प्रियंका गांधी अमेठी के लोगों से हुईं मुखातिब, बताया- यहां से राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता

Congress in UP:कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में खोए जनाधार को पाने की कोशिशों में जुटी है, इसी क्रम में  प्रियंका गांधी वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अमेठी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुईं। 

Priyanka Gandhi
प्रियंका ने कहा-अमेठी से घर और परिवार का पुराना और मजबूत रिश्ता है 
मुख्य बातें
  • प्रियंका बोलीं- अमेठी से घर और परिवार का पुराना और मजबूत रिश्ता है
  • उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण हम सबकी पहली प्राथमिकता
  • प्रत्येक कस्बे एवं गांव को पार्टी से जोड़ने के लिए 'प्रियंका कैलेंडर' तैयार 

अमेठी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने बुधवार को कहा कि अमेठी (Amethi) से राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता है और परिवार के ये रिश्ते कभी कमजोर नहीं हो सकते। प्रियंका गांधी  अमेठी के ज़ामों ब्लॉक की न्याय पंचायत दखिन वारा में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं (Congress Workes) की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, 'अमेठी से घर और परिवार का पुराना और मजबूत रिश्ता है, अमेठी और अमेठी के लोगों से हमारा संबंध जैसे पहले था, वैसे ही आज भी कायम है और आगे भी रहेगा।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि संगठन निर्माण हम सबकी पहली प्राथमिकता है।बैठक के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा ने बैठक के दौरान कृषि कानून की भी चर्चा की और बताया कि यह किसान विरोधी कानून सिर्फ किसानों को नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए खतरनाक है।

सिंघल ने बताया कि प्रियंका गांधी ने कहा कि दो माह से किसान दिल्ली के बार्डर पर बैठे हुए हैं लेकिन सरकार किसानों की ओर ध्यान नहीं दे रही है। प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ आदि कांग्रेस शासित प्रदेशों में किसानों के हित में तमाम काम किये जा रहे हैं।

उन्होंने अमेठी की समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली। प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘कांग्रेस संगठन को न्याय पंचायत के बाद गांव व बूथ स्तर तक मजबूत करके हमें गरीबों, किसानों, छोटे व्यापारियों, असहायों की आवाज सुननी है और उनसे जुड़़ना है और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।’’

तैयार किया गया है प्रियंका कैलेंडर' 

कांग्रेस राज्य के प्रत्येक कस्बे एवं गांव को पार्टी से जोड़ने के लिए 'प्रियंका कैलेंडर' तैयार किया है। पार्टी ने पहले चरण में 10 लाख कैलेंडर पार्टी इकाइयों के पास भेज दिए हैं। इन कैलेंडरों पर पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीर है। लोगों के बीच विश्वास कायम करने पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कैलेंडर सौंपने और उन्हें कांग्रेस से जोड़ने का काम सौंपा है। 

इस कैलेंडर में प्रियंका के चुनावी कार्यक्रमों एवं सभाओं की तस्वीरें 

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के वायनाड कार्यालय ने इस कैलेंडर को पहले ही जारी कर दिया है। 12 पन्नों के इस कैलेंडर में प्रियंका के चुनावी कार्यक्रमों एवं सभाओं की तस्वीरें हैं। इस कैलेंडर में कांग्रेस महासचिव की राजनीतिक गतिविधियों एवं संघर्षों को तस्वीर के रूप में जगह दी गई है। कैलेंडर में प्रियंका की सोनभद्र में आदिवासी महिलाओं के साथ बातचीत, अमेठी में महिलाओं से मुलाकात, उज्जैन में महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना, लखनऊ में गांधी जयंती समारोह, वाराणसी में रविदास जयंती और हाथरस पीड़ित परिवार से मुलाकात की तस्वीरें हैं। 

कैलेंडर पहुंचाने की यह योजना प्रियंका की अगुवाई में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के इरादे से तैयार की गई है। कांग्रेस राज्य में 2022 का विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ना चाहती है और इसके लिए उसने अपनी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। सूत्रों का यह भी कहना है कि विस चुनाव में प्रियंका कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार भी हो सकती हैं। 

'नौकरी अभियान' की लखनऊ में शुरुआत की

इसके पहले कांग्रेस ने गत 12 जनवरी को प्रियंका के जन्मदिन के मौके पर अपने 'नौकरी अभियान' की लखनऊ में शुरुआत की। इस अभियान की अगुवाई युवा कांग्रेस कर रहा है। राज्य में पार्टी को दोबारा खड़ी करने एवं संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी नेताओं को पहले ही दे दी गई है। अपने 'संगठन सृजन' अभियान के तहत कांग्रेस की योजना सभी 8000 न्याय पंचायत वार्डों में अपनी इकाई खड़ी करने की है।  
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर