Kejriwal New Address: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को 95, लोधी एस्टेट में केंद्र सरकार द्वारा आवंटित टाइप-7 सरकारी बंगले में स्थानांतरित हो गए।
केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्र सरकार ने हाल ही में अदालत के निर्देशों के बाद उन्हें यह बंगला आवंटित किया, क्योंकि वह आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक हैं। उन्होंने कहा, ''पिछले कुछ दिनों में केंद्र सरकार ने अदालत के आदेश पर मुझे एक मकान आवंटित किया, क्योंकि मैं आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक हूं। अब मैं अपने परिवार के साथ उस मकान में स्थानांतरित हो गया हूं।''
कब आवंटित हुआ था बंगला?
टाइप-7 बंगले का आवंटन पिछले वर्ष अक्टूबर में किया गया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने पुष्टि की थी कि केजरीवाल 95, लोधी एस्टेट स्थित आवास में रहने जाएंगे। उस समय पार्टी ने कहा था कि यह आवंटन दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को फटकार लगाए जाने के बाद किया गया।
पहले कहां रहते थे केजरीवाल
केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी आवास में रह रहे थे। सितंबर 2024 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वह राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल को आवंटित सरकारी बंगले में रहने चले गए थे।
AAP में पड़ी बड़ी फूट
हालांकि, केजरीवाल ऐसे मौके पर 95, लोधी एस्टेट में शिफ्ट हुए जब उनकी पार्टी में बड़ी फूट पड़ गई। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पहले आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। फिर कुछ वक्त बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़ते हुए दावा किया था कि राज्यसभा में आप के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं। उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और राज्यसभा के सभापति को दस्तावेज सौंप दिए हैं।
