कल्‍याण सिंह का निधन : उत्‍तर प्रदेश में 3 दिनों का राजकीय शोक, आज सार्वजनिक अवकाश, बंद रहेंगे स्‍कूल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 23, 2021, 12:12 AM IST

उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह के निधन पर प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक और 23 अगस्‍त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है, जब स्‍कूल-कॉलेज और अन्‍य दफ्तर बंद रहेंगे।

कल्‍याण सिंह का निधन : उत्‍तर प्रदेश में 3 दिनों का राजकीय शोक, आज सार्वजनिक अवकाश, बंद रहेंगे स्‍कूल
Photo Credit: BCCL

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता कल्याण सिंह का निधन हो गया। वह 89 साल के थे और बीते कुछ समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा। उत्‍तर प्रदेश में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अगुवाई वाली सरकार ने कल्‍याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है। प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की गई है।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक के साथ ही पार्टी की ओर से भी किसी कार्यक्रम का आयोजन इन तीन दिनों में नहीं आयोजित किया जाएगा। यूपी में 23 अगस्‍त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है, जिस दौरान सभी कार्यालयों, स्‍कूलों में अवकाश रहेगा। इसकी घोषणा उत्‍तर प्रदेश सरकार की ओर से की गई है, जिसके मद्देनजर 23 अगस्‍त (सोमवार) को प्रदेश में सभी स्‍कूल व अन्‍य दफ्तर बंद रहेंगे।

राजस्‍थान में दो दिनों का राजकीय शोक

बीजेपी के वरिष्‍ठ नेता राजस्‍थान के राज्‍यपाल भी रहे। कांग्रेस शासित राजस्‍थान में भी सरकार ने बीजेपी के दिग्‍गज नेता व यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री व राजस्‍थान के राज्‍यपाल रहे कल्‍याण सिंह के निधन पर दो दनि के राजकीय शोक और 23 अगस्‍त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इससे पहले राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत की अध्‍यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के पूर्व राज्यपाल के निधन पर गहरा दुख जताय गया और शोक प्रस्ताव पारित किया गया।

कल्‍याण सिंह का जन्‍म उत्‍तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के मढ़ौली ग्राम में तेजपाल सिंह लोधी और सीता देवी के घर पांच जनवरी 1932 को हुआ था। वह पहली बार 1967 में जनसंघ के टिकट पर अलीगढ़ जिले की अतरौली सीट से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2002 तक 10 बार विधायक बने।

End of Article