राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग हुई तेज, अब तक 7 राज्यों ने प्रस्ताव किया पास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 19, 2022, 06:54 PM IST

Rahul Gandhi: अब तक कुल सात राज्य इकाइयों ने इसी तरह का प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग की है। साल 2017 में जब राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था, तब राज्य इकाइयों ने इसी तरह का प्रस्ताव पारित किया था।

राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग हुई तेज, अब तक 7 राज्यों ने प्रस्ताव किया पास
Photo Credit: ANI

Rahul Gandhi: कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की वापसी की आवाज जोर-शोर से बढ़ रही है। इस बीच कई राज्य इकाइयां पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के पक्ष में प्रस्ताव पारित कर रही हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी पहली राज्य इकाई थी, जिसने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में लौटने का समर्थन किया था। इसके बाद शनिवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी प्रस्ताव पारित किया था। 

राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग हुई तेज

अब तक कुल सात राज्य इकाइयों ने इसी तरह का प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की मांग की है। साल 2017 में जब राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था, तब राज्य इकाइयों ने इसी तरह का प्रस्ताव पारित किया था।

शनिवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 310 प्रतिनिधियों की बैठक में राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी तरह की मांग गुजरात में भी पार्टी की राज्य इकाई ने की थी। तमिलनाडु और बिहार कांग्रेस में भी इसी तरह का प्रस्ताव पारित किया गया। 

अब तक कुल 7 राज्यों ने प्रस्ताव किया पास

सोमवार शाम को महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस इकाइयों ने भी राहुल गांधी की वापसी की मांग कर प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें