Weather Today, 14 July 2022: गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा देश का मौसम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 14, 2022, 06:00 AM IST

Weather Forecast Today, 14 July 2022 (आज का मौसम) : गुजरात समेत कई राज्यों में भारी बारिश का कहर जारी है। आईएमडी ने दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के जिलों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

Weather Today, 14 July 2022: गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा देश का मौसम
Photo Credit: ANI

Weather Forecast Today, 14 July 2022: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का कहर जारी है। दक्षिण गुजरात और कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में बारिश संबंधी घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के जिलों के लिए भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। चक्रवात समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। मानसून अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है।

आज के मौसम की भविष्यवाणी

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, कोंकण और गोवा, गुजरात के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और दक्षिण मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, जम्मू कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। झारखंड, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

देश की राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार की सुबह हल्की बारिश हुई, लेकिन दिन में तेज उमस के कारण लोगों को परेशानी हुई। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला ने बुधवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच राजधानी में दो मिमी बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 68 से 95 प्रतिशत के बीच रहा। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा कि उच्च आर्द्रता और उच्च तापमान संवहनी बादलों का निर्माण करते हैं, जिससे कम बारिश होती है। उन्होंने कहा कि यह हम पिछले दो दिनों से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में देख रहे हैं। मौसम विज्ञानी ने कहा कि अगले दो दिनों में संवहन से बारिश होने की संभावना है।
 

End of Article