मोदी सरकार 2.0 के एक साल : बीजेपी ने की खास तैयारी, 10 करोड़ घरों तक ऐसे बनाएंगे पहुंच

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 28, 2020, 06:01 PM IST

Modi Government 2.0:  मोदी सरकार के दूसरे कार्यककाल के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्‍य में बीजेपी ने देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया है। कोरोना संकट को देखते हुए ये कार्यक्रम ऑनलाइन आयोजित किए जा रहे हैं।

मोदी सरकार 2.0 के एक साल : बीजेपी ने की खास तैयारी, 10 करोड़ घरों तक ऐसे बनाएंगे पहुंच
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बनी एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने को है, जिसके लिए बीजेपी ने बड़ी तैयारियां की हैं। कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए पार्टी ने इस मौके पर अलग तरह के आयोजन का फैसला लिया है। इस दौरान पीएम मोदी की ओर से लिखे एक पत्र के जरिये बीजेपी 10 करोड़ घरों तक अपनी पहुंच बनाएगा, जिसमें देश को आत्मनिर्भर बनाने, कोरोना संकट से मुकाबले के लिए उठाए गए कदमों के साथ-साथ सरकार के अन्‍य नीतिगत फैसलों का भी जिक्र होगा।

जेपी नड्डा करेंगे फेसबुक लाइव

बीजेपी के राष्‍ट्रीय सचिव भूपेंद्र यादव के मुताबिक, मोदी सरकार 2.0 के एक साल पूरे होने के आवसर पर बीजेपी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा फेसबुक लाइव के जरिये पार्टी कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे। उन्‍होंने यह भी बताया कि इस दौरान प्रत्‍येक बूथ पर दो कार्यकर्ता  लोगों के बीच पीएम मोदी का पत्र बांटेंगे और इस दौरान सोशल डिस्‍टेंसिंग के नियमों का भी पालन किया जाएगा, ताकि कोरोना वायरस संक्रमण से बचा जा सके।

बताएंगे सरकार की उपलब्धियां

कोरोना महामारी को देखते हुए बीजेपी ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में देशभर में 750 वर्चुअल रैलियां आयोजित करने की तैयारी की है। इसके अतिरिक्‍त राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर बीजेप के करीब 1000 वर्चुअल सम्मेलनों का आयोजन भी किया जाना है, जिसके जरिये सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। 

सोशल मीडिया के जरिये लोगों से जुड़ेंगे

भूपेंद्र यादव के मुताबिक, 'हर जिले में एक वर्जुअल रैली का आयोजन होगा जिसमें आत्‍मनिर्भरता, कोविड-19 और इससे निपटने के तरीकों, सामाजिक जागरुकता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।' मोदी सरकार 2.0 के एक साल पूरे होने पर बीजेपी वाट्सएप, फेसबुक व ट्विटर के जरिये भी लोगों से जुड़ेगी और उन्‍हें सरकार के फैसलों से अवगत कराया जाएगा।

End of Article