देश

रात, सुनसान सड़क और पत्नी का इशारा... कैसे अंजू ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट? पुलिस ने खोले सारे राज

राजस्थान के श्रीगंगनर जिले में आशीष की मौत को पहले सड़क हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या निकला। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतक की पत्नी अर्जु उर्फ अंजली ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। शादी के महज तीन महीने बाद अंजली ने आशीष को सुनसान जगह ले जाकर उसकी हत्या करवाई और वारदात को हादसे व लूट का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

राजस्थान में अंजू नामक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

राजस्थान के श्रीगंगनर जिले में हुए आशीष हत्याकांड को लेकर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासे किए हैं। अब तक जिसे पुलिस सड़क दुर्घटना मान रही थी, वो आखिरकार एक सोची समझी हत्या की साजिश में बदल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस पूरे मामले को सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं। दरअसल, 31 जनवरी 2026 को बजीरचंद नाम के व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके भतीजे आशीष की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस शुरुआती जांच में जुट गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और चोटों का पैटर्न सड़क हादसे से मेल नहीं खा रहा था। धीरे-धीरे घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों के मन में शक गहराता चला गया।

तीन महीने पहले हुई थी आशीष की शादी

पुलिस ने आशीष के कॉल डिटेल, मूवमेंट और घटनास्थल की बारिकी से जांच की। पुलिस ने आशीष के करीबी से पूछताछ शुरू की। यह जानकारी सामने आई कि सिर्फ तीन महीने पहले ही आशीष की शादी अर्जु उर्फ अंजली से हुई थी, लेकिन अंजलि इस शादी से खुश नहीं थी। वहीं, संजय उर्फ संजू नाम के युवक से संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर आशीष को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

प्लानिंग के साथ आशीष को उतारा मौत के घाट

पुलिस ने जानकारी दी कि घटना वाली रात अंजली ने आशीष को घूमने के बहाने सुनसान सड़क पर ले गई, जहां पहले से मौजूद आरोपियों को इशारा किया गया। आरोपियों ने आशीष पर डंडों से हमला कर उसे बेहोश किया और इसके बाद मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को सड़क दुर्घटना और लूट का रूप देने के लिए अंजली ने आरोपियों को आशीष का मोबाइल फोन और अपने झुमके सौंप दिए, ताकि साक्ष्य भटकाए जा सकें। पुलिस का दावा है कि हमलावरों को आशीष का मोबाइल और अंजली के झुमके देकर उसे भगा दिया गया, ताकि वारदात को लूट और एक्सीडेंट का नाम दिया जा सके।

धीरे-धीरे जांच आगे बढ़ती गई और पुलिस ने संजय, रोहित उर्फ रॉकी, बादल उर्फ सिद्धार्थ और पत्नी अर्जु उर्फ अंजली को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि इस घटना ने एक बार फिर सोनम रघुवंशी केस की याद दिला दी है। बता दें कि मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी. हत्या की साजिश में सोनम और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आई थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article