राहुल गांधी के सवालों पर प्रकाश जावड़ेकर का पलटवार, गिनाए सरकार के कदम 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 26, 2020, 02:56 PM IST

Prakash Javadekar gives reply to Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सरकार गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन मुहैया करा रही है।

राहुल गांधी के सवालों पर प्रकाश जावड़ेकर का पलटवार, गिनाए सरकार के कदम 
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : कोविड-19 पर रोक के सरकार के प्रयासों को नाकाफी बताए जाने के कांग्रेस के दावों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को कहा कि संकट की इस घड़ी में देश का सुर एक होना चाहिए लेकिन कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों एवं प्रवासी मजदूरों को मदद पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए हैं। जावड़ेकर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सरकार गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मुफ्त राशन मुहैया करा रही है और महिलाओं के बैंक खातों में 500-500 रुपए डाले गए हैं।

लॉकडाउन जब लगा तो भी विरोध किया 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब लॉकडाउन पर अजीबो-गरीब सवाल कर रही है। जब देश में लॉकडाउन लगा तो भी उसने सवाल किया और जब इसे धीरे-धीरे उठाया जा रहा है तो भी सवाल कर रही है। कांग्रेस की राजनीति ही ऐसी है। यही दोहरापन उसकी राजनीति है। अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, इटली ब्राजील और चीन में कोविड-19 के प्रकोप से जिस पैमाने पर नुकसान पहुंचा उनकी तुलना में भारत में क्षति कम हुई। इसीलिए पूरी दुनिया भारत की प्रशंसा कर रही है कि यहां सही समय पर लॉकडाउन लागू किया गया। जावड़ेकर ने कहा कि जिस बात की प्रशंसा पूरी दुनिया करती है लेकिन कांग्रेस उसका विरोध करती है। 

रेलवे ने 45 लाख प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाया
भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे अभी तक तीन हजार रेलगाड़ियों से 45 लाख प्रवासी मजदूरों सुरक्षित उनके घर पहुंचा चुकी है। यूपी और कर्नाटक में भाजपा शासन में है। यहां की सरकारों ने जरूरतमंद लोगों को कैस का ट्रांसफर किया। केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया कि कांग्रेस का कौन सा राज्य मजदूरों को पैसे का ट्रांसफर कर रहा है। 

जरूरतमंदों की मदद कर रही सरकार
गरीब लोगों को साढ़े सात हजार रुपए प्रति महीने देने की कांग्रेस की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ' खाद्य सुरक्षा कानून के तहत 80 करोड़ लोगों को पांच महीने तक 25 किलो चावल/गेहूं और पांच किलो दाल मुफ्त दी जा रही है। 10 करोड़ प्रवासी मजदूर जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं उन्हें 10 किलो अनाज और दो किलो दाल मुफ्त में दी गई है। 20 करोड़ महिलाओं के खाते में तीन महीने के लिए 500-500 रुपए जमा हो गए हैं।'

सरकार के प्रयासों को गिनें राहुल गांधी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नौ करोड़ किसानों के खातों में 2000 रुपए जमा हुए हैं। आठ करोड़ घरों में जिन्हें गैस सिलेंडर मुफ्त मिले हैं उन परिवारों को दो-दो हजार रुपए मिले हैं। दिव्यांग एवं बुजुर्गों के खाते में एक-एक हजार रुपए दिए गए हैं। 50 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को 10-10 हजार रुपए देने की योजना शुरू भी हो गई है।' कांग्रेस 7500 रुपए देने की मांग कर रही है। राहुल गांधी को सरकार के इन प्रयासों को गिनना चाहिए। 

End of Article