आज Ayodhya में भगवान राम के जन्मस्थल पर पूजा अर्चना करेंगे केजरीवाल, सरयू आरती में भी होंगे शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 25, 2021, 07:48 AM IST

Arvind Kejriwal Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का अयोध्या पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आज दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अयोध्या पहुंचकर रामजन्म स्थल पर पूजा करेंगे।

आज Ayodhya में भगवान राम के जन्मस्थल पर पूजा अर्चना करेंगे केजरीवाल, सरयू आरती में भी होंगे शामिल
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज उत्तर प्रदेश के अयोध्या (Kejriwal Ayodhya Visit) जायेंगे। सीएम केजरीवाल यहां भगवान राम के जन्मस्थल पर जा कर पूजा अर्चना करेंगे। इसके अलावा आज शाम को अरविंद केजरीवाल सरयू नदी की आरती में हिस्सा लेंगे। अपने दौरे के अगले दिन यानि 26 अक्टूबर को वो रामलला के दर्शन करेंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल के अयोध्या दौरे को राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

संजय सिंह का आरोप

 अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य एवं विशाल मंदिर का निर्माण हो रहा है। फिलहाल, एक अस्थायी मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा रखी हुई है। केजरीवाल के अयोध्या दौरे से पहले आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने यूपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सीएम केजरीवाल की यात्रा को रोकने के लिए तमाम हथकंडे अपना रही है। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल यदि दर्शन करना चाहते हैं, तो इसमें भाजपा नेताओं को तकलीफ क्यो हो रही है। 

यूपी की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है आप

कहा जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान केजरीवाल साधु- संतों से भी मुलाकात कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है। आम आदमी पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में पार्टी सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पार्टी ने ये भी साफ किया है कि, वो चुनाव में किसी तरह का गठबंधन भी नहीं करेगी।

यूपी के अलावा आम आदमी पार्टी ने गोवा, उत्तराखंड और गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. यही नहीं, आप ने बड़ा दांव चलते हुए कहा है कि, यूपी में सरकार बनने पर मुफ्त बिजली दी जाएगी।

End of Article