President Election: मतदान के बाद विमान में सवार होकर दिल्ली को रवाना हुए ‘मिस्टर बैलेट बॉक्स’, जानिए पूरा मामला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 18, 2022, 11:57 PM IST

राष्ट्रपति चुनाव के दौरान विमान एक खास यात्री की खूब चर्चा रही जिसका नाम है 'मिस्टर बैलेट बॉक्स'। इसके नाम से टिकट बुक कराकर इन्हें प्लेन से रवाना किया जा रहा है।

President Election: मतदान के बाद विमान में सवार होकर दिल्ली को रवाना हुए ‘मिस्टर बैलेट बॉक्स’, जानिए पूरा मामला

President Election: सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हुआ जिसमें एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के यशवंत सिन्हा से हुआ। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डाला। शाम पांच बजे मतदान की प्रक्रिया खत्म हुई। मतदान के बाद, चुनाव आयोग ने कहा कि कुल मतदाताओं में से 99 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया। मतदान के बाद कुछ फ्लाइट्स की सीटों पर 'श्रीमान बैलेट बॉक्स' बैठे हुए नजर आए और इनकी तस्वीरें भी वायरल होने लगी। सभी राज्यों से 'मिस्टर बैलेट बॉक्स' अब फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।

चुनाव आयोग का ट्वीट

मतदान खत्म होने के बाद चुनाव आयोग ने एक ट्वीट में कहा, 'राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए मतदान आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद, श्री बैलेट बॉक्स संबंधित एआरओ के साथ दिल्ली के लिए फ्लाइट में सवार हुए! सीलबंद मतपेटी के साथ असम, गुजरात और कर्नाटक की तस्वीरें। वोटों की गिनती 21 जुलाई, 2022 को होनी है।'

क्यों खास हैं बैलेट बॉक्स

दरअसल राष्ट्रपति का चुनाव देश का अहम चुनाव होता है, वो बात अलग है कि इसमें जनता नहीं बल्कि उसके चुने हुए प्रतिनिधि मतदान करते हैं। इसी वजह से इसकी मतपेटियां भी खास होती हैं जिसमें बैलेट डाला जाता है। चुनाव शुरू होने से खत्म होने तक बैलेट बॉक्स के लिए खास इंतजाम रहे और इनको लाने तथा पहुंचाने के लिए बकायदा विमान सेवाएं ली गई और हर बैलेट बॉक्स के लिए एक सीट 'मिस्टर बैलेट बॉक्स' के नाम से निर्धारित थी। जिसके बगल में एक अधिकारी बैठा होता है। 

दिल्ली पहुंचनी शुरू हुईं मतपेटियां

अधिकारियों ने कहा कि सोमवार के राष्ट्रपति चुनाव के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मतपेटियां आज रात से राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचना शुरू हो जाएंगी और उनमें से अधिकांश मंगलवार दोपहर तक संसद भवन में होंगी। दिल्ली विधानसभा के साथ-साथ कम से कम चार पड़ोसी राज्यों के मतपेटियां आज रात ही संसद भवन के स्ट्रांग रूम में पहुंच जाएंगी। चुनाव आयोग के एक पदाधिकारी ने कहा कि जिन राज्यों की राजधानियों से दिल्ली के लिए सुबह की सीधी उड़ानें हैं, वे मतपेटियां मंगलवार दोपहर तक यहां पहुंच जाएंगी।

End of Article