Monsoon in Kerala: मानसून के अगले 48 घंटों में केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट में ये जानकारी दी गई है। हालांकि लक्षद्वीप में मिनिकॉय तट पर मानसून फिलहाल कमजोर है, लेकिन मौसम विभाग ने बताया कि अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विज्ञानियों ने केरल में मध्यम मॉनसून की शुरुआत और इसके प्रभाव में दक्षिणी प्रायद्वीप से आगे इसके धीमे होने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, चक्रवात बिपारजॉय तेजी से मजबूत चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है।
इन जिलों में येलो अलर्ट घोषित
तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस वर्ष अरब सागर में बनने वाला पहला तूफान चक्रवात बिपारजॉय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक अपडेट में कहा कि पूर्व-मध्य और आस-पास के दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय पिछले छह घंटों के दौरान 2 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग उत्तर की ओर चला गया और एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
और मजबूत होगा तूफान बिपरजॉय
बिपरजॉय गोवा से लगभग 890 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में, मुंबई से 1000 किमी दक्षिण-पश्चिम में, पोरबंदर से 1,070 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में और कराची से 1,370 किमी दक्षिण में मौजूद है। मौसम कार्यालय के अनुसार, इसके उत्तर की ओर बढ़ने और एक बहुत मजबूत चक्रवाती तूफान में मजबूत होने की संभावना है। अगले तीन दिनों में यह फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
कर्नाटक में अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान बिपारजॉय गंभी चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है और तट के करीब पहुंच रहा है। गुरुवार को कर्नाटक तट और बेंगलुरु में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने अपने बुधवार के बुलेटिन में कहा कि जहां चक्रवात के मद्देनजर तेज हवाएं चलेंगी, वहीं केरल, कर्नाटक और गोवा के कोंकण तट पर 12 जून तक तूफानी मौसम रहेगा। इस बीच कर्नाटक सरकार और जिला प्रशासन ने अगले पांच दिनों के लिए तूफान का सामना करने के उपाय तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है।
