'Aadhaar Card दिखाइए तभी मिलेगा खाना', बारातियों से बोले लड़की वाले; जो न दिखा पाए उन्हें लौटाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 26, 2022, 10:53 AM IST

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया- पहले मेहमानों को स्नैक्स ऑफर किए गए थे। पर उनकी संख्या बढ़ती ही गई और जब खाने की बारी आई, तब भीड़ बहुत बढ़ चुकी थी।

'Aadhaar Card दिखाइए तभी मिलेगा खाना', बारातियों से बोले लड़की वाले; जो न दिखा पाए उन्हें लौटाया

आधार कार्ड (Aadhaar Card) की जरूरत आम तौर पर जरूरी काम-काज और पैसों से जुड़े लेन-देन के दौरान पड़ती है, पर अगर किसी बारात में इसे मांग लिया जाए तब क्या होगा?...आप यह सुन कर सन्न रह गए न। जी हां, उत्तर प्रदेश में एक शादी के दौरान बारातियों के साथ कुछ ऐसा ही वाकया हुआ। खाना खाने से पहले उनसे अपना-अपना आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा गया था। जैसे ही यह दस्तावेज मांगा यह बात सुनकर हक्के-बक्के रह गए।  

दरअसल, यह पूरा मामला अमरोहा का है। वहां पर लड़के वाले खाना खाने पहुंचे तो लड़की पक्ष के लोगों ने उसने आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा था। जो भी आधार कार्ड न दिखा पाए, उन्हें बिना भोजन किए ही लौटा दिया गया। आयोजकों की ओर से यह कदम तब उठाया गया जब उनकी गणना (गेस्ट्स को लेकर) के बाद भी मेहमानों की संख्या कार्यक्रम में बढ़ती ही जा रही थी। 

शादी जिले के हसनपुर शहर में 21 सितंबर को हुई थी। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें भारी संख्या में गेस्ट्स शादी के कार्यक्रमस्थल से बाहर निकलते नजर आए थे। जो स्थानीय शादी में शरीक हुए उन्होंने हमारे सहयोगी अखबार टीओआई को बताया- भीड़ बहुत अधिक थी और खाना सेकेंड्स में टेबलों से खत्म होने लगा था। आयोजक इस बात से हैरान रह गए। 

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया- पहले मेहमानों को स्नैक्स ऑफर किए गए थे। पर उनकी संख्या बढ़ती ही गई और जब खाने की बारी आई, तब भीड़ बहुत बढ़ चुकी थी। यह संख्या आयोजकों की उम्मीद से काफी अधिक थी। लड़की के परिवार वालों ने लड़के घर वालों से बात की और कहा कि जिनके पास आधार कार्ड होगा, हम सिर्फ उन्हीं को खाना खिलाएंगे। हालांकि, हालात को देखते हुए लड़की वालों की इस बात पर लड़के वाले भी राजी हो गए।

मो.साहिल नाम के व्यक्ति ने बताया कि उस जगह पर एक समय पर दो शादियां थीं। ऐसा लग रहा था कि इस शादी में दूसरी जगह के बाराती भी चले आए। ऐसे में लड़की पक्ष के लोगों का चिंता करना लाजिमी है।   

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!