Twin Towers Today News: ट्विन टावर से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। नोएडा के सेक्टर 93 में जिन टावर्स को गिराया गया है उसका मलबा हटाने की कवायद शुरू हो गई है। धमाके के बाद करीब 80 हजार टन मलबा जमा है। इस विशाल मलबे को हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर भेजे हैं। जो काम पर लग गए हैं। वो लोग भी अपने घरों को लौटने लगे हैं जिन्हें धमाके के वक्त एहतियातन शिफ्ट किया गया था। वहीं कुछ खबरें ये भी आ रही हैं कि पास की सोसायटी की दीवार में कुछ दरारें आई हैं। हालांकि अभी वहां प्रशासन ने जाने की अनुमति नहीं दी है।
मलबा हटाने की प्रक्रिया जारी
जिस जगह पर इमारतें गिरी हैं वहां मलबे का ढेर पड़ा हुआ है। करीब 80 हजार टन मलबा यहां से हटाने में करीब तीन महीने का समय लग सकता है। वहीं सुबह से हीं यहां मलबा हटाने के लिए क्रेन, बुलडोजर और जेसीबी मशीनें पहुंच गई हैं। मलबे को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए तमाम इंतजाम किए गए हैं। लोगों को दिक्कत ना हो इसके लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। वहीं आसपास के कुछ इमारतों के बेसमेंट से दुर्गंध आ रही है जो विस्फोटकों के धमाके के कारण बनी है।
घरों में लौटने लगे हैं लोग
100 परिवार रविवार शाम को ही अपने-अपने घरों को लौट गए थे। एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज सोसाइटी के 5,000 से अधिक लोगों को ट्विन टावर विध्वंस से पहले निकाला गया था। रविवार रात तक घर लौटे लोग हस बात से राहत में हैं कि उनके घर सुरक्षित हैं। ब्लूस्टोन निवासी और आरडब्ल्यूए सदस्य आरती कोप्पुला ने कहा कि सुपरटेक सोसायटी के चार टावर में अब तक गैस आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। कोप्पुला ने कहा, ‘उन्हें सूचित किया गया है कि सोमवार तक गैस की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। बाकी सब ठीक है। कोई नुकसान नहीं हुआ है।’

