पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मियों के बीच बम ब्‍लास्‍ट, BJP के 6 कार्यकर्ता जख्‍मी, TMC पर लगाया आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 6, 2021, 09:17 AM IST

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा उफान पर है। इस बीच टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पों की कई रिपोर्ट्स सामने आ रही है।

पश्चिम बंगाल में सियासी सरगर्मियों के बीच बम ब्‍लास्‍ट, BJP के 6 कार्यकर्ता जख्‍मी, TMC पर लगाया आरोप
Photo Credit: ANI

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच सत्‍तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पों की लगातार रिपोर्ट्स आ रही हैं। अब दक्षिण 24 परगना जिले के एक गांव में बम ब्‍लास्‍ट की जानकारी सामने आई है, जिसमें बीजेपी के 6 कार्यर्ता जख्‍मी हो गए हैं। उन्‍होंने टीएमसी पर इसका आरोप लगाया है।

यह घटना दक्षिण 24 परगना जिले के रामपुर गांव की है। बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शुक्रवार देर रात वे एक शादी समारोह से लौट रहे थे, जब उन पर देसी बम से हमला किया। उन्‍होंने आरोप लगाया कि टीएसमी के कार्यकर्ताओं ने उनकी ओर देसी बम उछाला, जिसमें विस्‍फोट हुआ और छह लोग जख्‍मी हो गए। उन्‍हें उपचार के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जबकि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा उफान पर है। बीते सप्‍ताह उत्‍तरी 24 परगना जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसमें बीजेपी कार्यकर्ता गोपाल मजूमदार ने टीएमसी के तीन कार्यकर्ताओं पर 27 फरवरी को उनके घर में घुसकर बूढ़ी मां के साथ मारपीट का आरोप लगाया था। बीजेपी ने इसे लेकर टीएमसी पर निशाना साधते हुए कोलकाता की सड़कों पर बुजुर्ग महिला के पोस्‍टर भी लगाए थे और लिखा था, 'क्या ये बंगाल की बेटी नहीं हैं?'

इससे पहले 17  फरवरी को पश्चिम बंगाल के मंत्री जाकिर हुसैन पर देसी बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्‍मी हो गए थे। उन पर मुर्शिदाबाद के निमिटटा रेलवे स्टेशन परिसर में हमला किया गया था, जिस पर पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह एक साजिश का हिस्सा थी और कुछ लोग उन पर अपनी पार्टी में शामिल होने का दबाव बना रहे थे। उन्‍होंने यह भी कहा कि चूंकि यह हमला रेलवे परिसर में हुआ, इसलिए केन्द्रीय उपक्रम की इसे लेकर जवाबदेही बनती है।

End of Article