Prayagraj Bus Accident: प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रही बस प्रयागराज में पलटी, 15-20 घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 23, 2020, 01:15 PM IST

Prayagraj Bus Accident: प्रवासी मजदूरों को लेकर राजस्थान से पश्चिम बंगाल जा रही बस उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पलट गई। इसमें 15-20 मजूदर घायल हो गए हैं।

Prayagraj Bus Accident: प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रही बस प्रयागराज में पलटी, 15-20 घायल
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 22 मई की देर रात नवाबगंज इलाके में करीब 30 प्रवासी मजदूरों को ले जा रही एक बस पलट गई। राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया, '15-20 लोग घायल हुए हैं। बस राजस्थान से पश्चिम बंगाल जा रही थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।' बताया जाता है कि कथित तौर पर बस का एक टायर फट गया, जिसके बाद ड्राइवर ने स्टेयरिंग पर अपना नियंत्रण खो दिया और फिर बस पलट गई। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर बचाव अभियान शुरू किया।

बस पुलिया के पास रेलिंग तोड़कर 15 फुट नीचे पलट गई। नवाबगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने पीटीआई भाषा को बताया कि यह बस जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही थी और बस में करीब 35 प्रवासी श्रमिक सवार थे। शाम करीब 8:40 बजे ड्राइवर को झपकी आ गई जिससे बस रेलिंग तोड़कर सर्विस लेन के आगे 15 फुट गड्ढे में गिर गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में करीब 20-22 लोग घायल हुए हैं जिसमें दो-तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि मामूली रूप से घायल लोगों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस का ड्राइवर भाग गया जिसकी तलाश की जा रही है। इस बस में केवल पुरुष श्रमिक सवार थे।

End of Article