ZyCOV-D Vaccine: अक्टूबर में दस्तक दे सकती है जायकोव-डी वैक्सीन, बच्चों के लिए अहम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2021, 10:04 PM IST

12 वर्ष से ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए देश को वैक्सीन का इंतजार है। उम्मीद जताई जा रही है कि जायडस कैडिला की जायकोव-डी अक्टूबर में बाजारों में दस्तक दे सकती है।

ZyCOV-D Vaccine: अक्टूबर में दस्तक दे सकती है जायकोव-डी वैक्सीन, बच्चों के लिए अहम

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वैक्सीनेशन ही सबसे बड़ा हथियार है। इस समय देश में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों का टीकाकरण हो रहा है और इस अभियान में कोवैक्सीन, कोविशील्ड के साथ स्पुतनिक वी का इस्तेमाल किया जा रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक करीब 54 फीसद आबादी को सिंगल डोज लग चुका है और 18 फीसद आबादी डबल डोज ले चुकी है। इन सबके बीच जायडस कैडिला की वैक्सीन जायकोव-डी के बाजार में अक्टूबर के महीने में दस्तक देने की उम्मीद जताई जा रही है।

जायकोव-डी के कुल तीन डोज
जायडस कैडिला की जायकोव डी के कुल तीन डोज लगेंगे।  पहले डोज के 28वें दिन बाद दूसरा और तीसरा डोज 56 वें दिन। इसे आप इस तरह भी समझ सकते हैं यदि पहला डोज 1 नवंबर को लगाते हैं तो दूसरा डोज 29 नवंबर और तीसरा डोज, 28 दिसंबर के आस पास लगेगा। इस वैक्सीन का इस्तेमाल वयस्क और किशोर दोनों उम्र के बच्चे कर सकते हैं। 

अक्टूबर के महीने से 1 करोड़ डोज उत्पादन की संभावना
कोविड 19 वैक्सीन के खिलाफ जायकोव डी 66 फीसद प्रभावी बताया जा रहा है। इसके अलावा डेल्टा वैरिएंट के खिलाफ भी 66 फीसद है।जायकोव डी कीमत के बारे में अभी भी स्पष्ट जानकारी नहीं है। इस संबंध में  जायडस कैडिला के एमडी डॉ शर्विल पटेल ने पहले बताया था फिलहाल कुछ कहना संभव नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा था कि अक्टूबर के महीने से जायकोव-डी का उत्पादन एक करोड़ के करीब हो सकता है।





End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!