हैं। पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या 3.71 लाख हैं। युवा वोटरों की संख्या 20.7 लाख है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को समाप्त हो रही है और अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन 20 अगस्त को होगा।
यह भी पढ़ें- Jammu Kashmir Assembly Elections: जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों की घोषणा, तीन चरणों में होंगे मतदान
कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई-सीईसी
सीईसी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव के दौरान पुनर्मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। कोई बड़ी हिंसा नहीं हुई। गड़बड़ी रोकने के लिए जम्मू-कश्मीर में 100 करोड़ रुपये मूल्य की जब्ती भी हुई थी। जम्मू-कश्मीर में 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं। यहां 87.09 लाख मतदाता हैं। 44.46 लाख पुरुष और 42.63 लाख महिला मतदाता होंगी। यहां पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 3.71 लाख होगी। साथ ही कुल 20 लाख से ज्यादा युवा मतदाता होंगे।
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर का दौरा किया-सीईसी
पीसी को संबोधित करते हुए राजीव कुमार ने कहा कि हाल ही में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर का हमने दौरा किया। वहां के लोग लालायित हैं चुनाव के लिए। जम्मू कश्मीर के बारे में पहले जिक्र करें तो आपको याद होगा कि लोकसभा चुनाव के दौरान वहां मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें जम्हूरियत की ताकत का बेहतरीन उदाहरण पेश करती हैं।
हरियाणा के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को होगी जारी
कुमार द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना पांच सितंबर को जारी होगी तथा नामांकन 12 सितंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की आखिरी तारीख 16 सितंबर होगी। कुमार ने बताया कि मतदान एक चरण में एक अक्टूबर को होगा तथा चार अक्टूबर को मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में 2.01 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 95 लाख महिलाएं हैं।
हरियाणा में अभी BJP की सरकार
हरियाणा में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। इसका कार्यकाल तीन नवंबर को पूरा हो रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में सीट साझेदारी को लेकर असहमति के बाद यह गठबंधन टूट गया था। बाद में भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन के दम पर अपनी सरकार बचा ली।
