नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है। लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। हालांकि आज बारिश की संभावना है। आज गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में पिछले 12 दिनों से बारिश नहीं हुई है।
इससे पहले दिल्ली में अधिकतर हिस्सों में रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सितंबर में दिल्ली में अभी तक 79 प्रतिशत कम बारिश हुई है। दिल्ली में अगस्त में 237 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो पिछले सात साल में उस महीने में हुई सर्वाधिक बारिश थी। राष्ट्रीय राजधानी में एक जून को मानसून की शुरुआत से अभी तक सामान्य 624.3 मिमी की तुलना में 576.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
वहीं फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां भी बादल छाए रह सकते हैं।
कर्नाटक में भारी बारिश
कर्नाटक में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण राज्य की अधिकतर नदियां उफान पर हैं जबकि सबसे बुरी तरह प्रभावित उडुपी जिले में स्थिति गंभीर बनी हुई है जहां सोमवार को बारिश में थोड़ी राहत के बावजूद बाढ़ के पानी में कोई कमी नहीं आई है। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) के अनुसार, शुक्रवार से ही हो रही भारी बारिश के कारण लगभग सभी बांध पूरी तरह से भर गए हैं, जिसकी वजह से उनके जलद्वार खोल दिए गए हैं।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.