Operation Sindoor: थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने सैनिकों की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा करने के लिए जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया। भारतीय सेना के अतिरिक्त सार्वजनिक सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज जम्मू कश्मीर के सुंदरबनी सेक्टर के अग्रिम इलाकों और चौकियों का दौरा कर सैनिकों की अभियानगत तैयारियों का जायजा लिया। पोस्ट में कहा गया कि इस दौरान सेना प्रमुख को ‘फॉर्मेशन कमांडर’ ने मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य और नियंत्रण रेखा की स्थिति के बारे में जानकारी दी।

Indian Army
थल सेनाध्यक्ष ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की सहायक कमांडेंट नेहा भंडारी को जम्मू सीमा पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान असाधारण साहस और अभियान की दक्षता के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी चौकी के बिल्कुल नजदीक स्थित सीमा चौकी की कमान संभालते वाली सहायक कमांडेंट ने जवानों का नेतृत्व करते हुए ‘जीरो लाइन’ के पार शत्रु की तीन अग्रिम चौकियों को मुंहतोड़ जवाब देकर खामोश कर दिया था।
सेना प्रमुख ने परागवाल सेक्टर में परिचालन तैयारियों की समीक्षा की
इसके अलावा जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के परागवाल सेक्टर में परिचालन तैयारियों की समीक्षा की और टाइगर डिवीजन का दौरा किया, जहां उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सैनिकों की सराहना की। उन्होंने सुरक्षा गतिशीलता के विकास के लिए चुस्त और सतर्क रहने के महत्व पर जोर दिया। सेना प्रमुख ने भारतीय सेना के साथ बीएसएफ के घनिष्ठ परिचालन एकीकरण की भी प्रशंसा की। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों का समर्थन करने में पूर्व सैनिकों के बहुमूल्य योगदान को भी स्वीकार किया।
